देव दीवाली पर लखवरी दीपक का क्या है महत्व? एक दीपक से कैसे मिलता है लाख दीपकों का फल, जानिए पूरी परंपरा
देव दीवाली पर लखवरी दीपक का क्या है महत्व जानें। एक दीपक जलाने से कैसे मिलता है लाख दीपकों का पुण्य, जानिए लखवरी दीपक जलाने की परंपरा, सही विधि, शुभ मुहूर्त और धार्मिक मान्यता।

देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी में 'लखवरी दीपक' जलाने की विशेष परंपरा है। (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। कार्तिक पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में बेहद खास माना जाता है। इस दिन देशभर में श्रद्धालु दीपदान करते हैं। खासकर काशी यानी वाराणसी में देव दीपावली का नजारा देखते ही बनता है। गंगा के घाटों पर लाखों दीपक जलाए जाते हैं और पूरा शहर रोशनी से जगमगा उठता है। इसी अवसर पर 'लखवरी दीपक' जलाने की परंपरा भी है। मान्यता है कि इस दीपक को श्रद्धा और संकल्प के साथ जलाने से एक लाख दीपदान के समान पुण्य प्राप्त होता है।
हमने इस विशेष प्रकार के दीपदानक के बारे में बाबा विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अचर्क डॉक्टर श्री शिव मिश्रा से बात की है। वह कहते हैं, "वाराणसी एक ऐसा स्थान है, जहां स्वंय महादेव निवास करते हैं और क्योंकि शिव ने इस धरती को अपना निवास स्थान चुना तो 36 करोड़ देवी-देवाताओं ने भी इस नगर को अपना वास स्थान बना लिया। ऐसे में पूरी धरती में इससे पवित्र स्थान और कोई नहीं हो सकता है। इसलिए देव दीवाली के अवसर पर यहां लखवरी दीपक जलाए जाने की परंपरा है। हालांकि, देश भर में लोग आपने संकल्प और परंपरा के अनुसार अलग-अलग संख्या में दीपक जलाते हैं, मगर इस दिन लखवरी दीपक जलाना 1 लाख दीप दान के बराबर माना जाता है।"
क्या होता है लखवरी दीपक?
लखवरी दीपक को दीपदान की एक विशेष परंपरा माना गया है। 'लखवरी' शब्द का संबंध लाख की संख्या या लाख दीपों के पुण्य से माना जाता है। धार्मिक और लोक मान्यताओं में इसका उद्देश्य एक दीपक के माध्यम से लाखों दीपदान का संकल्प लेना है।
पंडित जी बताते हैं, " कुछ लोग 365 बातियों वाला दीपक जलाने की मान्यता को भी महत्व देते हैं। इसे साल के प्रत्येक दिन के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। वहीं, कुछ स्थानों पर 108 दीपक या बड़ी संख्या में दीप जलाकर भगवान शिव और भगवान विष्णु की आराधना की जाती है।"
लखवरी दीपक जलाने की विधि
कार्तिक पूर्णिमा के दिन लखवरी दीपक जलाने के लिए सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र पहनें। इसके बाद घर के पूजा स्थल या किसी मंदिर में भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का ध्यान करें। यदि गंगा नदी के किनारे दीपदान कर रहे हैं, तो स्थानीय नियमों और सुरक्षा का ध्यान रखें।
दीपक जलाने की सामान्य विधि इस प्रकार है:
- मिट्टी, पीतल या अपनी परंपरा के अनुसार धातु का बड़ा दीपक लें। यदि 365 बातियों वाला दीपक जलाना है, तो उसमें निर्धारित संख्या में बातियां रखें।
- दीपक में शुद्ध घी या तिल का तेल डालें। कुछ परंपराओं में सरसों के तेल का भी इस्तेमाल किया जाता है। पंडित जी कहते हैं, "तिल का तेल बहुत ही शुभ होता है, मगर देवताओं के दीपक में यदि गाय के दूध का घी इस्तेमाल किया जाए तो इसे ज्यादा फलदायी माना जाता है।"
- हाथ में जल और पुष्प लेकर भगवान शिव तथा भगवान विष्णु का ध्यान करें। परिवार की सुख-शांति और सभी के कल्याण की कामना करें।
- श्रद्धापूर्वक दीपक जलाएं और भगवान के सामने दीपदान का संकल्प दोहराएं।
- मंत्र और आरती करें: 'ॐ नमः शिवाय' और 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें। इसके बाद भगवान की आरती करें।
- अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र या अन्य आवश्यक वस्तुएं दान करें।
दीपदान का महत्व
स्कंद पुराण और पद्म पुराण में कार्तिक मास में दीपदान की महिमा का वर्णन मिलता है। इन पुराणों में कार्तिक मास के व्रत, स्नान, पूजा और दीपदान के महत्व को बताया गया है। इन मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक महीने में भगवान के सामने दीपक जलाना शुभ माना जाता है।
यह भी पढ़ें- कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग में मनेगी कार्तिक पूर्णिमा, 24 नवंबर को गंगा घाटों पर उमड़ेगी आस्था; दीपदान से पुण्य
यह भी पढ़ें- Kartik Purnima 2026 : देव दीपावली पर दीपदान से पाएं सुख-समृद्धि और कर्ज मुक्ति, ज्योतिर्विद बता रहे पर्व की विशेषता
अस्वीकरण: अत: कार्तिक पूर्णिमा पर लखवरी दीपक जलाने की परंपरा श्रद्धा, भक्ति और दीपदान के महत्व को दर्शाती है। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।