Badaun: खरीदारी के बहाने नाबालिग से मंगेतर ने किया दुष्कर्म, विरोध करने पर पीटा; पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
पिता ने अपने 17 वर्षीय बेटी की शादी इस मंशा से तय कर दी थी कि बालिग होने पर उसका विवाह करा दिया जाएगा लेकिन शादी से पहले ही मंगेतर उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया और दुष्कर्म कर दिया। किशोरी के विरोध करने पर उसे पीटा। घर पहुंचने के बाद किशोरी ने परिजनों को दुष्कर्म की बात बताई।

जागरण संवाददाता, बदायूं: 17 वर्षीय एक किशोरी के पिता ने उसकी शादी इस मंशा से तय कर दी थी कि बालिग होने पर उसका विवाह करा दिया जाएगा लेकिन शादी से पहले ही किशोरी का मंगेतर उसे घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया और दुष्कर्म कर दिया। किशोरी के विरोध करने पर उसे पीटा। घर पहुंचने के बाद किशोरी फूट फूटकर रोने लगी तो स्वजन को चिंता हुई। पूछताछ में दुष्कर्म की बात सामने आई।
पिता ने मंगेतर के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी
इस पर मंगेतर के पिता से बात की तो उन्होंने भी धमकाना शुरू कर दिया। इस पर किशोरी के पिता ने सिविल लाइंस थाने में दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, धमकाने और दहेज की मांग करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
बेटी की 17 साल की उम्र में तय कर दिया था विवाह
मामला शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला का है। मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति ने एक जुलाई 2022 को अपनी 17 वर्षीय बेटी का विवाह शाहजहांपुर के नगर खुदागंज निवासी सुशील के बेटे सचिन के साथ तय किया था। शादी तय होने के समय यह तय हुआ था कि 2023 की दीपावली के बाद बेटी बालिग हो जाएगी तो मुहूर्त देखकर विवाह करा दिया जाएगा।
इस दौरान सचिन और किशोरी की मंगनी कर दी गई थी, जिसमें सुशील और उनके बेटे ने डेढ़ लाख रुपये, एक जंजीर, सोने की अंगूठी, कपड़े आदि की मांग की थी। जिसे किशोरी के पिता ने पूरा कर दिया था। इसके बाद सचिन उनके घर पर आने जाने लगा। वह लोग सचिन की दामाद की तरह सेवा करते थे।
खरीदारी के बहाने ले जाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि बीती दस जून को किशोरी के मंगेतर सचिन ने कहा कि वह उसे खरीदारी कराने के लिए बदायूं बाजार ले जाना चाहता है। इस पर स्वजन तैयार हो गए और किशोरी को उसके मंगेतर सचिन के साथ भेज दिया। सचिन कार से किशोरी को खुदागंज ले गया। जहां उसके विरोध करने के बाद भी गलत काम किया। विरोध करने पर उसे पीटा भी। इसके बाद किशोरी को घर छोड़कर बाहर से ही चला गया।
शिकायत के नाम पर शादी से इन्कार करने की दी धमकी
किशोरी ने अपने घर पहुंच कर रोना शुरू कर दिया। मां व अन्य स्वजन ने पूछताछ की तो उसने बताया कि सचिन ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया है। इस पर किशोरी के पिता ने सचिन के पिता सुशील से बात की तो वह भी उसे धमकाने लगे और शिकायत करने पर शादी से इन्कार करने लगे।
इस पर रिश्तेदारों से बातचीत के बाद किशोरी के पिता बुधवार को सिविल लाइंस थाने पहुंचे। उनकी तहरीर पर पुलिस ने सचिन और सुशील के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सिविल लाइंस थाने के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। साथ ही जल्द से जल्द इस मामले में चार्जशीट भी लगाई जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।