Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Etah News: काला साया बताकर मुरादाबाद की महिला से सामूहिक दुष्कर्म, हकीम ने कमरे में बंद रखकर दी यातनाएं

    By Jagran NewsEdited By: Abhishek Saxena
    Updated: Mon, 12 Jun 2023 07:00 AM (IST)

    Etah Crime News तंत्र-मंत्र के बहाने महिला को फंसाया गाजियाबाद मुजफ्फरनगर में सामूहिक दुष्कर्म। मुरादाबाद की रहने वाली है महिला। जलेसर में दूसरे पति के साथ रह रही थी किराए पर। अदालत के आदेश के बाद केस दर्ज किया गया है।

    Hero Image
    Etah News: महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात हुयी।

    एटा, जागरण संवाददाता। हकीम बनकर आए शख्स ने दूसरे समुदाय की महिला को फंसा लिया और अपने साथ गाजियाबाद ले गया। उसने व उसके दाे साथियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया, यातनाएं दीं। जैसे-तैसे यह महिला वहां से भाग निकली और फिर जलेसर आ गई। अदालत के आदेश पर उसने हकीम व उसके साथियों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जलेसर में किराए के मकान में रह रही थी महिला

    मुरादाबाद जनपद के थाना कठघर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अगस्त 2022 से जलेसर में किराए के मकान में दूसरे पति के साथ रह रही थी। दूसरा पति उसे कुछ दिन बाद ही छोड़कर चला गया और फिर नहीं लौटा। अक्टूबर 2022 में ल्यूकोरिया बीमारी की दवा देने का दावा करने वाला हकीम हाशिम आया और उसने महिला पर काला साया बताया। कई दिन तक हाशिम जलेसर में ही रुका और महिला से मेलजोल बढ़ाने लगा। इसके बाद 11 फरवरी 2023 को बहला फुसलाकर यह हकीम महिला को अपने साथ गाजियाबाद ले गया, जहां लोनी स्थित बाबू होटल वाली गली में यामीन के मकान में रखा। वहां उसके दो साथी भी मौजूद थे, जिन्होंने कई दिन तक महिला के साथ दुष्कर्म किया।

    कमरे में बंद कर जाते थे आरोपित

    महिला ने बताया कि आरोपित उसे कमरे में बंद कर जाते थे। महिला का कहना है कि हाशिम मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली में पुलिस चौकी के सामने मस्जिद के पास स्थित घर में भी ले गया, जहां उसे रखा। 13 फरवरी 2023 को हकीम ने अपने दो साथियों को फिर से बुलाया और वहां भी दुष्कर्म किया। इसके अलावा शरीर पर हिंसक चोटें पहुंचाई गईं। लगातार धमकी दी जाती रही कि उसने अगर किसी को बताया तो मार दी जाएगी। 13 फरवरी की रात में महिला किसी तरह अपने बेटे को लेकर निकल आई। उसके बाद मुरादाबाद पहुंच गई, जहां वह अपने घर में रहने लगी।

    महिला की एफआइआर नहीं हुयी दर्ज

    महिला ने जलेसर, गाजियाबाद, मुरादाबाद सभी जगह तहरीर दी, लेकिन एफआइआर फिर भी दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत की शरण ली। रविवार को अदालत के आदेश पर हाशिम और उसके दो अज्ञात साथियों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर ली गई। उधर मुरादाबाद में भी महिला ने प्रार्थना पत्र दे रखा था इसलिए वहां जांच शुरू हो गई। रविवार सुबह मुरादाबाद पुलिस की टीम जलेसर पहुंची और उसने महिला जिस घर में रही थी उसके मकान मालिक व पड़ोसियों के बयान दर्ज किए। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही महिला यहां से चली गई। शनिवार शाम तक उसे कस्बा में ही देखा गया था।

    अब अदालत ने दिया केस दर्ज करने का आदेश

    जलेसर कोतवाली प्रभारी जगदीश चंद्र का कहना है कि महिला ने पुलिस से संपर्क नहीं किया था। अदालत के आदेश से मुकदमा दर्ज कराया है, आरोपितों की खोजबीन शुरू कर दी गई है। उधर अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाह ने बताया कि महिला ने पूर्व में पुलिस से संपर्क नहीं किया। अदालत का आदेश मिला था इसलिए प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआइआर दर्ज कर ली गई। आरोपितों की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। 

    comedy show banner
    comedy show banner