Agra News: नौ घंटे थाने में बैठे पूर्व विधायक, पुलिस ने खिला दी विहिप कार्यकर्ताओं को जेल की हवा
आगरा के शमसाबाद में होटल में युवक की पिटाई के मामले में विहिप कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पहले गिरफ्तार किया फिर जेल भेजा और बाद में रिहा कर दिया जिससे हिंदू संगठनों में आक्रोश है। संगठनों ने पुलिस पर धोखा देने का आरोप लगाया है और थाने के घेराव की चेतावनी दी है।

जागरण संवाददाता, आगरा। शमसाबाद के होटल में युवती के साथ पकड़े गए युवक को पीटने का मामला बढ़ता जा रहा है।युवक की पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने तीन विहिप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।उन्हें छुड़ाने के लिए शनिवार शाम से नौ घंटे तक पूर्व विधायक डा. राजेंद्र सिंह थाना शमसाबाद में धरने पर बैठे रहे।
शांति भंग की कार्रवाई कर छोड़े जाने का आश्वासन मिलने पर पूर्व विधायक और समर्थक थाने से उठ गए। मगर, रविवार को तीनों आरेापितों को जेल भेज दिया गया। जानकारी होने पर कार्यकर्ताओं में उबाल आ गया। इसके बाद शाम को पुलिस परवाना लेकर जेल पहुंची और तीनों युवकों को रिहा करा दिया गया। पुलिस की इस कार्यशैली से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। मंगलवार को इसको लेकर थाने के घेराव की तैयारी शुरू हो गई हैं।
दोपहर में शांति भंग में जेल भेजे विहिप कार्यकर्ता, शाम को हुए रिहा
शमसाबाद स्थित डीपी होटल में छह अगस्त को एक महिला के साथ युवक के पकड़े जाने पर हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने उससे मारपीट कर दी थी। मारपीट का वीडियाे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने होटल संचालक की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया।
शनिवार को पुलिस ने इस मामले में गुलबापुरा सिकतरा के रहने वाले विष्णु, बाकलपुर के कन्हैंया और ऊंचा के रहने वाले कृष्णकांत को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी होते ही हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। शाम छह बजे पूर्व विधायक डॉक्टर राजेंद्र सिंह भी थाने पहुंच गए।
पुलिस की कार्रवाई से हिंदू संगठनों में आक्रोश, कल करेंगे थाने का घेराव
पूर्व विधायक डॉक्टर राजेंद्र सिंह ने मांग रखी कि गिरफ्तार युवकों को छोड़ा जाए और होटल संचालक पर मुकदमा दर्ज किया जाए।कई घंटे तक थाने में पूर्व विधायक के बैठे रहने के बाद अधिकारी सक्रिय हुए। इसके बाद उन्हें समझाने के लिए सजातीय पुलिस अधिकारियों को थाने भेजा, लेकिन पूर्व विधायक अपनी मांगों पर अड़े रहे।
पूर्व विधायक व अन्य लोगों ने अधिकारियों से की बात
रात तीन बजे अधिकारियों के निर्देश पर होटल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। साथ ही आश्वासन दिया कि पकड़े गए युवकों पर शांति भंग की कार्रवाई हो चुकी है। सुबह उन्हें एसीपी के सामने पेश कर छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद पूर्व विधायक व हिंदू संगठन के कार्यकर्ता व पदाधिकारी थाने से चले गए। दोपहर में तीनों युवकों को पुलिस ने जिला जेल भेज दिया। इसकी जानकारी होते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सक्रिय हुए। पूर्व विधायक व अन्य लोगों ने अधिकारियों से बात की।
शाम को जमानत
शाम को युवकों की जमानत हुई। इसके बाद उन्हें जिला जेल से रिहा करा दिया गया। अब हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं में इसको लेकर आक्रोश है। उन्होंने मंगलवार को शमसाबाद थाने में घेराव का एलान किया है। उनका कहना है कि पुलिस ने उनके साथ धोखा किया है।उन्होंने पुलिस पर होटल संचालक से मिलीभगत के आरोप भी लगाए हैं।
दूसरे थाने में भेज दिए थे कार्यकर्ता
पूर्व विधायक के धरने के बाद रात में ही पुलिस ने विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को पश्चिमी जोन के एक थाने में भेज दिया था। दिन में पदाधिकारी उनके बारे में जानकारी करते रहे। जमानत कराने के लिए पेपर तैयार कर रहे थे। तब उन्हें पता चला कि तीनों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।