विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जब मन कई बातों में उलझ जाए, तो पढ़ें गीता का यह श्लोक, मिलेगी मन को शांति और जीवन को नई दिशा

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:00 AM (GMT+05:30)

जब मन कई बातों में उलझ जाए तो पढ़ें गीता का यह श्लोक, मिलेगी शांति और नई दिशा। जानें भगवद्गीता अध्याय 2 श्लोक 52 का सरल अर्थ, मोह से मुक्ति का उपाय और जीवन में स्पष्टता लाने वाली प्रेरणादायक सीख के बारे में विस्तार से।

जब मन की उलझनें बढ़ें, तो गीता का यह श्लोक देगा शांति और नई दिशा । (Picture Credit- AI Generated)

जब मन की उलझनें बढ़ें, तो गीता का यह श्लोक देगा शांति और नई दिशा । (Picture Credit- AI Generated)

HighLights

  1. गीता का श्लोक 52 मन की उलझनें सुलझाता है।

  2. मोह और भ्रम से निकलकर बुद्धि स्थिर होती है।

  3. दूसरों की सलाह पर नहीं, विवेक से फैसले लें।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। जीवन में कई बार ऐसा समय आता है, जब हमारा मन एक साथ बहुत सारी बातों में उलझ जाता है। कभी भविष्य की चिंता सताती है, तो कभी बीते हुए कल की बातें परेशान करती हैं। कभी दूसरों की सलाह हमें भ्रमित कर देती है, तो कभी अपने ही विचारों के बीच हम सही और गलत का फैसला नहीं कर पाते। ऐसी स्थिति में मन अशांत हो जाता है और समझ नहीं आता कि आखिर क्या करें और किस दिशा में आगे बढ़ें।

ऐसे समय में श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 2, श्लोक 52 हमें सही रास्ता दिखा सकता है और मन को मोह, भ्रम और अनावश्यक उलझनों से बाहर निकाल सकता है।

गीता का कौन-सा श्लोक देता है मन को शांति?

भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को समझाते हुए कहा है कि जब मनुष्य की बुद्धि मोह रूपी दलदल से बाहर निकल जाती है, तब वह सुनी हुई और आगे सुनने वाली बातों के प्रति अनावश्यक आकर्षण और उलझन से मुक्त हो जाता है।

यदा ते मोहकलिलं बुद्धिर्व्यतितरिष्यति ।

तदा गन्तासि निर्वेदं श्रोतव्यस्य श्रुतस्य च ॥

श्लोक का अर्थ

भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि जब तुम्हारी बुद्धि मोह और भ्रम के दलदल को पूरी तरह पार कर जाएगी, तब तुम उन बातों के प्रति अनासक्त हो जाओगे, जिन्हें तुम पहले सुन चुके हो और जिन्हें आगे सुनने वाले हो।

इसका सरल अर्थ है कि जब इंसान के भीतर सही और गलत की समझ विकसित हो जाती है, तब वह दूसरों की हर बात से प्रभावित नहीं होता। वह हर सलाह को अपने मन पर बोझ नहीं बनने देता और न ही हर नई जानकारी के कारण अपनी सोच बदलता रहता है। उसकी बुद्धि स्थिर होने लगती है और वह अपने विवेक से फैसले लेने लगता है।

मन की उलझनों का सबसे बड़ा कारण क्या है?

कई बार हमारी परेशानी परिस्थितियों से ज्यादा हमारे विचारों के कारण होती है। हम एक ही बात को बार-बार सोचते रहते हैं। किसी ने हमारे बारे में क्या कहा, भविष्य में क्या होगा, लोग हमारे फैसले को सही मानेंगे या नहीं, इन सभी सवालों में मन उलझा रहता है।

इसके अलावा, आज के समय में हमें हर तरफ से सलाह मिलती है। कोई कुछ करने को कहता है, तो कोई कुछ और। ऐसे में हम अपनी समझ पर भरोसा करना छोड़ देते हैं। गीता का यह श्लोक हमें सिखाता है कि हर बात को सुनना जरूरी नहीं कि उसे अपने मन पर हावी भी होने दिया जाए। दूसरों की राय सुनें, लेकिन फैसला अपने विवेक से करें।

यह भी पढ़ें- दूसरों की तरक्की देखकर मन में आती है ईर्ष्या? श्रीमद्भगवद्गीता के 2 श्लोक बदल देंगे आपकी सोच

यह भी पढ़ें- श्रीमद्भगवद्गीता का वो श्लोक जो सिखाता है अपनों और गैरों में फर्क करना, जानिए इसका गहरा अर्थ और संदेश

इसलिए जब भी मन कई बातों में उलझ जाए, तो खुद को थोड़ा समय दें। हर आवाज के पीछे भागने के बजाय अपने भीतर की समझ को मजबूत बनाएं। क्योंकि जीवन में शांति तब आती है, जब हम हर बात का जवाब ढूंढना छोड़कर यह समझना सीख जाते हैं कि किन बातों को महत्व देना है और किन्हें जाने देना है। यही गीता के इस श्लोक की सबसे सुंदर सीख है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।