Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    CBI की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी, अब रेल अफसरों-कर्मियों के निकाले सर्विस रिकॉर्ड; बैंक खातों की भी जांच

    Updated: Sun, 09 Mar 2025 08:24 AM (IST)

    सीबीआई ने भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों के बैंक खातों की जांच शुरू कर दी है। जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) सुशांत पराशर ने छह महीने से अपने वेतन खाते से एक पैसा भी नहीं निकाला था। सीबीआई की टीम ने भ्रष्टाचार से जुड़े कई दस्तावेज भी एकत्र किए हैं।

    Hero Image
    प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

    जागरण संवाददाता, चंदौली। भ्रष्टाचार के मामले में लोको पायलट, अधिकारियों-कर्मचारियों की गिरफ्तारी के बाद सीबीआइ आरोपितों के बैंक खाते खंगाल रही है। सीबीआइ की टीम ने शनिवार को रेल मंडल के अधिकारियों व कर्मचारियों के बैंक खातों की जांच की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आठ सदस्यीय टीम पीडीडीयू नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंची और वेतन के खातों का स्टेटमेंट निकाला। जांच में यह बात प्रकाश में आई कि गिरफ्तार वरीय मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) सुशांत पराशर ने छह माह से अपने वेतन के खाते से एक पैसा भी नहीं निकाला था।

    टीम ने भ्रष्टाचार से जुड़े कई दस्तावेज एकत्र किए

    सर्विस रिकॉर्ड की जांच टीम ने पता लगाया कि किसकी नियुक्ति भर्ती बोर्ड से हुई और किसकी मृतक आश्रित के कोटे से। टीम ने भ्रष्टाचार से जुड़े मामले की जांच में कई दस्तावेज भी एकत्र किए। रेल मंडल के कई अधिकारियों व कर्मियों के भी सीबीआइ जांच के घेरे में आने की संभावना बलवती हुई है।

    उधर, सीबीआइ की कार्रवाई के बाद रेल मंडल से बड़े पैमाने पर अफसरों व कर्मियों के ट्रांसफर व पोस्टिंग को लेकर हलचल रही। रेल मंडल में नए अधिकारियों के कार्यभार ग्रहण करने को लेकर भी कयास लगाए जाते रहे।

    भ्रष्ट अफसरों व कर्मियों की तैयार हो रही सूची

    सीबीआइ की टीम पीडीडीयू रेल मंडल के भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची तैयार कर रही है। इनकी संपत्तियों की भी जांच होगी। विभिन्न बैंकों में उनके खाते व बैलेंस खंगाले जाएंगे। सीडीआर व बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से निकटतम लोगों की सूची बनाई जा रही है।

    यह है मामला

    सीबीआइ की टीम ने बीते मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) रेल मंडल के चीफ लोको पायलट इंस्पेक्टर की परीक्षा से ठीक पहले दो शाखा प्रमुखों, 19 लोको पायलटों, चार कर्मियों और एक सेवानिवृत्त कर्मी को गिरफ्तार किया था। परीक्षा पास कराने के लिए लोको पायलटों पर रिश्वत देने का आरोप है।

    गिरफ्तार अधिकारियों व कर्मचारियों के घर और कार्यालय से 1.17 करोड़ रुपये नकद बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपितों में वरीय मंडल विद्युत अभियंता परिचालन सुशांत पराशर पर परीक्षा के प्रश्न पत्र तैयार करने और वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी सुरजीत कुमार पर परीक्षा संचालन की जिम्मेदारी थी।

    इसे भी पढ़ें: लोको पायलट इंस्पेक्टर परीक्षा में धांधली पर CBI की बड़ी कार्रवाई, दो अधिकारी समेत 26 लोगों को ले गई अपने साथ

    इसे भी पढ़ें: CBI की टीम ने फिर मारा पीयूडी रेल मंडल कार्यालय पर छापा, एक सप्ताह तक चलेगी जांच-पड़ताल