विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जो बीत गया उसे भूलकर आगे कैसे बढ़ें? गीता के इन 2 श्लोकों में छिपा है जीवन बदलने का सबसे बड़ा मंत्र

Published: Mon, 16 Nov 2026 08:00 AM (IST)

यह लेख बताता है कि कैसे श्रीमद्भगवद्गीता के दो श्लोक हमें बीती बातों को भुलाकर वर्तमान में जीने और भविष्य ...और पढ़ें

बीते कल को भुलाकर आगे बढ़ने का मंत्र (Picture Credit: AI Generated)

बीते कल को भुलाकर आगे बढ़ने का मंत्र (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. सुख-दुख अस्थायी हैं, धैर्यपूर्वक सहन करना सीखें।

  2. कर्म पर ध्यान दें, परिणामों की चिंता न करें।

  3. पुरानी गलतियों को भुलाकर वर्तमान में जिएं।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। जीवन में कई बार ऐसा समय आता है, जब बीती हुई बातें हमारा पीछा नहीं छोड़तीं। कभी किसी अपने का व्यवहार मन को दुखी कर देता है, तो कभी असफलता, पुरानी गलतियां या अधूरी इच्छाएं हमें आगे बढ़ने से रोकती हैं। ऐसे में हम बार-बार उन्हीं घटनाओं के बारे में सोचते रहते हैं और भूत के साथ अपना वर्तमान भी खराब करते हैं।

ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर बीते हुए कल को भूलकर जीवन में आगे कैसे बढ़ा जाए? ऐसी किसी भी बात की चिंता से बाहर आने के लिए कृष्ण ने गीता में कई बातें बताई हैं। ऐसी परिस्थिति में आपको क्या करना चाहिए इसका एक सुंदर उत्तर श्रीमद्भगवद्गीता में मिलता है।

महाभारत के युद्धक्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को जीवन की ऐसी सीख दी है, जो आज भी हर व्यक्ति के लिए प्रासंगिक है। आइए आपको बताते हैं गीता के उन दो श्लोकों के बारे में जो बीते समय को भुलाकर आगे बढ़ने की सीख देते हैं।

सुख-दुख को अस्थायी समझकर आगे बढ़ें

श्री कृष्ण गीता में बताते हैं कि व्यक्ति को अपने किसी भी सुख-दुःख को भुलाकर आगे बढ़ना चाहिए। भूत के लिए अपना वर्तमान और भविष्य खराब नहीं करना चाहिए।

श्लोक

मात्रास्पर्शास्तु कौन्तेय शीतोष्णसुखदुःखदाः।
आगमापायिनोऽनित्यास्तांस्तितिक्षस्व भारत॥

श्लोक का अर्थ: हे कुंतीपुत्र अर्जुन! इंद्रियों और उनके विषयों के संपर्क से सर्दी-गर्मी तथा सुख-दुख का अनुभव होता है। ये सभी आने-जाने वाले और अनित्य हैं। इसलिए हे अर्जुन! इन्हें धैर्यपूर्वक सहन करना सीखो।

श्लोक की सीख

भगवान श्रीकृष्ण इस श्लोक के माध्यम से समझाते हैं कि जीवन में कोई भी परिस्थिति हमेशा एक जैसी नहीं रहती है। जिस तरह सर्दी और गर्मी का मौसम बदलता रहता है, उसी तरह सुख और दुख भी आते-जाते रहते हैं।

कई बार हम किसी पुराने दुख, रिश्ते में मिली निराशा या असफलता को अपने मन में इतना स्थान दे देते हैं कि वर्तमान में भी खुश नहीं रह पाते। गीता के इस श्लोक से यह सीख मिलती है कि आपको किसी एक घटना को अपने पूरे जीवन की पहचान नहीं बनने देना चाहिए और पुरानी बातों को भुलाकर आगे के बारे में सोचना चाहिए।

बीते हुए परिणामों को छोड़कर अपने कर्म पर ध्यान दें

श्री कृष्ण अर्जुन को बताते हैं कि व्यक्ति को सदैव पुराने समय में मिले परिणामों का विचार त्यागकर आगे बढ़ना चाहिए और अपने कर्म पर हमेशा ध्यान देना चाहिए।

श्लोक

कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन।
मा कर्मफलहेतुर्भूर्मा ते सङ्गोऽस्त्वकर्मणि॥

श्लोक का अर्थ: तुम्हारा अधिकार केवल कर्म करने में है, उसके फलों में कभी नहीं। इसलिए तुम कर्मफल को अपना उद्देश्य मत बनाओ और कर्म न करने में भी तुम्हारी आसक्ति नहीं होनी चाहिए।

श्लोक की सीख

श्रीमद्भगवद्गीता का यह सबसे प्रसिद्ध श्लोक हमें जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता दिखाता है। भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को समझाते हैं कि मनुष्य को अपना पूरा ध्यान वर्तमान के कर्म पर लगाना चाहिए। परिणाम की चिंता में उलझकर अपने प्रयासों को कमजोर नहीं करना चाहिए।

अक्सर देखा जाता है कि हम पुरानी असफलताओं को याद करके दोबारा प्रयास करने से डरते हैं। हमें लगता है कि पहले जो हुआ, वही फिर होगा। इसी डर के कारण कई अच्छे अवसर भी हाथ से निकल जाते हैं।

गीता का यह श्लोक सिखाता है कि बीते हुए परिणामों को बदलना हमारे हाथ में नहीं है, लेकिन आगे के समय में कर्म करके फल को बदला जा सकता है।

गीता के ये दोनों ही श्लोक व्यक्ति को कठिन परिस्थिति में भी आगे बढ़ने की और भूत को भुलाकर भविष्य को उज्जवल बनाने की प्रेरणा देते हैं।

यह भी पढ़ें- श्रीमद्भगवद्गीता के 2 श्लोकों में छिपा जीवन का गहरा रहस्य, श्रीकृष्ण ने बताया मोह-माया से मुक्ति का मार्ग

यह भी पढ़ें- घोर निराशा में भी जगा देंगे नई उम्मीद! जब अकेले पड़ जाएं तो याद करें भगवत गीता के ये 3 श्लोक

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।