विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी के 84 घाटों और '84 लाख योनियों' का अनोखा कनेक्शन, आखिर क्यों देव दीवाली पर गंगा किनारे जलते हैं लाखों दीये?

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:30 PM (IST)

देव दीपावली हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाती है, जिसमें काशी के 84 घाटों पर दीपदान किया जाता है। यह पर्व भगवान शिव की त्रिपुरासुर पर विजय और 84 लाख योनियों से जुड़े गहरे धार्मिक महत्व को दर्शाता है।

देव दीवाली पर काशी घाट में दीपदान (Picture Credit: AI Generated)

देव दीवाली पर काशी घाट में दीपदान (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. देव दीपावली कार्तिक पूर्णिमा को मनाई जाती है, देवता आते हैं।

  2. काशी के 84 घाटों पर दीपदान 84 लाख योनियों का प्रतीक।

  3. भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को मुक्ति दी।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हिंदू धर्म में देव दीवाली का महत्व बहुत ज्यादा है और इस दिन को देवताओं की दीपावली के रूप में मनाया जाता है। यह पर्व हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। यह केवल दीप जलाने का पर्व नहीं है बल्कि इस दिन को कशी में भगवान शिव की त्रिपुरासुर नाम के राक्षस पर विजय के रूप में भी मनाया जाता है।

देव दीवाली पर काशी के 84 घाटों पर दीपदान करने का विधान है और मान्यता है कि काशी में इस दिन देवतागण धरती पर उतरते हैं और मनुष्यों के साथ इस उत्सव का आनंद उठाते हैं। इस साल देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी। आइए आपको बताते हैं इस दिन देवतागण पृथ्वी पर क्यों आते हैं और 84 घाटों का 84 लाख योनियों से क्या संबंध है।

साल 2026 में कब मनाई जाएगी देव दीपावली?

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा यानी कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली मनाई जाती है। इस साल यह पर्व 24 नवंबर को मनाया जाएगा। इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध करके देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी।

त्रिपुरासुर के अंत से प्रसन्न होकर देवताओं ने काशी में गंगा किनारे दीप जलाकर भगवान शिव की विजय का उत्सव मनाया था। उसी समय से आज भी काशी में यह उत्सव मनाया जाता है। इस दिन गंगा घाट पर दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।

वाराणसी के 84 घाटों पर क्यों किया जाता है दीपदान?

काशी के गंगा तट पर कई प्राचीन घाट बसे हुए हैं, जिनमें से 84 घाटों का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, काशी के 84 घाट जीवन की 84 लाख योनियों के प्रतीक माने जाते हैं। इन सभी घाटों का संबंध काशी की परंपराओं और जीवन-मृत्यु से जुड़ी मान्यताओं से है।

देव दीवाली के दिन इन 84 घाटों पर दीपदान करना 84 लाख योनियों के लिए किए गए दीपदान के समान होता है। यही नहीं इस दिन सभी देवतागण पृथ्वी पर उतरकर दीवाली मनाने आते हैं इसी वजह से इस पर्व को देव दीवाली कहा जाता है।

देव दीवाली की खास परंपराएं

देव दीवाली के दिन श्रद्धालु सुबह गंगा स्नान करते हैं और शाम को घाटों पर दीपदान करते हैं। इस दौरान जितना महत्व गंगा स्नान का होता है, उतना ही गंगा आरती और नदी के किनारे दीपदान करने का भी होता है। इस दिन मुख्य रूप से काशी के दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट और अन्य प्रमुख घाटों पर दीपों की पंक्तियां अत्यंत मनमोहक लगती हैं।

श्रद्धालुगण न सिर्फ गंगा घाट में बल्कि अपने घरों, मंदिरों और नदी के किनारे भी दीपदान करते हैं। देव दीपावली के अवसर पर काशी में दीपदान करना सीधे देवताओं का आह्वाहन करने जैसा होता है। इस दिन दीपदान करने को देवताओं के स्वागत, भगवान शिव के प्रति श्रद्धा और जीवन में सुख-शांति की कामना का प्रतीक माना जाता है। देव दीवाली केवल दीपोत्सव नहीं है बल्कि यह शिव भक्ति का प्रतीक भी है।

देव दीवाली पर दीपदान का महत्व

देव दीपावली पर दीपदान करने से पुण्य फलों की प्राप्ति होती है और घर में सुख समृद्धि बनी रहती है। इस दिन नदी के किनारे मंदिरों और घरों में दीपक जलाने की परंपरा है। वहीं जो लोग किसी वजह से नदियों में दीपदान नहीं कर सकते हैं वो मंदिरों या तुलसी के पौधे के पास भी दीपदान कर सकते हैं। इससे पवित्र नदी के पास किए गए दीपदान के बराबर ही पुण्य मिलता है।

इस प्रकार देव दीपावली का पर्व भगवान शिव की विजय, आस्था और दीपदान की परंपरा का प्रतीक है और इस दिन लाखों दीपों की रोशनी में काशी के घाट जगमगा उठते है जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो जाता है।

यह भी पढ़ें- देव दीवाली पर लखवरी दीपक का क्या है महत्व? एक दीपक से कैसे मिलता है लाख दीपकों का फल, जानिए पूरी परंपरा

यह भी पढ़ें- देव दीवाली पर 5 दीयों का नियम: 24 नवंबर की शाम मंदिर तो सब जाएंगे, पर घर की इस एक जगह पर दीया रखना मत भूलना

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।