Agra Accident: कार की चपेट में आकर छह टूरिस्ट घायल, ताजमहल की पार्किंग में हादसा से मच गई अफरातफरी
Accident At Taj Mahal Update News आगरा में ताजमहल की पार्किंग में हादसा हो गया। ढलान पर लुढ़की एक कार ने छह पर्यटकों को चपेट में लिया। इस हादसे के बाद चीखपुकार मच गई। बताया गया है कि हैंडब्रेक नहीं लगे होने से ढलान पर कार लुढ़क गई। इस हादसे में असम से आए आधा दर्जन पर्यटक घायल हुए हैं। महिला पर्यटक के हाथ में फ्रैक्चर आया है।

जागरण संवाददाता, आगरा। Taj Mahal: ताजमहल की पश्चिमी गेट पार्किंग में सोमवार सुबह गम्भीर हादसा हो गया। पार्किंग में ढलान पर लुढ़की दिल्ली के नम्बर की गाड़ी ने असम से आए पर्यटकों को चपेट में ले लिया। इससे वहां चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। हादसे में घायल आधा दर्जन पर्यटकों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। महिला पर्यटक के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। एक अन्य पर्यटक के भी हाथ में गम्भीर चोट आई है। अन्य की जांच की जा रही है।
असम के सिलचर के तपन देव सोमवार सुबह परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। सुबह करीब 9:30 बजे सभी लोग पश्चिमी गेट पार्किंग में कैंटीन पर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई दिल्ली के नम्बर की गाड़ी ने पर्यटकों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई।
कैंटीन की तरफ दौड़े लोग और बाहर निकाले पर्यटक
पर्यटकों की चीख-पुकार सुनकर अन्य पर्यटक व गाइड सुविधा केंद्र पर बैठे गाइड कैंटीन की ओर दौड़ पड़े। उन्होंने गाड़ी को किसी तरह पीछे कर पर्यटकों को निकाला। पार्किंग स्थित टूरिस्ट फेसिलिटेशन सेंटर से पहुंची एम्बुलेंस से डा. रिंकू बघेल के साथ पर्यटकों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। हादसे में जयंती देव के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। बुद्ध देवनाथ के हाथ में चोट लगी है। हादसे में घायल अन्य पर्यटकों में भानु देव, झुमकी देव, पिंकी देवनाथ और मुक्तिधर हैं।
नाश्ता कर रहे थे लोग
तपन देव ने बताया कि परिवार के साथ वह नाश्ता कर रहे थे। सभी दुकान की ओर मुंह किये हुए थे। तभी पीछे से आई कार ने परिवार के सदस्यों को चपेट में ले लिया। बताया गया है कि गाड़ी में कोई नहीं था। हैंडब्रेक नहीं लगे होने से गाड़ी लुढ़कते हुए पीछे पहुंची थी।
नोट- इस खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है। हम अपने सभी पाठकों को पल-पल की खबरों से अपडेट करते हैं। हम लेटेस्ट और ब्रेकिंग न्यूज को तुरंत ही आप तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के माध्यम से हम इस समाचार को निरंतर अपडेट कर रहे हैं। ताजा ब्रेकिंग न्यूज़ और अपडेट्स के लिए जुड़े रहिए जागरण के साथ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।