रास पूर्णिमा के दिन राधा रानी को प्रसन्न करने के लिए जरूर करें यह एक काम, जीवन में आएगी सुख-समृद्धि
रास पूर्णिमा 2026 पर राधा रानी की कृपा पाने के लिए तुलसी के पास घी का दीपक जलाएं और विधि-विधान से राधा-कृष्ण की पूजा करें। जानिए इस दिन का धार्मिक महत्व, दीपदान का शुभ तरीका और सुख-समृद्धि के लिए किए जाने वाले खास उपाय।

रास पूर्णिमा पर राधा रानी को प्रसन्न करने का सरल उपाय। (Picture Credit- AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। राधा रानी की कृपा पाने के लिए भक्त कई तरह के उपाय करते हैं। हिंदू धर्म में रास पूर्णिमा का विशेष महत्व माना गया है। इसे कार्तिक पूर्णिमा भी कहा जाता है। हमने इस विशेष दिन पर महारानी राधा रानी की कृपा पाने के उपाय वृंदावन के श्री बांके बिहारी लाल मंदिर के गोस्वामी सेवा समती के सदस्य एवं पंडित श्रीनाथ गोस्वामी से पूछा।
वह कहते है, "शरद पूर्णिमा से कार्तिक मास का आरंभ होता है, यह पूरा महीना श्री राधारानी का होता है। इस पूरे माह यदि आप कुछ विशेष न कर पाए हों, तो कार्तिक पूर्णिमा जिसे रास पूर्णिमा भी कहा जाता है, उस दिन कुछ विशेष उपाय करके उनका आशीर्वाद पा सकते हैं।"
इतना ही नहीं, यह दिन श्री राधा-कृष्ण की भक्ति, पूजा और आराधना के लिए बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस पावन दिन सच्चे मन से राधा रानी की पूजा करने और कुछ विशेष धार्मिक कार्य करने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि रास पूर्णिमा के दिन ऐसा कौन-सा काम करना चाहिए, जिससे राधा रानी की विशेष कृपा प्राप्त हो सकती है।
रास पूर्णिमा का धार्मिक महत्व
हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक महीने की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। इस दिन को रास पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी पावन तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन में गोपियों के साथ दिव्य महारास रचाया था। इस महारास में राधा रानी का विशेष स्थान माना जाता है।
रास पूर्णिमा का दिन प्रेम, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। इस दिन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। भक्त राधा-कृष्ण के दर्शन करते हैं और भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान का स्मरण करते हैं।
राधा रानी को प्रसन्न करने के लिए जरूर करें यह एक काम
धार्मिक मान्यता के अनुसार, रास पूर्णिमा के दिन राधा रानी को प्रसन्न करने के लिए तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाना शुभ माना जाता है। शाम के समय स्नान करके साफ कपड़े पहनें। इसके बाद तुलसी के पौधे के पास दीपक जलाएं और हाथ जोड़कर राधा-कृष्ण का ध्यान करें।
इसके बाद सच्चे मन से राधा रानी से अपने परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना करें। आप चाहें तो इस दौरान राधा रानी के मंत्र का जाप भी कर सकते हैं।
मंत्र: राधे राधे जय श्री राधे।
मान्यता है कि इस सरल उपाय को श्रद्धा और विश्वास के साथ करने से घर में सकारात्मकता आती है और भगवान राधा-कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
राधा-कृष्ण की पूजा करने का तरीका
रास पूर्णिमा के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें। इसके बाद घर के मंदिर की सफाई करें और राधा-कृष्ण की प्रतिमा या तस्वीर के सामने दीपक जलाएं। भगवान को फूल, फल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें। इसके बाद धूप-दीप दिखाकर आरती करें।
इस दिन राधा रानी को लाल या गुलाबी रंग के फूल चढ़ाना भी शुभ माना जाता है। पूजा के दौरान भगवान से अपने परिवार के सभी सदस्यों की खुशहाली की कामना करें।
रास पूर्णिमा पर करें दीपदान
कार्तिक पूर्णिमा या रास पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए शाम के समय घर के मंदिर, तुलसी के पौधे और संभव हो तो किसी पवित्र स्थान पर दीपक जलाएं।
दीपक जलाते समय भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और राधा-कृष्ण का स्मरण करें। इससे मन को शांति मिलती है और घर में शुभता का वातावरण बनता है।
इस दिन दान करना भी है शुभ
रास पूर्णिमा के दिन जरूरतमंद लोगों की मदद करना बहुत पुण्यकारी माना जाता है। इस दिन अपनी सामर्थ्य के अनुसार गरीबों को अन्न, फल, वस्त्र या भोजन का दान करें। किसी भूखे व्यक्ति को भोजन कराना भी अच्छी सेवा मानी जाती है।
यह भी पढ़ें- देव दीवाली पर 5 दीयों का नियम: 24 नवंबर की शाम मंदिर तो सब जाएंगे, पर घर की इस एक जगह पर दीया रखना मत भूलना
यह भी पढ़ें- 100 दीपदान के बराबर पुण्य दिला सकता है तुलसी की सूखी लकड़ी से किया गया यह काम, कार्तिक पूर्णिमा पर न भूलें
अस्वीकरण: अत: रास पूर्णिमा का दिन केवल पूजा-पाठ का ही नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा और भक्ति का भी पर्व है। इस दिन तुलसी के पास घी का दीपक जलाकर राधा-कृष्ण का स्मरण करना एक सरल धार्मिक उपाय माना जाता है। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण तथा जागरण न्यू मीडिया अंधविश्वास के खिलाफ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।