कश्मीर में हनीमून पर पत्नी के सामने पति ने उगला ऐसा राज, एक महीने भी नहीं चली 50 लाख खर्च कर हुई शादी
ग्रेटर नोएडा की एक बीटेक युवती की शादी के कुछ दिन बाद ही हनीमून पर विवाद हो गया। पति ने बताया कि वह किसी और से प्यार करता है। युवती ने दहेज उत्पीड़न और अप्राकृतिक संबंध बनाने के प्रयास का आरोप लगाते हुए महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। ससुराल वालों पर दहेज की मांग और दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप है।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। ग्रेटर नोएडा निवासी बीटेक युवती की शादी एक महीने भी नहीं चल पाई। शादी के 10 दिन बाद कश्मीर में हनीमून के दौरान शुरू हुआ विवाद रिश्ते को तार-तार कर गया।
युवती को उसके पति ने बताया कि वह किसी अन्य लड़की से प्रेम करता है। उसने शादी स्वजन के दबाव में की थी। इसके बाद दोनो में कश्मीर में ही विवाद हो गया। एक महीने से भी कम समय में युवती अपने घर आ गई।
कई माह की कोशिश के बाद भी जब दोनों परिवार सहमत नहीं हुए युवती ने पति पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए महिला थाने में केस दर्ज कराया है।
बीटेक करने के बाद ग्रेटर नोएडा निवासी युवती की शादी कविनगर थानाक्षेत्र निवासी बीटेक युवक से बीते वर्ष नवंबर में शहर के एक प्रतिष्ठित बैंक्वट हाल में हुई। दोनों अलग-अलग कंपनी में काम करते हैं।
युवती के पिता ने शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के 10 दिन बाद दंपती हनीमून के लिए कश्मीर रवाना हुआ।
वहां पति ने उसे बताया कि वह किसी अन्य लड़की से प्यार करता है और उससे शादी करना चाहता था, लेकिन स्वजन के दबाव में उसने शादी की है।
युवती का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। पति ने अप्राकृतिक संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
हनीमून से लौटने के बाद हालात और बिगड़ गए। युवती का आरोप है कि ससुराल में उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। ससुराल पक्ष ने 21 लाख रुपये नकद और एक स्काॅर्पियो गाड़ी की मांग की।
मांग पूरी न होने पर उसे अपमानित किया गया और घर से निकाल दिया गया। नवंबर के आखिरी दिनों में युवती जब ससुराल में अकेली थी तभी ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
किसी तरह उसने खुद को आरोपित के चंगुल से छुड़ाया। इस घटना ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया। डर और अपमान के चलते उसने तुरंत ससुराल छोड़ दिया और अपने मायके लौट गई।
स्वजन ने बातचीत का प्रयास किया, लेकिन ससुरालियों ने बात आगे नहीं बढ़ाई। इसके बाद युवती खुद अपनी ससुराल गई तो उसे घर में घुसने नहीं दिया गया।
दिसंबर के प्रथम सप्ताह से ही युवती अपने मायके आकर रह रही है। उसके बाद कई बार सुलह का प्रयास हुआ लेकिन सफल नहीं हो सका।
परेशान होकर पीड़िता ने महिला थाने में पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।