कानपुर जू की रिपोर्ट पर टिका है आगरा टॉय ट्रेन का भविष्य, मिली मंजूरी
जू प्रशासन से मांगी जा रही स्टडी रिपोर्ट। एडीए ने टॉय ट्रेन के संचालन की दी सैद्धांतिक मंजूरी।
आगरा [अमित दीक्षित]: आगरा की टॉय ट्रेन का भविष्य कानपुर जू की रिपोर्ट पर टिका हुआ है। एलन जू कानपुर में ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन की कितनी स्पीड रहती है और हर दिन कितने यात्री सफर करते हैं। कितने डिब्बे और स्टाफ रखा गया है। ट्रेन चलने से कितने डेसीबल की ध्वनि होगी। इसकी रिपोर्ट मांगी गई है।
भारतीय रेल ने आगरा को चार टॉय ट्रेन उपहार में देने की घोषणा की है। टॉय ट्रेन का संचालन एडीए करेगा। एडीए ने इसकी सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। एडीए उपाध्यक्ष शुभ्रा सक्सेना के अनुसार एडीए ने टॉय ट्रेन के संचालन की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। आगे की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
यह स्थल हुए चिन्हित
- ताज नेचर वाक
- सूर सरोवर पक्षी विहार
- पालीवाल पार्क
निकाली जा रही है पुरानी फाइल
साढ़े तीन साल पूर्व पालीवाल पार्क में टॉय ट्रेन के संचालन का प्रस्ताव तैयार हुआ था। तत्कालीन मंडलायुक्त प्रदीप भटनागर ने पालीवाल पार्क में इसके संचालन पर जोर दिया था।
ये है पूरी तैयारी
ताजमहल के साये में टॉय ट्रेन चलाने की तैयारी जोरों पर है। ट्रेन ताज नेचर वॉक में चलेगी। वहीं सूर सरोवर पक्षी विहार में भी ट्रेन चलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों ही स्थल आरक्षित वन्य क्षेत्र में शामिल हैं।
भारतीय रेल ने चार टॉय ट्रेन उपहार में दी हैं। इसे लेकर शुक्रवार को लखनऊ में बैठक हुई थी। वन विभाग, एडीए अफसरों ने ताज नेचर वाक और सूर सरोवर पक्षी विहार में टॉय ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा। पक्षी विहार में नवंबर से फरवरी के बीच 45 हजार के आसपास पक्षी प्रवास करते हैं। जिन्हें देखने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। पालीवाल पार्क में भी ट्रेन चलाने पर चर्चा हुई थी, लेकिन पार्क में पर्यटक नहीं पहुंचते हैं। जबकि बाकी दो अन्य क्षेत्रों में हर दिन पर्यटक पहुंचते हैं। एडीए सचिव हरीराम के अनुसार ट्रेन संचालन को लेकर जल्द सर्वे किया जाएगा।
ये आ सकती हैं मुश्किलें
पक्षी विहार और ताज नेचर वाक में लखनऊ से एनओसी लेनी होगी। इसमें दो से तीन माह का समय लगेगा।
वन विभाग ने मांगी जानकारी
आगरा वृत्त के वन संरक्षक जावेद अख्तर ने एडीए सचिव से टॉय ट्रेन का प्रकार, गति, प्रयोग होने वाला ईंधन, संचालन के दौरान उत्पन्न ध्वनि का डेसीबल, पटरी की लंबाई, चौड़ाई, कुल बजट की जानकारी मांगी है।