दीपावली व छठ पूजा को लेकर रेलवे का बड़ा फैसला, कानपुर सेंट्रल व गोविंदपुरी के रास्ते 10 और विशेष ट्रेनें
Deepawali And Chhath Puja Special Trains रेलवे ने दुर्गा पूजा दीपावली और छठ पूजा के लिए दिल्ली-मुंबई रूट पर 10 विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। ये ट्रेनें सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन से गुजरेंगी। यात्री इन ट्रेनों में टिकटों की बुकिंग करा सकते हैं। प्रयागराज और सूबेदारगंज से दिल्ली के लिए विशेष ट्रेनें चलेंगी।

जागरण संवाददाता, कानपुर। नवरात्र, दुर्गा पूजा, दीपावली व छठ पूजा को लेकर रेलवे ने सेंट्रल व गोविंदपुरी स्टेशन के रास्ते के 10 और विशेष ट्रेनों के परिचालन को हरी झंडी दिखाई है। दिल्ली व मुंबई रूट के यात्रियों को इन ट्रेनों का लाभ मिलेगा। यात्री बुधवार से ट्रेनों में कन्फर्म टिकट बुक करा सकते हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रयागराज से सप्ताह में दो दिन प्रत्येक शुक्रवार व शनिवार को 20 सितंबर से 29 नवंबर व दिल्ली से प्रत्येक शनिवार व रविवार को 21 सितंबर से 30 नवंबर तक विशेष ट्रेन चलेगी। प्रयागराज से रात 9:35 बजे चलकर 12:15 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। पांच मिनट ठहराव के बाद उसी रात 8:55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी तरह दिल्ली से सुबह 9:30 बजे चलकर विभिन्न स्टेशन होते हुए दोपहर चार बजे गोविंदपुरी आएगी। पांच मिनट बाद रवाना होकर उसी दिन शाम 7:40 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
इसी तरह सूबेदारगंज से 25 सितंबर से 27 नवंबर तक हर गुरुवार ट्रेन चलेगी। सूबेदारगंज से रात 9:40 बजे चलकर 12:15 बजे गोविंदपुरी आएगी। पांच मिनट रुक कर 12:20 बजे चलेगी। सुबह 8:55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली से 26 सितंबर से 28 नवंबर तक हर शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे चलेगी। शाम चार बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। पांच मिनट बाद प्रस्थान कर शाम 7:35 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी।
इसी तरह उधना-बलिया-उधना साप्ताहिक, गांधी धाम-सियालदह-गांधी धाम सुपरफास्ट साप्ताहिक ट्रेन का परिचालन भी होगा, जो गोविंदपुरी से होकर गुजरेगी। वहीं, बांद्रा टर्मिनल से 22 व 29 सितंबर और छह अक्टूबर को हर सोमवार विशेष ट्रेन चलेगी। बांद्रा से रात 9:20 बजे रवाना होगी और बुधवार को दोपहर 3:10 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचेगी। पांच मिनट बाद 3:20 बजे रवाना होकर उसी दिन शाम 7:15 बजे बरौनी पहुंचेगी।
वापसी में बरौनी से 25 सितंबर, दो व नौ अक्टूबर को हर गुरुवार चलेगी। बरौनी से दोपहर 12:15 बजे रवाना होगी। शुक्रवार को दोपहर 2:20 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन आएगी। पांच मिनट बाद रवाना होकर शनिवार को शाम 6:30 बजे बरौनी पहुंचाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।