विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ पूजा का इतिहास: महाभारत, कर्ण और साम्ब की कथा से जुड़ा है महापर्व, जानें पौराणिक मान्यताएं

Published: Sun, 15 Nov 2026 09:00 AM (IST)

सनातन संस्कार और सामाजिक सरोकार से ओत-प्रोत महापर्व है छठ। सूर्य की सहस्ररश्मियों की भांति इससे जुड़ी हैं कई कथाएं, मान्यताएं और परंपराएं मगर संदेश केवल एक है-प्रकृति से समन्वय।

छठ पूजा का इतिहास महाभारत, कर्ण और भगवान कृष्ण के पुत्र साम्ब की कथाओं से जुड़ा है। (Picture Credit- AI Generated)

छठ पूजा का इतिहास महाभारत, कर्ण और भगवान कृष्ण के पुत्र साम्ब की कथाओं से जुड़ा है। (Picture Credit- AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

भैरव लाल दास, पटना। वैदिक ऋषियों ने सूर्य को परम सत्य का प्रत्यक्ष रूप माना है जो ऊर्जा, उष्णता और समय के जरिए धरती पर जीवन को बनाए रखता है। सूर्य में देवता और सिद्धांत दोनों हैं- ब्रह्मांडीय लय, नैतिक व्यवस्था और दैवीय न्याय का प्रतीक। इस अर्थ में, सूर्य की पूजा धर्म, यानी अस्तित्व की शाश्वत व्यवस्था के साथ खुद को जोड़ना है। हर सूर्योदय और सूर्यास्त जीवन के चक्र यथा जन्म, विकास, क्षय और नवीनीकरण आदि की पवित्र याद दिलाता है।

ब्रह्मांडीय और मातृ-शक्ति से संपन्न

सूर्यदेव का उपासना पर्व छठ पूजा जाति, धर्म और सामाजिक भेदभाव की सीमाओं से ऊपर उठकर, लाखों लोगों को आभार, आस्था और अनुशासन की कतार में लाता है। इस त्योहार में षष्ठी देवी का भी सम्मान किया जाता है, जो प्रकृति का ही एक रूप हैं और जिनकी पूजा छठे दिन (छठ) की जाती है। सूर्य पूजा और षष्ठी देवी की पूजा का यह संगम छठ को ब्रह्मांडीय और मातृ-शक्ति से संपन्न त्योहार बनाता है। छठ पर्व में इन दोनों की पूजा सृष्टि के पूर्ण संतुलन का प्रतीक है: ऊर्जा और पालन-पोषण, तेज और करुणा, अनुशासन और कोमलता।

गुप्त काल का प्राचीन ग्रंथ सूर्य पुराण सभी प्राणियों के लिए सूर्य के महत्व की विशद व्याख्या है। स्कंद पुराण और देवी भागवत पुराण के अनुसार, षष्ठी को भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री बताया गया है। कुछ कथाओं में उन्हें देवी दुर्गा के रूपों में से एक, कात्यायनी का अवतार, जबकि अन्य में उन्हें पार्वती का रूप माना जाता है।

महाभारत से संबद्ध महापर्व

छठ पूजा की शुरुआत पर बिहार में कई तरह के मत हैं। एक तरफ राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी की कथा प्रसिद्ध है तो वहीं एक अन्य मान्यतानुसार द्रौपदी ने पांडवों की शक्ति, समृद्धि और अंततः उनकी जीत के लिए सूर्य का आशीर्वाद पाने हेतु छठ पूजा की थी। सूर्यदेव ने उन्हें दैवीय ऊर्जा का आशीर्वाद दिया। महाभारत में कर्ण को सूर्य देव और कुंती की संतान वर्णित किया गया है। लोकमान्यता के अनुसार अंगनरेश कर्ण मुंगेर और भागलपुर के उत्तरवाहिनी गंगा तट पर कमर तक पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को नियमित अर्घ्य दिया करते थे। इस क्षेत्र के निवासियों का यह अटूट विश्वास है कि छठ पूजा की शुरुआत उनके अपने ही अंचल से हुई थी। वहीं मगध क्षेत्र में मान्यता चली आ रही है कि जब भगवान श्रीकृष्ण के पुत्र साम्ब को कुष्ठ रोग हुआ तो उन्होंने सूर्यदेव की आराधना कर बीमारी से मुक्ति पाई थी। इस संदर्भ में इस प्राचीन साम्राज्य की राजधानी राजगृह के पास बडग़ांव स्थित सूर्य मंदिर का उल्लेख आता है और छठ पूजा की परंपरा को साम्ब द्वारा की गई आराधना से जोड़ा जाता है।

