विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 25, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

ऐसा लगा कि मौत सामने खड़ी है...2 कार, दो ऑटो और एक्टिवा व एक बाइक को रौंदा; नशे में धुत डंपर चालक ने बरपाया कहर

Published: Wed, 25 Dec 2024 08:36 AM (IST)Updated: Wed, 25 Dec 2024 08:57 AM (IST)

Agra Accident News आगरा के भगवान टाकीज चौराहे पर एक नशे में धुत डंपर चालक ने कहर बरपाया। गलत दिशा ...और पढ़ें

Agra News: भगवान टाकीज सर्विस रोड पर डंपर द्वारा वाहनों को चपेट में
Agra News: भगवान टाकीज सर्विस रोड पर डंपर द्वारा वाहनों को चपेट में

HighLights

  1. गलत दिशा से आते डंपर ने दो कार, दो ऑटो, दो एक्टिवा और एक बाइक चपेट में लिया
  2. सर्विस रोड की घटना, चपेट में आकर दो राहगीर घायल, चालक पुलिस को सौंपा

जागरण संवाददाता, आगरा। भगवान टॉकीज चौराहे सर्विस रोड पर मंगलवार शाम को नशे में धुत डंपर चालक ने भगद़ड़ और दहशत फैला दी। गलत दिशा से आए डंपर ने दो कार, दो ऑटो, दो एक्टिवा और एक बाइक को चपेट में ले लिया। अनियंत्रित डंपर की चपेट में आए वाहन चालकों में चीख-पुकार मच गई।

डंपर कारों में टक्कर मारने के बाद फंस गया। चालक केबिन बंद करके उसी में बैठ गया। चपेट में आकर घायल दो लोगों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। एक एक्टिवा सवार दो लोग कुचलने से बच गए। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ।

घटना मंगलवार शाम 6:30 बजे की है। भगवान टाकीज से खंदारी जाने वाली सर्विस रोड पर वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चल रहा था। इसी दौरान गलत दिशा से आते डंपर ने तुलसी टॉकीज बराबर में स्थित पेट्रोल पंप के सामने अचानक वाहनों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।

डंपर की टक्कर से बाइक सवार दूर जाकर गिरा

डंपर ने पहले एक बाइक और ऑटो को चपेट में ले लिया। डंपर की टक्कर से बाइक सवार दूर जाकर गिरा। चपेट में आकर आटो क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके बाद डंपर ने कुछ मीटर आगे एक बाइक और एक्टिवा सवार को टक्कर मारी।बाइक सवार तो बच गया, लेकिन एक्टिवा सवार वरिष्ठ साहित्यकार राजेंद्र मिलन और हरवीर परमार चपेट में आ गए। दोनों डंपर के पिछले पहिए के नीचे आने से बाल-बाल बचे। एक्टिवा को टक्कर मारने के बाद डंपर भगवान टाकीज चौराहे से खंदारी की ओर आती दो कारों पर चढ़कर रूक गया।

भगवान टाकीज सर्विस रोड पर डंपर द्वारा वाहनों को चपेट में लेने के लगे जाम को खुलवाते क्षेत्रीय लोगों का इंटरनेट मीडिया में प्रसारित वीडियाे का स्क्रीन शाट सौजन्य एक राहगीर

घटना से सर्विस रोड पर अफरातफरी और दहशत

घटना से सर्विस रोड पर अफरातफरी और दहशत फैल गई। दोनों कारों में सवार लोगों मे चीख-पुकार मच गई। अनियंत्रित डंपर की चपेट में आए वाहनों में फंसे लोगों को निकालने के लिए आसपास के लोग दौड़ पड़े। उन्होंने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं आयीं। पुलिस ने आरोपित डंपर चालक पूरन सिंह को हिरासत में ले लिया।वह प्रतापगढ़ का रहने वाला है।

ऐसे लगा कि मृत्यु सामने खड़ी है

डंपर की चपेट में आए कार चालक नोडएा के अमित कुमार ने बताया कि वह मंगलवार दोपहर तीन बजे चार सवारियां लेकर ताजमहल आए थे। शाम को नोएडा लौट रहे थे। अनियंत्रित डंपर उनकी कार पर चढ़ने लगा तो ऐसे लगा जैसे मृत्यु साक्षात सामने खड़ी है।

डंपर ने चालक साइड को चपेट में लिया था। जिससे कार में बैठी सवारियाें में चीख-पुकार मच गई। चालक अमित कुमार ने बताया डंपर को कार पर चढ़ता देख उन्होंने अपनी आंख बंद कर ली थीं। कुछ सेकेंड के बाद शोर सुनकर आंखा खोली तो अहसास हुआ कि वह जिंदा हैं। टक्कर से कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।

छूकर निकल गई मृत्यु

डंपर की चपेट में आयी दूसरी कार होली पब्लिक स्कूल के पास रहने वाली डा. पूनम की थी। कार को पूनम के कर्मचारी अमित सिंह चला रहे थे।अमित सिंह ने बताया कि वह कार काे 30 की गति से चला रहे थे। सामने से आते डंपर का पहिया जब कार के बोनट पर चढा तो उन्हें लगा कि जीवित नहीं बचेंगे।अमित का कहना था कि मृत्यु उन्हें छूकर निकल गई। उनकी कार भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।

ये भी पढ़ेंः Pilibhit Encounter: 800 KM दूर आकर सुरक्षित मान बैठे थे लेकिन...मारे गए तीन खालिस्तान समर्थक आतंकियों पर बड़ा अपडेट

ये भी पढ़ेंः ये मुहब्बत नगर है जनाब...हमें खुशी है मंदिर में पूजा होगी, पूजा के लिए मुस्लिमों ने बिछाया रेड कारपेट

पहिए के नीचे आने से बचे राजेंद्र मिलन

साहित्यकार राजेंद्र मिलन और भाजपा नेता हरवीर परमार डंपर के पिछले पहिए के नीचे आने से बचे। हरवीर परमार ने बताया कि डंपर की टक्कर से उनका एक्टिवा गिर गया। डंपर का पहिया उनके पास पहुंच गया। दोनों कार के बोनट में फंसने के बाद डंपर रुक गया। वह दोनों बाल-बाल बचे। डंपर की टक्कर से एक मां-बेटा भी सड़क पर गिर गए। पुलिस ने दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, वह प्राथमिक उपचार के बाद दोनाें वहां से चले गए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।