Ghaziabad Crime: भाई का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगा 2 करोड़ के शेयर हड़पने का प्रयास, पीड़ित ने दर्ज कराई FIR
गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र में भाई का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र लगाकर 2 करोड़ रुपये के शेयर हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया। पीड़िता ने भाई और भतीजे के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। कविनगर थाना क्षेत्र के राजनगर के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपने भाई व भतीजे पर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र एक कंपनी में जमा कर दो कराेड़ कीमत के शेयर हड़पने के प्रयास का आरोप लगाया है। उन्होंने दोनों को नामजद करते हुए कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कंपनी से पत्र आने पर पता चला फर्जीवाड़ा
पीड़ित का कहना है कि कंपनी से उनके पास पत्र आने के बाद उन्हें इस फर्जीवाड़े का पता चला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। राजनगर सेक्टर 14 के रहने वाले पीड़ित अनूप सिंह कहना है कि उनके पिता सम्पत दयाल सिंह व मां राजकुमारी ने कई कंपनियों के शेयर खरीदे थे। वर्ष 1998 में उनके पिता व 2001 में मां का निधन हो गया था।
आरोप है कि उनके छोटे भाई अशोक ने शेयर के सर्टिफिकेट अपने कब्जे में कर लिए। इसके बाद अशाेेक ने उनकी भी मौत दिखाकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र शेयर कंपनियों में लगा दिया और करीब दो करोड़ कीमत के 2400 शेयरों को अपने नाम ट्रांसफर कराने का प्रयास किया। सत्यापन के लिए उनके पास कंपनी से पत्र आया तो उसमें अपना ही मृत्यु प्रमाण पत्र देखकर वह चौंक गए।
सरकारी विभागों की भूमिका पर सवाल
उन्होंने नगर निगम से इसकी जांच कराई तो पता चला कि वहां से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है। इसके बाद उन्होंने कविनगर पुलिस से शिकायत की। उन्होंने सरकारी विभागों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।