Events in Agra: प्रदेश के दो मंत्री और व्यापारी कल्याण बोर्ड अध्यक्ष होंगे आगरा में, जानें शहर में और क्या होगा खास
Events in Agra आज शुक्रवार है। आज शहर में सामाजिक हलचल के साथ राजनीतिक हलचल भी रहेगी। गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री सुरेश राणा राज्यमंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास कपिल देव अग्रवाल उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग भी शहर में होंगे।
आगरा, जागरण संवाददाता। प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री सुरेश राणा, राज्यमंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास कपिल देव अग्रवाल और उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग शुक्रवार को शहर में होंगे।
गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री सुरेश राणा डा. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के खंदारी कैंपस स्थित जेपी सभागार में होने वाले तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव युवोत्सव का दोपहर तीन बजे उद्घाटन करेंगे। उनका स्वागत विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. अशोक मित्तल करेंगे।
वहीं राज्यमंत्री व्यवसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास कपिल देव अग्रवाल शुक्रवार को दोपहर साढ़े 12 बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां से एक बजे फतेहाबाद रोड स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरिएट में चल रही इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के नेशनल वार्षिक कांफ्रेंस में शामिल होंगे। इसके बाद शाम सवा चार बजे मेयर नवीन जैन के कमला नगर स्थित आवास पर पहुंचेंगे और शाम पांच बजे मुजफ्फरनगर के लिए कार से रवाना होंगे।
वहीं उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग शुक्रवार को दोपहर एक बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां से वह न्यू आगरा इंद्रापुरी स्थित माता सिद्धिदात्री सतोगुणी दरबार में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर तीन बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
जागरूकता कार्यक्रम
शुक्रवार को दोपहर ढ़ाई बजे साकेत कालोनी, शाहगंज स्थित नवदीप हास्पिटल में कोरोना वैक्सीन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें हास्पिटल निदेशक डा. सुनील शर्मा व डा. अनुपमा शर्मा समेत अन्य विशेषज्ञ कोरोना वैक्सीन के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे।
बजट पर चर्चा
केंद्रीय बजट की घोषणा के बाद उसके विभिन्न प्रविधानों पर लगातार चर्चा का दौर जारी है। शुक्रवार को जीएसटी प्रविधानों व नवीन घोषणाओं पर चर्चा के लिए कर अधिवक्ता संघ जयपुर हाउस स्थित वाणिज्य कर कार्यालय सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन करेगा। इसमें विशेषज्ञ विभिन्न घोषणाओं पर मंथन करेंगे।
जनसुनवाई दिवस
शुक्रवार को जन समस्याओं के निस्तारण के लिए आगरा विकास प्राधिकरण कार्यालय के डा. आंबेडकर सभागार में जनसुनवाई दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसमें एडीए उपाध्यक्ष व तीनों सदस्य मौजूद रहेंगे और लोगों की समस्याओं को मौके पर ही निस्तारण करेंगे।