Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गाजियाबाद और नोएडा के 15 लाख लोगों को नहीं मिलेगा पानी... गंगनहर की सफाई के चलते गंगाजल के दोनों प्लांट ठप

    Updated: Fri, 08 Aug 2025 05:37 PM (IST)

    गंगनहर में जल स्तर गिरने से सिद्धार्थ विहार और प्रताप विहार के गंगाजल प्लांट ठप हो गए हैं। इससे ट्रांस हिंडन सिद्धार्थ विहार और नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति बाधित हुई जिससे रक्षाबंधन पर करीब 15 लाख लोगों को पानी नहीं मिला। कई इलाकों में भूजल की आपूर्ति भी कम हुई। लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

    Hero Image
    सिद्धार्थ विहार और प्रताप विहार में गंगाजल के प्लांट ठप।

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। गंगनहर की सफाई के चलते जलस्तर गिरने से शुक्रवार को सिद्धार्थ विहार व प्रताप विहार के गंगाजल प्लांट पूरी तरह से ठप हो गए हैं। इससे आधे से अधिक ट्रांस हिंडन, सिद्धार्थ विहार व नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति ठप हो गई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रक्षाबंधन के त्योहार के चलते करीब 15 लाख लोगों को गंगाजल नहीं मिल सका। वहीं, भूजल भी कुछ इलाकों के लोगों को बहुत कम मिल सका। कई काॅलोनियों में एक बूंद भी पानी नहीं पहुंचा।

    गंगनहर की सफाई होने के चलते बृहस्पतिवार को सिद्धार्थ विहार का गंगाजल प्लांट ठप हो गया था। वसुंधरा, वैशाली, सूर्यनगर, चंद्र नगर, बृज विहार, इंदिरापुरम व कौशांबी के ज्यादातर इलाकों में गंगाजल नहीं मिल सका।

    जलकल विभाग द्वारा कुछ क्षेत्रों में ही सुबह में महज 15 से 20 मिनट ही भूजल की आपूर्ति की गई। वहीं, विभिन्न इलाकों में भूजल भी नहीं पहुंचा। इससे इन इलाकों में अधिक परेशानी रही। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

    लोगों का कहना है कि बिन पानी के रक्षाबंधन का त्योहार खराब हो गया। पीने तक के लिए पानी खरीदकर गुजारा करना पड़ रहा है। जल निगम व जलकल विभाग के अधिकारियों को काॅल कर शिकायत करते हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं होता है। पानी के टैंकर तक नहीं भेजे जा रहे हैं।

    नीति खंड-तीन तक भू-जल भी नहीं पहुंचा

    इंदिरापुरम के नीति खंड-तीन में पानी का संकट गहरा गया है। यहां शुक्रवार को एक बूंद भी पानी नहीं पहुंचा। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष परविंदर यादव ने बताया कि गंगाजल की आपूर्ति रुकने पर यह संकट और गहरा हो जाता है।

    अगर किसी कारणवश गंगाजल की सप्लाई एक दिन भी बंद होती है, तो पीने के पानी का संकट अगले दो दिनों तक बना रहता है। इस दौरान नगर निगम को ओवरहेड टैंक से ग्राउंड वाटर की सप्लाई करनी होती है, लेकिन वह भी नहीं मिल सका।

    इन इलाकों में भी रही पानी की किल्लत

    राजेंद्र नगर सेक्टर पांच के राधे श्याम पार्क में गंदे पानी की आपूर्ति हुई। स्थानीय निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि पानी में मिट्टी मिलकर आ रही है। इस पानी को पीना तो दूर की बात है इससे जरूरी कार्य तक नहीं कर सकते हैं। भोपुरा व शालीमार गार्डन में भी पानी की किल्लत रही।

    गंगनहर की सफाई के चलते गंगाजल प्लांटों तक नहीं पहुंच रहा है। इससे दोनों प्लांट ठप हो गए है। अभी कब तक पानी मिल सकेगा, यह कहना संभव नहीं है।

    -ब्रह्मानंद, अधिशासी अभियंता, जलकल विभाग

    यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के इस इलाके में आए दिन ट्रैफिक जाम, मेट्रो और नमो भारत स्टेशन से भी बढ़ा दबाव