शर्मनाक! सर्राफ की हत्या के बाद सोने की दो अंगूठियां चोरी, बेटे ने पोस्टमार्टम हाउस पर चुराने का लगाया आरोप
Agra News आगरा में सर्राफा शोरूम में हुई लूट और व्यापारी योगेश चौधरी की हत्या के मामले का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से मामले की जानकारी ली गई। साथ ही पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई का ब्योरा भी तलब किया गया है। शनिवार को डीजीपी प्रशांत कुमार ने भी स्थानी पुलिस अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग की।

जागरण संवाददाता, आगरा। सिकंदरा क्षेत्र में कारगिल चौराहे के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े बालाजी ज्वेलर्स में लूट और सर्राफ की हत्या कर दी गई। इसके बाद शर्मसार करने वाली घटना और हुई। सर्राफ की मौत के बाद उनकी अंगुलियों से सोने की दो अंगूठी चोरी कर ली गईं। लूट, हत्या के बाद हुई चोरी की घटना ने स्वजन को व्यथित कर दिया है। बेटे ने पोस्टमार्टम हाउस से अंगूठी चोरी होने का आरोप लगाया है। अंगूठी चोरी की शिकायत पर पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है।
मृतक के बेटे आशीष ने बताया कि बताया कि पिता योगेश चौधरी हाथ में हर समय सोने और चांदी की अंगूठी पहनते थे। वारदात के वक्त वह अंगूठी पहने हुए थे। गोली मारने के बाद उन्हें सिकंदरा क्षेत्र के एक निजी अस्पताल, वहां से एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
गोली मारने वाले आरोपित।
एसएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने किया था मृत घाेषित
एसएन मेडिकल कॉलेज में डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव मिला तो हाथ में पुखराज और मूंगा जड़ित सोने की अंगूठी नहीं थीं। सिर्फ चांदी की अंगूठी ही हाथ में थी। उन्होंने कहा कि अंगूठी काफी समय से पिता पहने हुए थे, इस कारण वह ढीली नहीं थीं। ऐसे में अंगूठी गिर नहीं सकती हैं। पोस्टमार्टम हाउस से सोने की दो अंगूठी चोरी होने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पुलिस से भी शिकायत की गई है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच की जा रही है।
संबंधित खबरः Loot And Murder : आगरा में दिनदहाड़े ज्वैलर्स शोरूम में लूट और हत्या, ताजनगरी में बढ़ा क्राइम
लुटेरों को मिले सख्त से सख्त सजा
सर्राफ योगेश चौधरी की हत्या से घर में मातम छाया हुआ है। शनिवार को दिनभर स्थानीय लोगों के साथ रिश्तेदारों शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए रमा एन्क्लेव स्थित आवास पर पहुंचे। पिता राम नरायन सिंह, पत्नी उर्मिला देवी, बेटे आशीष, सागर व अन्य स्वजन को लोगों ने ढांढस बंधाया। पिता राम नरायन सिंह ने रोते हुए कहा कि मेरे बेटे ने किसी का क्या बिगाड़ा था। वह तो सदा दूसरों की मदद के लिए आगे रहे। उनका धार्मिक स्वभाव था।
ये भी पढ़ेंः संभल के चर्चित CO अनुज चौधरी का तबादला, एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सौंपी चंदौसी की जिम्मेदारी
मोबाइल की हिस्ट्री खंगाल रही पुलिस
लूट और हत्या के मामले में अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा है। पुलिस की सर्विलांस टीम मोबाइल हिस्ट्री खंगाल रही है। जानकारी मिली है कि सर्विलांस टीम ने वारदात के वक्त उस क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल का डाटा लिया है। बदमाश जिस दिशा में वारदात को अंजाम देकर भागे, उसे दिखा में कितने मोबाइल धारक गए इस डाटा का भी मिलान किया जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।