होली के दिन शख्स ने छककर पी शराब, वापस लौटा तो पत्नी से हुआ जोरदार झगड़ा; इसके बाद जो हुआ किसी ने नहीं की थी कल्पना
बदायूं में होली के दिन एक महिला ने अपने पति के शराब पीकर देर से घर लौटने पर झगड़ा किया और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।

जागरण संवाददाता, बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में होली के दिन एक महिला ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि होली के दिन उसका पति शराब पीकर देर रात घर लौटा था। इसको लेकर दोनों में काफी विवाद हुआ। फिर गुस्से में महिला ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसके मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
मूलरूप से कासगंज निवासी विजेंद्र पिछले आठ साल से अपनी पत्नी मीरा और चार बच्चों के साथ मंडी समिति के नजदीक किराये के मकान में रह रहे थे। विजेंद्र यहां जेसीबी चलाकर अपने परिवार का गुजारा कर रहे थे। शुक्रवार को होली का त्योहार था और विजेंद्र अपने दोस्तों के साथ मौज मस्ती करने निकल गए थे। देर रात तक उन्होंने शराब पी। घर पर उनकी पत्नी इंतजार कर रही थी।
जब वह देर रात घर लौटकर आए तो उनकी पत्नी नाराज थी। इसी बात को लेकर दोनों में काफी विवाद हुआ। उसके बाद मीरा कमरे में जाकर फंदे से लटक गई। जब तक उन्हें इसकी जानकारी हुई, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
उन्होंने तुरंत मीरा को फंदे से उतारा और उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर उसके मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने विजेंद्र पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मीरा के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।
अभी मायके वालों ने किसी प्रकार की तहरीर नहीं दी है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला के शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।
हसनपुर में होली पर शराब पिलाकर युवक की हत्या
संस, जागरण, हसनपुर : शराब से जुड़ा एक मामला हसनपुर से भी देखने को मिला है। कोतवाली क्षेत्र के बावनखेड़ी से चकौरी मार्ग पर ग्राम बावनखेड़ी निवासी इंतजार के बाग के पास सड़क किनारे लोगों को शव पड़ा दिखाई दिया।
शव को चारों तरफ से मिट्टी में दबाकर छिपाने का प्रयास किया हुआ था और ऊपर कपड़ा पड़ा था। रंगोत्सव के दिन शुक्रवार को अज्ञात युवक की हत्या की सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
युवक के सिर पर चोट के निशान लगे हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि युवक को शराब पिलाने के बाद उसकी हत्या की गई है।
उधर, हत्या की सूचना मिलते ही हसनपुर पुलिस के साथ सीओ दीप कुमार पंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मृतक युवक की पहचान कराने का प्रयास चल रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।