सृष्टि रक्षा के लिए भगवान विष्णु को क्यों करना पड़ा था छल? जानिए वृंदा के श्राप से लेकर तुलसी विवाह का पूरा रहस्य
यह पौराणिक कथा वृंदा के श्राप से लेकर तुलसी विवाह तक की कहानी बताती है, जिसमें भगवान विष्णु ने सृष्टि ...और पढ़ें

क्या है तुलसी विवाह का रहस्य? (Picture Credit: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी या द्वादशी तिथि पर तुलसी विवाह का पावन पर्व मनाया जाता है। हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष महत्व है। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं, जिसके बाद सभी शुभ और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
तुलसी विवाह के दिन माता तुलसी की विशेष पूजा- अर्चना करने का विधान है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, तुलसी जी का पूजन करने से वैवाहिक जीवन के कलह-क्लेश दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति व सकारात्मक बनी रहती है। साथ ही अखंड सौभाग्य और पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
पौराणिक कथा के अनुसार, वृंदा दैत्यराज जलंधर की पत्नी थीं और भगवान विष्णु की परम भक्त भी थीं, लेकिन आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक परम भक्त ने अपने ही आराध्य भगवान विष्णु को इतना कठोर श्राप दे दिया? इस पावन कथा का वर्णन पद्म पुराण, शिव पुराण और स्कंद पुराण में विस्तार से मिलता है। आइए जानते हैं कि वृंदा ने भगवान विष्णु को श्राप क्यों दिया था और वे कैसे माता तुलसी बनीं।
वृंदा ने क्यों दिया भगवान विष्णु को श्राप?
पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन काल में वृंदा नाम की एक कन्या थी। राक्षस कुल में जन्म लेने के बावजूद वह बचपन से ही भगवान विष्णु की परम भक्त थी। उसका विवाह असुर जलंधर के साथ हुआ। विवाह के बाद भी वृंदा एक आदर्श पतिव्रता पत्नी की तरह जीवन व्यतीत करने लगी और श्रीहरि की आराधना में लीन रहने लगी।
एक बार देवताओं और दानवों के बीच भीषण युद्ध छिड़ गया। दानवों का आतंक चरम पर था और उनका नेतृत्व सबसे शक्तिशाली असुर जलंधर कर रहा था, जिसे युद्ध में परास्त करना किसी के लिए भी संभव नहीं था। जलंधर की इस अजेय शक्ति का सबसे बड़ा रहस्य उसकी पत्नी वृंदा का तपोबल और सतीत्व था। पति के प्रति वृंदा की अटूट निष्ठा जलंधर के लिए एक अभेद्य सुरक्षा कवच का काम कर रही थी। जलंधर के प्रहारों के आगे जब देवता हारने लगे, तब अपनी रक्षा की गुहार लेकर वे भगवान विष्णु की शरण में पहुंचे।
भगवान विष्णु ने लिया कठोर फैसला
भगवान विष्णु जानते थे कि जब तक वृंदा का पतिव्रत धर्म अक्षुण्ण रहेगा, तब तक जलंधर का अंत संभव नहीं है। इसलिए सृष्टि की रक्षा के लिए विष्णु जी ने एक कठोर निर्णय लिया और जलंधर का रूप धारण कर वृंदा के समक्ष पहुंचे। पति को सकुशल और विजयी मानकर वृंदा ने जैसे ही आगे बढ़कर उनके चरण स्पर्श किए, उसकी पूजा और ध्यान भंग हो गया। वृंदा का सतीत्व खंडित होते ही युद्धभूमि में जलंधर का दिव्य रक्षा-कवच नष्ट हो गया और भगवान शिव के हाथों उसका वध हो गया।
जब वृंदा को यह ज्ञात हुआ कि उसके आराध्य भगवान विष्णु ने ही उसके साथ छल किया है, तो वह गहरे शोक और क्रोध से भर गई। आहत होकर वृंदा ने श्राप देते हुए कहा, "जिस तरह आपने छल करके मुझे मेरे पति से अलग किया है, उसी तरह धरती पर आपके हर अवतार का प्रेम अधूरा रहेगा। जब आप राम बनेंगे तो सीता का वियोग सहना पड़ेगा, और जब कृष्ण बनेंगे तो राधा से प्रेम पाकर भी आपका मिलन अधूरा रहेगा।"
इसके बाद जब तीनों लोकों में हाहाकार मचा, तब देवताओं और माता लक्ष्मी की विनती पर वृंदा ने भगवान को पाषाण होने के प्रभाव से मुक्त किया और स्वयं अपने पति के कटे शीश को गोद में लेकर चिता में सती हो गईं। वृंदा की पवित्र भस्म से एक दिव्य प्रकाश पुंज निकला, जिससे एक पौधे की उत्पत्ति हुई, जिसे भगवान विष्णु ने 'तुलसी' नाम दिया।
तब भगवान विष्णु ने वृंदा के त्याग और भक्ति का सम्मान करते हुए वरदान दिया कि हर पूजा में तुलसी का स्थान सर्वोपरि रहेगा। उनके बिना श्रीहरि की आराधना सदैव अधूरी मानी जाएगी और तुलसी दल के बिना भगवान किसी भी नैवेद्य या भोग को स्वीकार नहीं करेंगे। इसलिए आज भी हर हर साल देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह माता तुलसी कराया जाता है।
यह भी पढ़ें- तुलसी विवाह 2026: कब है शुभ मुहूर्त और क्या है सही पूजा विधि? जानें पूरी जानकारी
यह भी पढ़ें- शहनाइयों की गूंज और चातुर्मास का समापन: नवंबर में कब हैं 'रमा' और 'देवउठनी' एकादशी? नोट करें सही तारीख और शुभ मुहूर्त
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।