Amroha News: 6 साल की बच्ची से तहेरे भाई ने किया दुष्कर्म, मासूम की हालत देखकर हैरान रह गईं परिवार की महिलाएं
अमरोहा में एक छह साल की बच्ची के साथ उसके चचेरे भाई द्वारा दुष्कर्म करने की घटना सामने आई है। बच्ची खेत में बेहोश मिली जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी कृष्ण को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार से बात की। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।

जागरण संवाददाता, अमरोहा। छह साल की चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म कर रिश्तों को शर्मशार करने की घटना सामने आई है। बच्ची परिवार की महिलाओं को खेत में बेहोश पड़ी मिली। पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का मुआयना किया तथा पीड़ित स्वजन ने बात की। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
तहेरे भाई ने छह साल की बच्ची से किया दुष्कर्म
यह घटना रजबपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां पर दो सगे भाई रहते हैं। उनके घर पास में ही हैं। शनिवार दोपहर छोटे भाई की छह साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। आरोप है कि बच्ची का तहेरा भाई कृष्ण उसे बहला−फुसला कर खेत पर ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के बेहोश हो गई तो कृष्ण घबरा गया, बदहवास हालत में वह वहां से भागने की कोशिश कर रहा था कि खेत पर काम कर रही कृष्ण की दूसरी चाची व गांव की अन्य महिला ने उसे देखा तो शक हुआ।
खेतों में अंदर देखा तो उड़ गए होश
चाची व अन्य गांव की महिलाओं ने कृष्ण को तो वहां से जाने दिया, लेकिन जब भीतर खेत में जाकर देखा तो होश उड़ गए। वहां छह साल की बच्ची बेहोश पड़ी थी। फौरन ही उसे उठा कर घर ले आए तथा स्वजन ने अस्पताल में भर्ती कराया। अधिक रक्तस्राव के चलते बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपित कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है
पुलिस ने इस मामले में आरोपित कृष्ण के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर रात ही उसे गिरफ्तार कर लिया था। एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि आरोपित को आज जेल भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।