surya dev ko jal kaise chadhayein

सर्वव्यापी हो गईं स्थानीय परंपराएं

मिथिला क्षेत्र में मनोकामना पूरी करने हेतु अथवा पूरा होने के बाद छठ पूजा की जाती है। कई जगहों पर श्रद्धालु छठ घाट पर अपने आंचल पर ही नटुआ नचाती हैं। गोपालगंज-सीवान क्षेत्र में छठी मइया के एक विशेष प्रतीक या संरचना के रूप में श्रीसोता (जिसे स्थानीय भाषा में सुरसुप्ता भी कहा जाता है) की पूजा की जाती है। मिट्टी व अन्य सामग्रियों से इसे बना कर लोग विभिन्न छठ घाटों और स्थानों पर जाकर साफ- सफाई, रंगाई और पुताई करते हैं। चंपारण से प्रारंभ होकर अब सर्वत्र व्याप्त ऐसी ही एक छठ पूजा परंपरा है घाट या आंगन में कोसी भराई। विशेष मनोकामना जैसे संतान प्राप्ति, असाध्य रोग मुक्ति या पारिवारिक सुख-शांति, शादी-विवाह पूरी होने पर संध्या अर्घ्य के बाद घर की छत या आंगन में कोसी भरी जाती है। इसमें पांच या सात गन्नों को बांधकर एक सुंदर छत्र या मंडप बनाया जाता है। उसके नीचे मिट्टी के हाथी को सिंदूर लगाकर, उस पर मिट्टी का घड़ा (कलश) स्थापित किया जाता है। कलश और हाथी के पास ठेकुआ और मौसमी फल रखा जाता है। कोसी के चारों तरफ प्रसाद से भरे सूप, डलिया और दीये (बारह या चौबीस दीपक) जलाए जाते हैं। महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाती हैं और अंत में हवन एवं पूजा कर छठी मैया से आशीर्वाद लेती हैं। अगले दिन सुबह छठ घाट पर भी कोसी भराई की विधि पूरी की जाती है।

सूर्य का उपासक समाज

सोन नदी के दक्षिण व छोटानागपुर पठार की दक्षिण-पश्चिम भूमि पर बसे मगध प्रदेश में मग ब्राह्मणों का निवास था जो सूर्य की उपासना करते थे। साम्ब पुराण के अनुसार सूर्य पूजकों को 'मग' कहा जाता है। मगधनरेश साम्ब ने 12 स्थानों पर सूर्य मंदिर की स्थापना की थी। इसमें मगध के नौ सूर्य मंदिरों में औरंगाबाद में देवार्क और उमगार्क, हसपुरा में लुड़की, नालंदा में बालार्क और ओंगार्क, पटना में पुण्यार्क और उलार्क, नवादा में हैंडार्क और गया में तांडवार्क व दक्षिणार्क सूर्य मंदिर शामिल हैं। वास्तव में देखें तो बिहार में गांव-गांव सूर्य मंदिर हैं। जमुई जिले के मलयपुर गांव के पास नदी तट पर प्रसिद्ध सूर्य मंदिर है। सहरसा के महिषी में कंदाहा सूर्य मंदिर है। दरभंगा जिले के लहेरियासराय के पास रघेपुरा गांव में नौवीं शताब्दी की सूर्य प्रतिमा प्राप्त है। पटना में पुरातात्विक खुदाई के दौरान सूर्य देव की छवि वाली मौर्य काल की एक टेराकोटा मुहर मिली थी। इसके अतिरिक्त भी बिहार के विभिन्न जगहों पर अत्यंत प्राचीन सूर्य प्रतिमाएं मिली हैं!

