Agra News: दिल्ली हाईवे NH-19 पर कल 4 बजे से नहीं चलेंगे वाहन... सावन के तीसरे सोमवार पर यातायात में बदलाव
सावन के तीसरे सोमवार को कैलाश मेला के चलते आगरा में यातायात व्यवस्था बदली गई है। रविवार शाम से शहर में नो एंट्री लागू रहेगी। दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। प्रमुख मंदिरों के मार्गों पर भी चार पहिया वाहन नहीं चलेंगे। पुलिस ड्रोन से निगरानी रखेगी और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस आयुक्त ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

जागरण संवाददाता, आगरा। Agra News: सावन के तीसरे सोमवार को कैलाश मेला के चलते रविवार शाम से शहर में नो एंट्री लागू हो जाएगी। दिल्ली हाईवे एनएच 19 पर सिकंदरा क्षेत्र में सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शहर के सभी प्रमुख शिव मंदिरों के मार्गाें पर चार पहिया और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यव्स्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। एंटी रोमियो और लोकल इंटेलिजेंस की टीम सादा कपड़ों में नजर रखेगी। मेला क्षेत्र पर पुलिस ड्रोन से नजर रखेगी। सोशल मीडिया पर की गई हर पोस्ट पर पुलिस की सोशल मीडिया सेल नजर रखेगी।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि पर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लोगों से सहयोग बनाए रखने और शांतिप्रिय तरीके से मेला में घूमने की अपील की है।
सीमाओं पर रहेगी निगरानी
- बाहरी डायवर्जन में शहर के सभी प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
- दिल्ली से आने वाले भारी वाहन टाउनशिप चौराहा से मथुरा की ओर डायवर्ट कर यमुना एक्सप्रेसवे से जाएंगे।
- हाथरस से आने वाले भारी वाहन सिकंदराराऊ/सादाबाद से मथुरा की ओर डायवर्ट होगे।
- फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले वाहन कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगे।
- मथुरा से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन रैपुरा जाट से दक्षिणी बाईपास, रोहता नहर, दिगनेर मार्ग होकर निकलेंगे।
- फिरोजाबाद से ग्वालियर/जयपुर जाने वाले वाहन इनर रिंग रोड, रोहता नहर से होते हुए गुजरेंगे।
- हाथरस से फिरोजाबाद जाने वाले वाहन खंदौली, मुड़ी चौराहा, एत्मादपुर से एनएच-19 होकर निकलेंगे।
- जलेसर (एटा) से आगरा आने वाले वाहन मुड़ी चौराहा, एत्मादपुर/खंदौली मार्ग से होकर निकलेंगे।
- ग्वालियर से हाथरस, फिरोजाबाद, जलेसर की ओर जाने वाले वाहन दिगनेर पुलिया, इनर रिंग रोड, एत्मादपुर होकर यमुना एक्सप्रेसवे से जाएंगे।
- जयपुर से विभिन्न दिशाओं में जाने वाले भारी वाहन महुअर कट से दक्षिणी बाईपास होते हुए विभिन्न वैकल्पिक मार्गों से जाएंगे।
- फतेहाबाद रोड से आने वाले वाहन तोरा चौकी, एकता चौकी, दिगनेर पुलिया होते हुए भेजे जाएंगे।
- शमशाबाद से ग्वालियर/जयपुर की ओर जाने वाले वाहन दिगनेर से रोहता होकर ग्राम बाद की तरफ से जाएंगे।
शहर के भीतर यह है यातायात व्यवस्था
- सिकंदरा मंडी से सिकंदरा चौराहा की ओर कोई वाहन नहीं जाएगा।
- कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित।
- सिकंदरा सब्जीमंडी की सर्विस रोड से चौराहा की ओर वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध।
- कारगिल पेट्रोल पंप, गुरुद्वारा, भावना स्टेट, के.के. नगर कट से एनएच-19 की ओर वाहन नहीं जाएंगे।
28 जुलाई सुबह 4 बजे से पूजा संपन्न होने तक मंदिरों पर व्यवस्था
- एकता चौकी व राजपुर चुंगी से राज राजेश्वर मंदिर तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन वर्जित।
- भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक तक चार पहिया व बड़े वाहनों का प्रवेश निषेध।
वायु विहार से पृथ्वीनाथ फाटक तक-चार पहिया वाहनों का प्रवेश निषेध
- वॉटर वर्क्स चौराहा तक भारी वाहन/रोडवेज बसें नहीं आएंगी।
- क्लब चौराहा से यमुना किनारा मार्ग होते हुए रूट परिवर्तित रहेगा।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि रविवार शाम चार बजे मेले के उदघाटन के बाद से नो एंट्री और डायवर्जन लागू रहेगा। जो मंगलवार सुबह तक प्रभावित रहेगा। पहले से निर्गत सभी नो-एंट्री पास / अनुमति पत्र निरस्त माने जाएंगे। नो एंट्री और डायवर्जन का उल्लंघन होने पर संबंधित पुलिसकर्मियाें की जिम्मेदारी होगी। सभी प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।