दुल्हन करती रही इंतजार, घुड़चढ़ी से पहले नाबालिग प्रेमिका को लेकर दूल्हा फरार; खुशियों वाले घर में सन्नाटा
बदायूं के हजरतपुर में एक दूल्हा अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ शादी से कुछ घंटे पहले फरार हो गया जिससे दुल्हन इंतजार करती रही। दूल्हे के घर में शादी की सारी तैयारियां धरी रह गईं। नाबालिग प्रेमिका के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है जिसके बाद पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

जागरण संवाददाता, म्याऊं/बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर में शुक्रवार को बरात जाने से कुछ घंटे पहले एक दूल्हा गांव के ही नाबालिग प्रेमिका को लेकर फरार हो गया। इससे बरात जाने व दुल्हन के घर में तैयारियां धरी की धरी रह गईं। जिससे विवाद की स्थिति भी बन गई। इधर नाबालिग प्रेमिका के पिता ने दूल्हे के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी हरपाल के बेटे पूरन की शादी शाहजहांपुर जिले के अल्लापुर थाना क्षेत्र के गांव कनाहारी में तय हुई थी। शुक्रवार को बरात जानी थी। इसके लिए पूरन के घर में सभी तैयारी हो गई थी। घर में सभी रिश्तेदार बरात में जाने के लिए तैयारी कर रहे थे।
घुड़चढ़ी की तैयारी चल रही थी कि उससे पहले पूरन घर से निकला और गांव की ही नाबालिग प्रेमिका को लेकर फरार हो गया। जब पूरन काफी देर तक घर नहीं पहुंचा। तब उसकी खोजबीन की गई। इस दौरान ग्रामीणों को जानकारी हुई है कि गांव की एक लड़की भी गायब है।
गांव में दोनों के बीच प्रेम प्रसंग की चर्चा होनी लगी
इस पर ग्रामीणों के बीच दोनों के प्रेम प्रसंग की चर्चा होने लगी। इधर, प्रेमिका के स्वजन भी उसकी तलाश में जुट गए, लेकिन देर रात तक दोनों का कोई सुराग नहीं लगा। सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने गांव पहुंचकर मामले की जांच पड़ताल की।
इस संबंध में हजरतपुर थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि गांव से लापता हुई लड़की के पिता ने पूरन के विरुद्ध शिकायती पत्र दिया है। दोनों को तलाश किया जा रहा है।
इंतजार करती रही दुल्हन
बरात आने के चलते दुल्हन पक्ष के घर पर शादी की भी पूरी तैयारियां थी। दुल्हन व उसके स्वजन बरात आने का इंतजार करते रहे। जब देर रात तक बरात नहीं पहुंची, तब दुल्हन पक्ष ने पूरन के स्वजन से संपर्क किया। यहां उसके लापता होने की जानकारी पर दुल्हन पक्ष के घर पर खुशियों में सन्नाटा छा गया। इससे दुल्हन पक्ष के घर की तैयारियां भी धरीं रह गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।