अगर आपको भी हर पल सताता है भविष्य का डर, तो जरूर पढ़ें गीता के 2 श्लोक! श्रीकृष्ण की सीख से शांत होगा मन
कई लोग भविष्य की चिंता में वर्तमान को ठीक से जी नहीं पाते। भगवद्गीता के दो श्लोक बताते हैं कि कैसे कर्म पर ध्यान केंद्रित कर और सुख-दुख को अस्थायी मानकर भविष्य की चिंता से मुक्त हुआ जा सकता है।

भगवद्गीता के श्लोक श्रीकृष्ण की सीख (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
कर्म पर ध्यान दें, परिणाम की चिंता न करें।
सफलता-असफलता में समान भाव रखना ही सच्चा योग है।
सुख-दुख अस्थायी हैं, उन्हें धैर्य से सहन करें।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हममें से ज्यादातर लोगों को वर्तमान से ज्यादा भविष्य की चिंता सताती है। कभी करियर और आर्थिक स्थिति को बेहतर करने का डर, तो कभी आने वाले समय में रिश्तों की बागडोर को संभालने के बारे में सोचना एक आम आदत है।
यही नहीं कई बार ऐसा भी होता है कि आने वाले समय के बारे में सोचते-सोचते हम अपना वर्तमान भी ठीक से नहीं जी पाते हैं। ऐसे में भगवद्गीता के कुछ श्लोक जीवन को आगे बढ़ाने की सीख देते हैं। भगवान श्री कृष्ण ने गीता में कई ऐसी बातें बताई हैं, जो आज के समय में भी लोगों के लिए प्रासंगिक हैं।
ऐसे ही भविष्य की चिंता को लेकर श्रीकृष्ण की दी गई सीख जीवन को एक नई दिशा दे सकती है। आइए आपको बताए हैं गीता के उन दो श्लोकों के बारे में जो भविष्य की चिंता किए बिना वर्तमान को बेहतर बनाने के बारे में बताते हैं।
भविष्य की चिंता छोड़कर करें अपना कर्म
भगवद्गीता के दूसरे अध्याय के 48वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को सफलता और असफलता में समान भाव रखने की सीख देते हैं। उनका कहना है कि मनुष्य को आसक्ति छोड़कर सदैव अपना कर्म करना चाहिए। इसका परिणाम चाहे अनुकूल हो या प्रतिकूल, मन का संतुलन बनाए रखना ही सच्चे योग का स्वरूप है। यदि व्यक्ति सिर्फ अपने कर्म पर ध्यान देता है, तो निश्चय ही भविष्य में अच्छे परिणाम मिलते हैं।
श्लोक:
योगस्थः कुरु कर्माणि सङ्गं त्यक्त्वा धनञ्जय।
सिद्ध्यसिद्ध्योः समो भूत्वा समत्वं योग उच्यते॥
श्लोक का अर्थ: हे धनंजय! आसक्ति छोड़कर सफलता और असफलता में समान भाव रखते हुए अपना कर्म करो। यही समत्व योग कहलाता है।
इस श्लोक के माध्यम से श्रीकृष्ण समझाते हैं कि हर परिस्थिति में मन का संतुलन बनाए रखना जरूरी है। अक्सर देखा जाता है कि लोग किसी काम को शुरू करने से पहले ही उसके परिणाम के बारे में सोचकर परेशान होने लगते हैं। ऐसा करने के बजाय आप केवल अपने कर्म पर ध्यान केंद्रित करें, तभी सफलता के योग बनेंगे और भविष्य भी उज्जवल होगा।
सुख-दुख और परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहती
भगवद्गीता के दूसरे अध्याय के 14वें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को बताते हैं कि जीवन में सुख और दुख दोनों आते-जाते रहते हैं। कोई भी परिस्थिति हमेशा एक जैसी नहीं रहती है। इसलिए मनुष्य को मुश्किल समय में धैर्य बनाए रखना चाहिए और विपरीत परिस्थितियों से कभी घबराना नहीं चाहिए।
श्लोक:
मात्रास्पर्शास्तु कौन्तेय शीतोष्णसुखदुःखदाः।
आगमापायिनोऽनित्यास्तांस्तितिक्षस्व भारत॥
श्लोक का अर्थ: हे कुंतीपुत्र! इंद्रियों और विषयों के संपर्क से सर्दी-गर्मी तथा सुख-दुख का अनुभव होता है। ये सभी आने-जाने वाले और अनित्य हैं। इसलिए हे भरतवंशी! तुम इन्हें धैर्यपूर्वक सहन करो।
इस श्लोक में श्रीकृष्ण जीवन की एक महत्वपूर्ण सच्चाई समझाते हैं कि समय और परिस्थितियां कभी एक जैसी नहीं रहतीं। जिस तरह सर्दी और गर्मी का मौसम बदलता रहता है, उसी तरह जीवन में सुख और दुख भी आते-जाते रहते हैं।
जब भी मन में भविष्य को लेकर डर या बेचैनी हो, आपको इन दो श्लोकों का स्मरण कर लेना चाहिए। ये श्लोक आपके भविष्य की चिंता को दूर करेंगे और वर्तमान को भी बेहतर बनाने में मदद करेंगे।
यह भी पढ़ें- जो बीत गया उसे भूलकर आगे कैसे बढ़ें? गीता के इन 2 श्लोकों में छिपा है जीवन बदलने का सबसे बड़ा मंत्र
यह भी पढ़ें- परिणाम की चिंता से लेकर फैसलों के डर तक: जब जिंदगी में कुछ समझ न आए, तो काम आएंगे गीता के ये 10 श्लोक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।