विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग में मनेगी कार्तिक पूर्णिमा, 24 नवंबर को गंगा घाटों पर उमड़ेगी आस्था; दीपदान से पुण्य

Published: Sun, 22 Nov 2026 05:41 PM (IST)

कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग के शुभ संयोग में मनाई जाएगी। इस दिन पटना समेत बिहार के गंगा घाटों पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे, दीपदान और भगवान विष्णु की पूजा करेंगे।

गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व

गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व

HighLights

  1. कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को कृत्तिका नक्षत्र में मनाई जाएगी।

  2. श्रद्धालु गंगा स्नान, दीपदान और भगवान विष्णु की पूजा करेंगे।

  3. घर पर भी गंगाजल मिलाकर स्नान और पूजा का विधान है।

जागरण संवाददाता, पटना। कार्तिक मास की पूर्णिमा 24 नवंबर, मंगलवार को कृत्तिका नक्षत्र और परिघ योग के शुभ संयोग में मनाई जाएगी। इस अवसर पर पटना समेत बिहार के विभिन्न गंगा घाटों और पवित्र नदियों में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। स्नान के बाद भगवान विष्णु की पूजा, सत्यनारायण व्रत कथा, दीपदान और दान-पुण्य किया जाएगा।

सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष आध्यात्मिक महत्व माना गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन स्नान, जप, तप और दान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। वहीं, काशी में देवताओं की दीपावली के रूप में प्रसिद्ध देव दीपावली भी मनाई जाएगी।

गंगा स्नान और दीपदान का विशेष महत्व

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को विशेष फलदायी माना गया है। श्रद्धालु सुबह पवित्र नदियों में स्नान कर भगवान विष्णु की आराधना करेंगे। इसके बाद दीपदान, अर्घ्य, तर्पण और दान-पुण्य की परंपरा निभाई जाएगी।

मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक किए गए धार्मिक कार्यों से पुण्य की प्राप्ति होती है। गंगा घाटों पर श्रद्धालु दीप जलाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।

भगवान विष्णु की पूजा और सत्यनारायण कथा का विधान

कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु की पूजा का विशेष विधान है। श्रद्धालु स्नान के बाद सत्यनारायण व्रत कथा सुनेंगे और भगवान विष्णु के मंत्रों का जाप करेंगे। इस दिन गीता पाठ और विष्णु सहस्रनाम का पाठ करना भी शुभ माना जाता है। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान होंगे। श्रद्धालु भगवान केशव की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।

अखंड दीप जलाने और दान करने से मिलता है पुण्य

ज्योतिषाचार्य आचार्य राकेश झा के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु की विशेष कृपा प्राप्त होती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से पापों का क्षय होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

भगवान केशव के समीप अखंड दीप प्रज्वलित करने से दिव्य कांति, धन, यश और कीर्ति की प्राप्ति होती है। गंगा स्नान के बाद दीपदान करना दस यज्ञों के बराबर पुण्यदायी माना गया है। इस दिन अन्न, धन, वस्त्र और घी का दान भी विशेष फलदायी बताया गया है।

घर पर स्नान करने वाले भी कर सकते हैं ये उपाय

जो श्रद्धालु किसी कारणवश गंगा या अन्य पवित्र नदी में स्नान करने नहीं जा सकेंगे, वे घर पर भी धार्मिक विधि से स्नान कर सकते हैं। इसके लिए स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर और हाथ में कुश लेकर स्नान करने की परंपरा है।

इसके बाद भगवान विष्णु की पूजा, दीपदान, हवन और मंत्र-जाप किया जा सकता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धा और भक्ति के साथ किए गए इन कार्यों का विशेष महत्व है।

मंदिरों में सामूहिक सत्यनारायण कथा की तैयारी

कार्तिक पूर्णिमा पर बिहार के पंजीकृत मठ-मंदिरों में सामूहिक सत्यनारायण व्रत कथा आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद के अध्यक्ष प्रो. रणबीर नंदन ने मंदिर प्रबंधन से सामूहिक कथा कराने और स्थानीय श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने की अपील की है।

इस संबंध में सभी पंजीकृत मंदिरों को पत्र भेजा जा रहा है। उनका कहना है कि मंदिरों में सामूहिक कथा के आयोजन से आध्यात्मिक वातावरण बनेगा और सामाजिक एकजुटता को भी बढ़ावा मिलेगा।

भगवान कार्तिकेय की पूजा का भी है विधान

कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु के साथ भगवान कार्तिकेय की पूजा और दर्शन का भी विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन श्रद्धालु स्नान, अर्घ्य, तर्पण, जप-तप, पूजन और कीर्तन करेंगे। मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भक्तिमय माहौल रहेगा।

वहीं, काशी में देव दीपावली के अवसर पर घाटों पर दीपों की रोशनी से अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा। इस तरह कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान, दीपदान और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालु धर्म और आस्था के पर्व में शामिल होंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।