विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गीता के इस श्लोक में बताया गया है तरीका, सच-चित-आनंद को समझने वाला ही पाता है श्रीकृष्ण की कृपा

Published: Sat, 21 Nov 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

गीता के दसवें अध्याय के दसवें श्लोक में श्रीकृष्ण ने भक्तों को कृपा पाने का तरीका बताया है। जानिए सच-चित-आनंद का अर्थ, सच्चिदानंद स्वरूप का रहस्य और इस श्लोक से मिलने वाली जीवन बदल देने वाली सीख।

जीवन का सबसे बड़ा सबक सिखाता है गीता का यह श्‍लोक। (Picture Credit- AI Generated)

जीवन का सबसे बड़ा सबक सिखाता है गीता का यह श्‍लोक। (Picture Credit- AI Generated)

HighLights

  1. गीता के श्लोक 10.10 में श्रीकृष्ण की कृपा का रहस्य।

  2. सच्चिदानंद स्वरूप का अर्थ: सत्, चित् और आनंद।

  3. श्रीकृष्ण की कृपा पाने के लिए तीन महत्वपूर्ण सूत्र।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। श्रीमद्भगवद्गीता हिंदू धर्म का एक ऐसा पवित्र ग्रंथ है, जिसमें जीवन जीने से लेकर ईश्वर की भक्ति और मोक्ष प्राप्ति तक का मार्ग बताया गया है। भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में अर्जुन को कई ऐसी महत्वपूर्ण बातें समझाई हैं, जो आज भी मनुष्य को सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।

गीता के दसवें अध्याय के दसवें श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण ने बताया है कि किस प्रकार सच्चे भक्त को उनकी कृपा प्राप्त होती है। इस श्लोक में निरंतर भक्ति, प्रेम और बुद्धियोग का विशेष महत्व बताया गया है। साथ ही वेदांत दर्शन में वर्णित श्रीकृष्ण के सच्चिदानंद स्वरूप को समझने का मार्ग भी मिलता है। आइए जानते हैं इस श्लोक का अर्थ और इससे मिलने वाली खास सीख।

गीता के इस श्लोक में छिपा है श्रीकृष्ण की कृपा पाने का रहस्य

श्रीमद्भगवद्गीता के अध्याय 10 के श्लोक 10 में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि जो भक्त हमेशा उनसे जुड़े रहते हैं और पूरे प्रेम के साथ उनकी भक्ति करते हैं, उन्हें भगवान स्वयं बुद्धियोग प्रदान करते हैं। इसी दिव्य ज्ञान की मदद से भक्त परमात्मा को प्राप्त कर सकता है।

श्लोक:

तेषां सततयुक्तानां भजतां प्रीतिपूर्वकम्।

ददामि बुद्धियोगं तं येन मामुपयान्ति ते॥

अर्थ: जो भक्त निरंतर मुझमें लगे रहते हैं और प्रेमपूर्वक मेरा भजन करते हैं, उन्हें मैं ऐसा बुद्धियोग प्रदान करता हूं, जिसके माध्यम से वे मुझे प्राप्त कर लेते हैं।

क्या होता है सच्चिदानंद स्वरूप?

हिंदू धर्म में सच्चिदानंद शब्द का विशेष महत्व है। यह तीन शब्दों से मिलकर बना है- सत्, चित् और आनंद। इसे परमात्मा के शाश्वत स्वरूप का वर्णन करने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।

  • सत् का अर्थ है ऐसा सत्य, जिसका कभी नाश नहीं होता। संसार में मौजूद हर चीज बदलती रहती है, लेकिन परमात्मा का अस्तित्व हमेशा बना रहता है। वह समय और परिवर्तन से परे है।
  • चित् का अर्थ है शुद्ध चेतना और दिव्य ज्ञान। यह अज्ञान के अंधकार को दूर करने वाला तत्व है। परमात्मा को ज्ञान का परम स्रोत माना गया है।
  • आनंद का अर्थ है ऐसा असीम सुख, जो बाहरी परिस्थितियों या भौतिक वस्तुओं पर निर्भर नहीं करता। यह आत्मिक शांति और परमात्मा से जुड़ने की अनुभूति है।

श्रीकृष्ण की कृपा पाने के लिए अपनाएं ये 3 सूत्र

  • श्रीकृष्ण के अनुसार, सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होनी चाहिए। व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन के हर अच्छे कर्म में भगवान का स्मरण करना चाहिए। जब इंसान अपने काम को ईश्वर को समर्पित करके करता है, तो उसका मन धीरे-धीरे भक्ति की ओर बढ़ता है।
  • भगवान श्रीकृष्ण ने श्लोक में प्रीतिपूर्वकम् शब्द का इस्तेमाल किया है। इसका अर्थ है प्रेमपूर्वक। यानी भगवान की भक्ति किसी डर, लालच या दिखावे के लिए नहीं, बल्कि सच्चे प्रेम और श्रद्धा से करनी चाहिए। ऐसी भक्ति व्यक्ति के मन को शांति देती है और उसे ईश्वर के करीब ले जाती है।
  • भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं कि जो भक्त सच्चे मन से उनकी आराधना करता है, उसे वे बुद्धियोग प्रदान करते हैं। इसका अर्थ है ऐसी दिव्य समझ, जिससे व्यक्ति सही और गलत के बीच अंतर कर सके। यह ज्ञान उसे संसार की नश्वरता समझने और परमात्मा के शाश्वत स्वरूप की ओर बढ़ने में मदद करता है।

गीता के इस श्लोक से क्या मिलती है सीख?

भगवद्गीता के इस श्लोक से यह सीख मिलती है कि भगवान की कृपा पाने के लिए केवल बाहरी पूजा पर्याप्त नहीं है। इसके लिए मन में सच्चा प्रेम, श्रद्धा और निरंतर भक्ति का भाव होना जरूरी है। जब व्यक्ति पूरी निष्ठा से भगवान को याद करता है, तो उसे सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा और विवेक मिलता है। यही बुद्धियोग है, जो मनुष्य को परमात्मा की ओर ले जाने का मार्ग दिखाता है।

यह भी पढ़ें- सफलता-असफलता में मन को शांत रखते हैं गीता के ये 2 शक्तिशाली श्लोक, हर उलझन का देते हैं सटीक समाधान

यह भी पढ़ें- जो बीत गया उसे भूलकर आगे कैसे बढ़ें? गीता के इन 2 श्लोकों में छिपा है जीवन बदलने का सबसे बड़ा मंत्र

अत: हम सभी को ईश्‍वर से हमेशा जुड़े रहना चाहिए फिर चाहे सुख हो या दुख और हमेशा सत्‍य का साथ देना चाहिए ताकि किसी बात की चिंता न रहे और जीवन सुख से बीत जाए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।