विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP में 'कंगना खुलाई', पंजाब में 'गाना खोलना'... एक ही रस्म के हर राज्य में अलग नाम, क्या है इस रिवाज का रहस्य?

Published: Fri, 27 Nov 2026 12:35 PM (IST)

विवाह में निभाई जाने वाली कंगना रस्म का विशेष महत्व है, जिसे वर-वधू को बुरी नजर से बचाने और शुभता के लिए बांधा जाता है। यह पवित्र धागा हल्दी, कौड़ी जैसी शुभ चीजों से पिरोया जाता है और गृह प्रवेश के बाद विभिन्न राज्यों में अलग-अलग नामों से खोला जाता है।

ढोलक की थाप के दौरान निभाई जाती है कंगना खुलाई की रस्म। (Picture Credits- AI Images)

ढोलक की थाप के दौरान निभाई जाती है कंगना खुलाई की रस्म। (Picture Credits- AI Images)  

HighLights

  1. कंगना रस्म वर-वधू को बुरी नजर से बचाती है।

  2. इसमें हल्दी, कौड़ी, सुपारी जैसी शुभ चीजें पिरोई जाती हैं।

  3. गृह प्रवेश के बाद विभिन्न राज्यों में अलग नामों से खुलती है।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। चातुर्मास के समापन के साथ ही शादी-विवाह के शुभ मुहूर्तों की शुरुआत हो गई है। हर तरफ शहनाई की मधुर धुन सुनने को मिल रही है। विवाह एक पवित्र बंधन माना जाता है और इस दौरान कई खास रस्में निभाई जाती हैं, जिनमें मधुर लोकगीत भी सुनने को मिलते हैं।

रीति-रिवाजों के बिना विवाह अधूरा माना जाता है। इसलिए विवाह के दौरान निभाई जाने वाली रस्मों का विशेष महत्व होता है। इन्हीं में कंगना (Wedding Kangna Ritual) की रस्म भी शामिल है। विवाह से पहले वर-वधू को एक पवित्र धागा बांधा जाता है, जिसमें कौड़ी, हल्दी की गांठ और सुपारी जैसी शुभ चीजें पिरोई जाती हैं।

इसे वर-वधू का सुरक्षा कवच माना जाता है। शादी और दुल्हन के गृह प्रवेश के बाद कंगना खोला जाता है। इस रस्म के बारे में जानकर आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि आखिर शादी के दौरान कंगना बांधने की परंपरा क्यों निभाई जाती है और इसका क्या महत्व है? आइए इस आर्टिकल में विस्तार से जानते हैं इस रस्म के रहस्य के बारे में।

Wedding Kangna Ritual (1)

(Picture Credits- AI Images)  

क्यों बांधा जाता है कंगना?

हिंदू विवाह परंपरा के अनुसार, विवाह से पहले वर-वधू के हाथों में कंगना बांधा जाता है, जिसे शुभता, सुरक्षा और वैवाहिक संकल्प का प्रतीक माना जाता है। कंगना इसलिए बांधा जाता है, ताकि वर-वधू को बुरी नजर न लगे और उन पर किसी नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव न पड़े। इसी वजह से इसे वर-वधू का सुरक्षा कवच माना जाता है।

कंगना में क्या-क्या बांधा जाता है?

विवाह के दौरान निभाई जाने वाली कंगना की रस्म को बेहद शुभ माना जाता है। इसमें मुख्य रूप से कच्चा सूत या लाल-पीली मौली, हल्दी की गांठ, सुपारी, कौड़ी, राई या सरसों के दाने, लोहे का छोटा छल्ला और चांदी या तांबे का सिक्का पिरोया जाता है। मान्यता है कि ये सभी चीजें वर-वधू को बुरी नजर से बचाने में फलदायी साबित होती हैं।

कब खोला जाता है कंगना?

जब विवाह संपन्न होने के बाद दुल्हन ससुराल में प्रवेश करती है, तो उसी दिन कंगना खोलने की रस्म निभाई जाती है। इसे 'कंगना खुलाई' के नाम से जाना जाता है। इस रस्म के दौरान घर की महिलाएं वर-वधू के साथ हंसी-मजाक करती हैं और मधुर लोकगीत गाती हैं, जिससे घर का माहौल बेहद खुशनुमा बन जाता है।

अलग-अलग राज्यों में किस नाम से जानी जाती है यह रस्म?

उत्तर प्रदेश और बिहार में इस रस्म को कंगन खोलना और कंगना खुलाई के नाम से जाना जाता है। वहीं, हरियाणा और राजस्थान में इसे कंगना खेलना या कांकण डोरड़ा खोलना कहा जाता है। इसके अलावा मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इसे कंगन छूटना या कंकण विसर्जन के नाम से जाना जाता है। पंजाब में इस रस्म को 'गाना खोलना' या 'कंगना खेड़ना' और हिमाचल प्रदेश में 'कंगना खोलना' या 'कंगना डोर खोलना' कहा जाता है।

यह भी पढ़ें- लाल नहीं, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की मांग में सजा गुलाबी 'भखरा सिंदूर'! क्या है बिहार की इस परंपरा का महत्व

यह भी पढ़ें- सिर्फ एक रिवाज नहीं, पंचतत्वों का आह्वान है 'मटकोर'; बिहार-पूर्वांचल की शादियों में क्यों खास है यह रस्म?

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।