एटा में डीजे फ्लोर पर बराती-घरातियों में मारपीट, थाने में कटी दूल्हे की रात, दुल्हन ने किया शादी से इनकार
Etah News डीजे पर डांस को लेकर मारपीट हुई तो दुल्हन गुस्से में आ गई। दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया और और बरात बिना दुल्हन के लौट गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन किसी ने शिकायत नहीं की। आपस में सामान लौटाने का समझौता हो गया।

एटा, जागरण संवाददाता। एटा शहर में आई बरात के दौरान डीजे पर डांस को लेकर घरातियों और बरातियों में जमकर मारपीट हुई। लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। बरातियों ने दुल्हन के पिता व रिश्तेदार महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उधर जब यह स्थिति दुल्हन ने देखी तो वह भड़क उठीं और शादी करने से इन्कार कर दिया। अंत: शादी टूट गई। हालांकि कई घंटे तक चली पंचायत के बाद दहेज का सामान वर पक्ष ने लौटा दिया।
एक तरफ चल रही थी दावत तो दूसरी तरफ डीजे
कुरावली से दूल्हा सन्नू की बरात किदवई नगर आई थी। एक तरफ दावत चल रही थी तो दूसरी तरफ घराती और बराती डीजे पर डांस कर रहे थे। तभी दूल्हा पक्ष के रिश्तेदार युवकों और घरातियों के बीच तकरार हो गई। डांस करने वाले लड़के शराब के नशे में थे। विवाद के दौरान बात अधिक बढ़ गई और मारपीट होने लगी। यह देखते ही विवाह समारोह में मौजूद लोग सकते में आ गए। एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी गईं। यही नहीं इस दौरान जमकर तोड़फोड़ की गई। इतने में दूल्हा ने बरातियों का पक्ष लेना शुरू कर दिया।
दुल्हन के रिश्तेदारों, महिलाओं को पीटा
इसी दौरान जब दुल्हन ने यह देखा कि उसके रिश्तेदारों, महिलाओं, बच्चों और अन्य स्वजन को बरातियों द्वारा पीटा गया है तो वह भड़क उठी और उसने शादी करने से मना कर दिया। विवाद के दौरान दूल्हा ने भागने की भी कोशिश की। इतने में किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दूल्हा व उसके भाई योगेंद्र व कुछ अन्य रिश्तेदारों को पकड़ लिया। सभी को रात में ही उन्हें कोतवाली ले जाया गया।
कोतवाली में कटी दूल्हे की रात
दूल्हा की रात मंडप के नीचे नहीं, बल्कि कोतवाली में कटी। उधर पुलिस ने दोनों पक्षों से बातचीत की और सुलह कराने का प्रयास किया। मगर न तो दूल्हा शादी के पक्ष में था और न ही दूल्हन पक्ष। दुल्हन की मौसी आरती ने बताया कि कई घंटे तक पंचायत होती रही। अंतत: दहेज का सामान वर पक्ष ने वापस कर दिया।
दोनों पक्षों में हुआ समझौता
कोतवाली में दोनों पक्षों के बीच लिखित में समझौता हुआ है। दोनों पक्षों ने लिखकर दे दिया कि वे शादी नहीं करेंगे। साथ ही कोई कार्रवाई नहीं करना चाहते। पटियाली गेट चौकी इंचार्ज रीतेश ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है। बिना शादी किए बरात वापस लौट गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।