शादी में पनीर की जगह मिली दाल तो गुस्साया घराती, मंडप पर चढ़ा दी बस; कई घायल
चंदौली के हमीदपुर गांव में एक शादी समारोह में नशे में धुत एक युवक ने पनीर न मिलने पर टूरिस्ट बस मंडप में घुसा दी जिससे छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद तनाव फैल गया लेकिन बाद में स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रविवार की सुबह शादी संपन्न हुई।
संवाद सूत्र, जागरण. नियामताबाद (चंदौली)। UP Crime: हमीदपुर गांव में शनिवार की देर रात शादी समारोह में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के नशे में धुत युवक ने टूरिस्ट बस मंडप में घुसा दी। हादसे में करीब छह लोग घायल हो गए और शादी समारोह को बीच में ही रोकना पड़ा।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। लेकिन, रविवार सुबह स्थिति को नियंत्रित कर शादी संपन्न कराई गई। वहीं घराती पक्ष की तहरीर पर पुलिस आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित चार धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है।
बर्तन से निकाल कर फेंकने लगा दाल
हमीदपुर गांव निवासी राजनाथ यादव की पुत्री की शादी में वाराणसी जिले के मडुवाडीह थाना पहाड़ी गांव से बरात आई थी। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब दस बजे हमीदपुर गांव का ही धर्मेंद्र यादव उर्फ बम्मू खाना खाने के लिए स्टाल पर गया। उसे घराती पक्ष की ओर से आमंत्रित किया गया था। स्टाल पर उसने खाना परोस रहे लोगों से पनीर की मांग की।
यह भी पढ़ें- Nainital आने वाले पर्यटकों से वसूला जाएगा एक और टैक्स, जेब पर बढ़ेगा ज्यादा भार
जब उसे पनीर नहीं मिली तो वह दाल परोस रहे व्यक्ति से करछुल लेकर दाल को बर्तन से निकाल कर फेंकने लगा। जब लोगों ने उसे रोका तो वह पूरे बर्तन को ही उठाकर दाल गिरा दिया। इससे आक्रोशित घराती पक्ष के लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद धर्मेंद्र वहां से भाग गया।
चंदौली: हमीदपुर गांव में घटना के बाद बैठे लोग। जागरण
करीब बीस मिनट के बाद वह टूरिस्ट बस लेकर आया, जिसका वह चालक बताया गया। इस बस से बराती नहीं आए थे। वह इस बस को लेकर राजनाथ के दरवाजे पर मंडप तक पहुंच गया। जहां पहले वह खाने के लिए लगे पंडाल में बस घुसा दिया। जहां कई लाइटें और अन्य सजावटी समान टूट गए। इसके बाद वह बस को बहुत ही तेज गति से पीछे की ओर लेकर आया।
बस राजनाथ के मकान के पिछले हिस्से में बने करकटनुमा घर से टकरा गई। इससे दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही करकट, एंगल आदि गिर गए। इससे लोग एक दूसरे के ऊपर गिरते पड़ते इधर उधर भागने लगे। वही करकट की चपेट में दूल्हे के पिता विनोद यादव, कन्या पक्ष के जोगी यादव, बल्लू यादव, दूधनाथ यादव, बाबूलाल पटेल और रवि यादव घायल हो गए।
सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर सभी को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद आरोपित मय वाहन मौके से फरार हो गया। वही बराती पक्ष शादी करने से इन्कार कर दिया। घटना की जानकारी मुगलसराय कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत कराया। तब जाकर रविवार की सुबह शादी संपन्न हुई।
सीओ राजीव सिसोदिया ने बताया कि आरोपित टूरिस्ट बस चालक है। लड़की के पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।