गंगोत्री हिमालय में मेरू पर सीजन की पहली सफल चढ़ाई, 2019 में असफल रहा था तीन विदेशी पर्वतारोहियों का यह दल
उत्तरकाशी गंगोत्री हिमालय की प्रसिद्ध चोटी में शामिल मेरू चोटी (6450 मीटर) का तीन विदेशी पर्वतारोहियों ने सफल आरोहण किया है। गंगोत्री हिमालय में इस सी ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: गंगोत्री हिमालय की प्रसिद्ध चोटी में शामिल मेरू चोटी (6450 मीटर) का तीन विदेशी पर्वतारोहियों ने सफल आरोहण किया है। गंगोत्री हिमालय में इस सीजन का यह सफल आरोहण है। यह पर्वतारोही दल 22 अप्रैल को गंगोत्री से आरोहण के लिए गया था। इस दल के साहसी पर्वतारोहियों ने यह सफल आरोहण मौसम अनुकूल न होने के बाद भी किया है। सफल आरोहण करने वाले पर्वतारोही आज तपोवन से गंगोत्री पहुंचेंगे।
गंगोत्री के कपाट खुलने के अवसर पर 22 अप्रैल को यह दल भोजवासा के लिए रवाना हुआ। जिसके बाद मौसम कई दिनों तक अनुकूल नहीं रहा। इस दल को बेस कैप भोजवासा में मौसम के अनुकूल होने का इंतजार करना पड़ा। मई के प्रथम सप्ताह दल ने आरोहण अभियान शुरू किया।
दल में शामिल पर्वतारोही स्विट्जरलैंड के रोजर शेली, फ्रांस से मथीयू बर्नार्ड मयानेयर और इटली से साइमन गीतल ने 13 मई को मेरू चोटी का सफल आरोहण किया। जिसके बाद यह दल वापस तपोवन लौटा। आज बुधवार को यह दल गंगोत्री लौटेगा। इस दल के पर्वतारोहियों ने वर्ष 2019 में भी मेरू चोटी का आरोहण अभियान किया था। परंतु सफल नहीं हो पाए।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।