Agra Fort: औरंगजेब के दरबार में गूंजा शिवाजी महाराज का शौर्य... लाइट एंड साउंड शाे शुरू, ये है टिकट और टाइम
Agra Fort आगरा किला में रंग-ए-आगरा नामक एक नया लाइट एंड साउंड शो शुरू हुआ है। यह शो किले के इतिहास मुगल साम्राज्य और स्वतंत्र भारत की झलक दिखाता है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इससे आगरा में रात्रि पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ होगा। यह शो पर्यटकों के लिए एक नया आकर्षण है।

जागरण संवाददाता, आगरा। Agra Fort: आगरा किला से रंग ए आगरा को बयां करती लाइट एंड साउंड के साथ थ्री डी तस्वीर। घोड़ों की हिनहिनाहट और तलवारों की आवाज से मुगल साम्राज्य की दस्तक और फिर सुखद अहसास कराती स्वतंत्र भारत की झलक। शुक्रवार रात को आगरा किला में लाइट एंड साउंड शो के शुभारंभ के साथ नया रात्रि पर्यटन आकर्षण जुड़ गया। इससे पर्यटकों का रात्रि प्रवास बढ़ेगा और पर्यटन उद्योग को चार चांद लगेंगे।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के आगरा लाल किले के दीवान ए आम में बटन दबाते ही लाइट एंड साउंड शो शुरू हो गया। अत्याधुनिक प्रोजेक्शन मैपिंग तकनीक युक्त 'रंग-ए-आगरा: युगों का सफर' की शुरूआत अग्रवन के पौराणिक जंगल, यमुना किनारा से हुई।
45 मिनट का है शाे
इसके बाद बादलगढ़ के किले के आगरा किला में परिवर्तन, दिल्ली सल्तनत, मुगल साम्राज्य का चरमोत्कर्ष, छत्रपति शिवाजी महाराज के औरंगजेब के दरबार में आने, औपनिवेशिक ब्रिटिश काल और स्वतंत्र भारत की झलक दिखाई दी। 45 मिनट के शो में लाइट, साउंड और पटकथा को बयां करती आवाज ने चित्र खींच दिया, जैसे-जैसे शो आगे बढ़ता गया, लोग आकर्षित होते गए।

आगरा किला में लाइट एंड साउंड शाे की दृश्य।
लाइट एंड साउंड शाे से बढ़ेगा रात्रि प्रवास
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि आगरा पर्यटन की दृष्टि से विश्व मानचित्र पर अपना अलग स्थान रखता है, लाइट एंड साउंड शो के लिए व्यक्तिगत रूप से व पर्यटन मंत्रालय उत्तर प्रदेश द्वारा द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे, इसमें सफलता हासिल हुई और लाइट एंड साउंड शो से आगरा में पर्यटकों के रात्रि प्रवास में बढ़ोत्तरी होगी। लघु उद्यमियों स्थानीय होटल इंडस्ट्री सहित, दुकानदारों,कारीगरों, फुटपाथ वेंडर्स की भी आय में वृद्धि होगी।
.jpg)
एसपी सिंह बघेल ने कही ये बात
मत्स्य पालन, पशुपालन, डेयरी मंत्रालय पंचायती राज मंत्रालय के राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल ने कहा कि आगरा किला में पुन: लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ हुआ है, इसमें भारतीय सभ्यता, संस्कृति और रीति रिवाज भी दिखाई देंगे। महिला कल्याण बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. मंजू भदौरिया, विधायक पक्षालिका सिंह आदि मौजूद रहे।
ये है टिकट
शो का 7 वर्ष तक के बच्चे: निश्शुल्क (राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय दोनों)
8-17 वर्ष की आयु: वयस्क टिकट का 50 फीसद लिया जाएगा।
वयस्क (राष्ट्रीय): 300 रुपये
वयस्क (अंतरराष्ट्रीय): 800 रुपये का टिकट लगेगा
शो में खास
- शो की पटकथा प्रसिद्ध फिल्म निर्माता डा. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने लिखी है
- हिंदी के शो में वोइस ओवर हरीश भिमानी और अंग्रेजी के शो में वोइस ओवर अभिनेता कबीर बेदी का है
- प्रोजेक्शन डिजाइन वैश्विक विरासत स्थलों पर काम करने वाले राश एश्टन ने किया है
- रेनकोट और हजार चौरासी की मां में संगीत देने वाले देबोज्योति मिश्रा ने शो को संगीतबद्ध किया है
- शो का निर्माण ट्राइ कलर इंडिया शास्पील प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है
- शो के निर्देशक हिमांशु सभरवाल, साउंड डिजाइन प्रतीक बिश्वास और लाइटिंग डिजाइन दिनेश वर्मा का है
हर रोज हिंदी और अंग्रेजी में एक−एक शो, फतेहपुर सीकरी में भी होगा शो
विश्व बैंक सहायतित प्रो-पुअर टूरिज्म डवलपमेंट प्रोजेक्ट में 8.42 करोड़ रुपये से तैयार अत्याधुनिक प्रोजेक्शन मैपिंग तकनीक युक्त 'रंग-ए-आगरा: युगों का सफर' शो का प्रतिदिन शाम 7:30 से रात 8:15 बजे तक हिंदी और रात 8:30 से रात 9:15 बजे तक अंग्रेजी में शो होगा। टिकट आगरा किला पर उपलब्ध होने के साथ ही ऑनलाइन बुक की जा सकेंगी। प्रत्येक शो में अधिकतम दर्शक संख्या 300 रहेगी।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि फतेहपुर सीकरी में भी जल्द ही लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ कराया जाएगा, स्क्रिप्ट के स्तर का काम बाकी है।
ये भी पढ़ेंः Saint Premanand: किसी के हाथों में आरती की थाली तो कोई सजा रहा रंगोली, जब हुई ये घाेषणा तब फिर मायूस हुए भक्त
ये भी पढ़ेंः इश्क की खुमारी... ताजमहल से REEL बनाकर पति को भेजी, चार बच्चों को लेकर महिला अपने प्रेमी संग हुई फरार

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।