Stone Pelting: आगरा में ट्रैक पर वीडियो बनाते किशोरों ने किया ट्रेनों पर पथराव, कर्नाटक एक्सप्रेस और शान-ए-भोपाल के शीशे टूटे
इंटरनेट मीडिया के लिए वीडियो बनाते समय करीब 10 किशाेरों ने किया पथराव। इंजन और एसी कोच के शीशे टूटे। ट्रेन में बैठे यात्रियों में फैल गई दहशत। आरपीएफ ने 10 किशोरों को हिरासत में लिया है। सभी आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
आगरा, जागरण संवाददाता। सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते दर्जनभर किशोरों ने शुक्रवार सुबह कर्नाटक एक्सप्रेस और शान-ए-भोपाल पर पथराव कर दिया। दोनों ट्रेनों के इंजन और एसी कोच के शीशे टूट गए। पथराव के बाद खलबली मच गई। सूचना के बाद आरपीएफ ने 10 किशोरों को हिरासत में ले लिया है। सभी किशोर आवास विकास क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।
मामला शुक्रवार सुबह का है। दिल्ली की तरफ जा रही कर्नाटक एक्सप्रेस सिकंदरा पुल के पास से गुजर रही थी। इसी बीच ट्रैक पर दर्जनभर किशोर सोशल मीडिया के लिए वीडियो बना रहे थे। अचानक इन किशोरों ने ट्रेन पर पथराव कर दिया। इससे कर्नाटक एक्सप्रेस के इंजन और एसी कोच का शीशा टूट गया। ट्रेन के स्टाफ ने इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम काे दी। तभी पीछे से शान-ए-भोपाल ट्रेन यहां से गुजरी। इन किशोरों ने इस ट्रेन पर भी पथराव कर दिया। इस ट्रेन के इंजन और एसी कोच का भी शीशा टूट गया। इस ट्रेन में एस्कार्ट साथ चल रहा था। इसने भी कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। इन्होंने 10 किशोरों को हिरासत में लिया है। दोनों ट्रेनों के यात्री सहम गए।
आरपीएफ इंसपेक्टर सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि ट्रेनों के स्टाफ के अनुसार, 10 से 15 किशोर टिकटाक के वीडियो बना रहे थे। इनमें से उन्होंने तीन-चार को पथराव करते पहचान लिया है। इनमें से आरपीएफ ने 10 किशोरों को हिरासत में ले लिया है। तीन किशोरों ने पथराव की घटना स्वीकार कर ली है। इनके खिलाफ रेल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। बाकी को हिदायत देकर उनके परिजनों को सौंपा जा रहा है।