CM Yogi Adityanath: आगरा में आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, विकास परियोजनाओं और बाढ़ प्रभावित गांवों का करेंगे दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आगरा में ढाई घंटे रहेंगे। वे कमिश्नरी सभागार में जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे जिसमें पर्यटन लोक निर्माण और नगर विकास विभागों पर चर्चा होगी। बैठक के बाद मुख्यमंत्री चंबल नदी से बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे और अटलपुरम टाउनशिप की लांचिंग कर सकते हैं। वे खेरिया एयरपोर्ट भी जाएंगे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरा करेंगे।

जागरण संवाददाता, आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को शहर में ढाई घंटे रहेंगे। कमिश्नरी सभागार में मुख्यमंत्री आगरा मंडल के सभी मंत्री, सांसदों और विधायकों के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसमें पर्यटन, लोक निर्माण विभाग और नगर विकास विभागों के प्रमुख सचिव भी मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री चंबल नदी से बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा करेंगे। वहीं अटलपुरम टाउनशिप की लांचिंग कर सकते हैं।
अलीगढ़ से लौटकर आएंगे आगरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अलीगढ़ से दोपहर 12.40 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट सीधे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां पर 1.35 बजे तक रहेंगे और फिर कमिश्नरी में आगरा मंडल के सभी मंत्री, सांसदों, विधायकों, विधानपरिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में पर्यटन विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर विकास विभाग की योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इन तीन प्रमुख विभागों के प्रमुख सचिव भी मौजूद रहेंगे।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का कर सकते हैं दौरा
बैठक के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3.05 बजे खेरिया एयरपोर्ट पहुंचेंगे। चंबल नदी में आई बाढ़ का हवाई दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए मंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह ने अधिकारियों के साथ बैठक की। संबंधित रूट का निरीक्षण भी किया गया।
रबर डैम और रिवरफ्रंट डवलपमेंट का काम कराओ सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को आगरा आ रहे हैं। उन्होंने आठ वर्ष पूर्व यमुना पर रबर डैम बनवाने की घोषणा की थी। इस पर अब तक काम शुरू नहीं हो सका है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने उप्र सरकार के पाले में गेंद खिसकाते हुए रबर डैम के ताजमहल की नींव व उसकी संरचनात्मक अखंडता पर प्रभाव का अध्ययन कराने की सलाह दी है। रिवरफ्रंट डवलपमेंट तो शहर की तस्वीर बदल सकता है। शहरवासी मुख्यमंत्री से इस ओर ध्यान देने की मांग कर रहे हैं।
सीएम ने की थी घाेषणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद सर्किट हाउस में हुई सभा में यमुना पर रबर डैम बनवाने की घाेषणा की थी। अक्टूबर, 2017 के दौरे में वह ताजमहल के 1.5 किमी डाउन स्ट्रीम में स्थित नगला पैमा में रबर डैम के निर्माण को चिह्नित स्थल पर भी गए थे। रबर डैम के निर्माण को अप्रैल, 2022 में नेशनल इन्वायरमेंटल इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट (नीरी) ने सशर्त अनुमति प्रदान कर दी थी।
प्रदेश सरकार के स्तर से ही रबर डैम के निर्माण की बाधा दूर हो सकती है।
सिंचाई विभाग, केंद्रीय जल आयोग, अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण समेत अन्य विभाग अनुमति प्रदान कर चुके हैं। केवल राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन से अनुमति मिलना रह गया है। लंबे समय से वह अनुमति को अटकाए हुए है। प्रदेश सरकार के स्तर से ही रबर डैम के निर्माण की बाधा दूर हो सकती है।
बदल सकती हैं शहर की तस्वीर
रबर डैम बनने के साथ यहां पर यमुना किनारा रिवरफ्रंट डवलपमेंट की भी मांग उठती रही है। पूर्व में पर्यटन विभाग ने रामबाग से मेहताब बाग तक यमुना किनारा रिवरफ्रंट डवलपमेंट की योजना ने तैयार की थी, जो बाद में ड्रॉप कर दी गई। ताजमहल के पास रिवरफ्रंट डवलपमेंट शहर की तस्वीर बदल सकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।