पर्यावरण संरक्षण के प्राचीन सरोकार

छठ पूजा भारतीय सभ्यता के पर्यावरण मित्र स्वरूप को भी दर्शाती है। खरीफ की फ़सल कटने के ठीक बाद और सर्दियों की शुरुआत से पहले मनाया जाने वाला यह त्योहार खेती-बाड़ी के नज़रिए से बहुत अहम है। पूजा में चढ़ाई जाने वाली चीजें जैसे ठेकुआ, गन्ना, फल, नारियल, चावल और हल्दी आदि चीजें ज़मीन की उपज और सृष्टि के चक्र के पारिस्थितिकीय समन्वय की तरह काम करती है। व्रत रखना, साफ़-सफ़ाई पर जोर और बायोडिग्रेडेबल चीजों (मिट्टी के बर्तन, बांस की टोकरियां और नदी का पानी) का इस्तेमाल करना इसे टिकाऊ जीवन का एक शुरुआती माडल बनाता है, जो आधुनिक पर्यावरणवाद के आने से शताब्दियों पहले ही शुरू हो गया था।

घुल-मिल गईं विविध परंपराएं

यद्यपि बिहार से बड़ी संख्या में अन्य राज्यों में प्रवास के कारण यहां के विविध क्षेत्रों की छठ पूजन और खाद्य परंपराएं आपस में घुल-मिल गई हैं फिर भी मेरे अनुभवों के अनुसार पटना में नहाय-खाय के दिन

प्रमुखतः कद्दू-भात श्रद्धा के साथ ग्रहण किया जाता है। खरना में नालंदा क्षेत्र के लोग चना दाल और सेंधा नमक का व्यवहार करते हैं लेकिन अन्य जगहों पर घी लगी रोटी, खीर, फल आदि का विधान है। मिथिला क्षेत्र में गुड़ की खीर का प्रसाद खरना में चढ़ाया जाता है।

प्रवासियों को मिली पहचान

19वीं शताब्दी के उत्तरार्ध में गिरमिटिया पूर्वजों के साथ छठ पूजा परदेश पहुंची। तत्कालीन बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश से प्रारंभ हुई इसकी व्याप्ति मारिशस, फ़िजी, त्रिनिदाद, गुयाना, सूरीनाम, नेपाल और बाद में लंदन, न्यू यार्क, दुबई और सिंगापुर तक हुई। छठ पूजा वैश्विक त्योहार के रूप में बदलना हिंदू रीति-रिवाजों की अनुकूलन क्षमता को दिखाता है। कई मायनों में, छठ पूजा प्रवासी भारतीयों और भारतवंशियों के लिए आध्यात्मिक-सांस्कृतिक पहचान बन गई है।

यह भी पढ़ें- छठ पूजा के बाद सूप का क्या करें? जानें इसे घर में रखना चाहिए या विसर्जित करना चाहिए

यह भी पढ़ें- डूबते व उगते सूर्य को अर्घ्य देने का क्या है असली संदेश? जानें छठ पर्व की साधना, ज्योतिषीय महत्व और खरना का रहस्‍य

अमर है वह आवाज

वह आवाज जो छठ की भक्ति को गांव के घाटों से लेकर दुनिया भर के शहरों तक पहुंचाती है: वह है पद्म भूषण स्व. शारदा सिन्हा की आवाज़। अपनी कोमल, मिट्टी से जुड़ी मैथिली-भोजपुरी शैली में, उन्होंने लोक-

भक्ति को अमर कविता में बदल दिया। उनके गीत 'कांच ही बांस के बहंगिया', 'उगा हो सुरुज देवहे', 'पहिले पहिले छठी मइया' इस त्योहार की धड़कन बन गए हैं।

(लेखक बिहार विधान परिषद में परियोजना अधिकारी हैं)

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।