तीनों लोकों को बचाने के लिए महादेव बने थे 'त्रिपुरारी', देव दीपावली पर क्यों होती है शिव के इस स्वरूप की पूजा?
कार्तिक पूर्णिमा पर मनाई जाने वाली देव दीपावली (Dev Deepawali 2026) का विशेष महत्व है, जिसमें भगवान शिव के त्रिपुरारी स्वरूप की पूजा होती है। यह पर्व महादेव द्वारा त्रिपुरासुर के वध और धर्म की अधर्म पर विजय का प्रतीक है, जिसमें दीपदान और पवित्र स्नान से पुण्य मिलता है।
-1795418546775_m.webp)
शिव जी का त्रिपुरारी रूप अत्यंत तेजस्वी और दिव्य है। (Picture Credit: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। कार्तिक माह की पूर्णिमा के दिन देव दीपावली (Dev Deepawali 2026) का पर्व मनाया जाता है। हिंदू धर्म में देव दीपावली का विशेष महत्व है। इस दिन प्रदोष काल में भगवान शिव, भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करने का विधान है। साथ ही इस दिन दीपदान करने का भी अधिक महत्व है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, विधिपूर्वक इन कार्यों को करने से साधक के जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और सभी संकटों से छुटकारा मिलता है। देव दीपावली के अवसर पर विशेष रूप से भगवान शिव के त्रिपुरारी स्वरूप की पूजा-अर्चना की जाती है।
मान्यता है कि इस दिन महादेव के इस स्वरूप की पूजा करने से साधक के जीवन से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि देव दीपावली पर भगवान शिव के त्रिपुरारी स्वरूप की पूजा क्यों होती है? अगर नहीं, तो आइए इस आर्टिकल में विस्तार से जानते हैं इसके पीछे के कारण के बारे में।
क्यों होती है त्रिपुरारी स्वरूप की पूजा?
पौराणिक कथा के अनुसार, कार्तिक माह की पूर्णिमा तिथि पर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वधकिया था और तीनों लोकों को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। इस महान विजय के उपलक्ष्य में सभी देवी-देवताओं ने काशी में उतरकर गंगा के तटों पर दीपक जलाए और महादेव की पूजा-अर्चना की। त्रिपुरासुर का संहार करने के कारण ही भगवान शिव 'त्रिपुरारी' कहलाए। इसलिए देव दीपावली के दिन महादेव के त्रिपुरारी स्वरूप की पूजा का विशेष महत्व है। कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा या त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहा जाता है। शिव महापुराण की रुद्र संहिता के युद्ध खंड में त्रिपुरासुर वध का वर्णन देखने को मिलता है।
त्रिपुरारी पूर्णिमा का धार्मिक महत्व
त्रिपुरारी पूर्णिमा का यह पावन पर्व भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के वध की याद में मनाया जाता है। इसे अहंकार, मोह और अधर्म पर सत्य की जीत का प्रतीक माना जाता है। असुर का अंत करने के बाद देवताओं ने काशी के घाटों पर दीपक जलाकर उत्सव मनाया था। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस अवसर पर पवित्र नदी में स्नान और दीपदान करने से साधक को शुभ फल की प्राप्ति होती है और महादेव की विशेष कृपा बरसती है।
कब है देव दीपावली 2026?
कार्तिक पूर्णिमा तिथि की शुरुआत: 23 नवंबर को रात 11 बजकर 42 मिनट पर
कार्तिक पूर्णिमा तिथि का समापन: 24 नवंबर को रात 08 बजकर 23 मिनट पर
वैदिक पंचांग के अनुसार, देव दीपावली 24 नवंबर को मनाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- काशी के घाटों से महाराष्ट्र के दीपस्तंभों तक: देश के अलग-अलग राज्यों में ऐसे बिखरती है देव दीपावली की छटा
यह भी पढ़ें- रास पूर्णिमा के दिन राधा रानी को प्रसन्न करने के लिए जरूर करें यह एक काम, जीवन में आएगी सुख-समृद्धि
अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।