Bareilly: शक में पत्नी की गोली मारकर हत्या, बाल-बाल बचा पड़ोसी युवक, बहन के घर से गिरफ्तार हुआ पति
Bareilly महिला के सीने व पेट पर मारी दो गोली फल विक्रेता के दायीं ओर कंधे पर लगी गोली। फतेहगंज पश्चिमी के लोधीनगर गांव की घटना बहन के घर से आरोपित गिरफ्तार। बहन के घर से आरोपित गिरफ्तार।

संसू, फतेहगंज पश्चिमी। अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी को गोली मार दी। पहली गोली पत्नी के पेट पर लगी, बचने के लिए वह चिल्लाते हुए घर के बाहर भागी तो सामने रोककर उसके सीने पर गोली दाग दी। वह यहीं नहीं रुका, फिर पड़ोसी देवीदास उर्फ मुन्ना को मारने घर से पांच सौ मीटर दूर चौराहे पर पहुंचा। गाड़ी से उतरते ही उसे भी गोली मार दी, उसके गोली दायें तरफ कंधे पर लगी। उसकी हालत गंभीर है। घटना के कुछ समय बाद ही पुलिस ने आरोपित कृष्णपाल उर्फ चलबे को उसकी बहन के घर से गिरफ्तार कर लिया।
परचून की दुकान चलाता है हत्यारोपित
घटना फतेहगंज पश्चिमी के लोधीनगर गांव की है। यहां के रहने वाले कृष्णपाल उर्फ चलबे परचून की दुकान चलाते हैं। परिवार में उनकी पत्नी पूजा व दो बच्चे हैं। कृष्णपाल की चौराहे पर दुकान हैं। पास में ही देवीदास उर्फ मुन्ना की फल की दुकान है। पुलिस के मुताबिक, पहले मुन्ना कृष्णपाल की दुकान पर ही काम करता था। मुन्ना का उसके घर आना-जाना था। इसी बीच कृष्णपाल पत्नी व मुन्ना के बीच संबंधों को लेकर शक करने लगा। इस बात पर दोनों के बीच विवाद भी शुरू हो गया। हर बार जैसे-तैसे मामला शांत हो जाता।
तीन महीने पहले हुआ था विवाद
तीन माह पूर्व इसी मामले में उसका मुन्ना के भाई दीपक से विवाद हो गया। शनिवार को एक बार फिर पत्नी से उसका मुन्ना को लेकर विवाद शुरू हो गया। पूजा कुछ समझ पाती कि कृष्णपाल ने तमंचा निकला और फायर झोंक दिया। गोली पूजा के पेट में जा लगी, चीखती हुई वह जान बचाने को घर के बाहर भागी। इस दौरान आरोपित ने फिर से तमंचा लोड किया और पत्नी के सीने पर सटाकर गोली मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। फिर चौराहे पर पहुंचकर उसने मुन्ना को गोली मार दी।
पुलिसफोर्स के पहुंचने से पहले भाग निकला
घटना की जानकारी पर ट्रेनी आइपीएस विक्रम दहिया, सीओ हर्ष मोदी व फोर्स पहुंची। तब तक आरोपित भाग निकला। फिर पिपरिया गांव में रहने वाली उसकी बहन के घर से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित ने शक में घटना की बात स्वीकार की। घायल मुन्ना अस्पताल में भर्ती है।
मृतका मां का आरोप- कृष्णपाल की मां ने मरवाया
मां शीला ने आरोप लगाया कि कृष्णपाल की मां ने अपने बेटे के कान भर भर कर मेरी बेटी को मरवा दिया।
थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया मृतक पूजा पिता की तरफ से कृष्णपाल के विरुद्ध हत्या की धारा में प्राथमिकी लिखी गई है। आरोपित को को गिरफ्तार कर लिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।