विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मामा के बिना अधूरी शादी की यह परंपरा, कैसे निभाई जाती है 'भात' की रस्म और किन राज्यों में किस नाम से मशहूर?

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:00 PM (GMT+05:30)

भारतीय विवाह में 'भात' या 'मायरा' की रस्म भाई-बहन के प्रेम और सम्मान का प्रतीक है, जिसमें मामा की भूमिका अहम होती है। 

भाई के प्यार से सजी भात की रस्म। (Picture Credit: AI Generated)

भाई के प्यार से सजी भात की रस्म। (Picture Credit: AI Generated)

HighLights

  1. भात रस्म भाई-बहन के अटूट प्रेम और सम्मान का प्रतीक।

  2. मामा के बिना अधूरी मानी जाती है यह महत्वपूर्ण विवाह रस्म।

  3. जानें भात की परंपरा, निभाने का तरीका और क्षेत्रीय नाम।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। देवउठनी एकादशी से मांगलिक कार्यों और शादियों की शुरुआत हो गई है। विवाह दो परिवारों के रिश्ते का उत्सव है। विवाह के दौरान कई रस्में निभाई जाती हैं, जिनका विशेष महत्व होता है। इन्हीं में एक ऐसी रस्म भी है, जो हर किसी को बेहद भावुक कर देती है, जिसे 'भात' या 'मायरा' (Bhaat Rasam in Wedding) के नाम से जाना जाता है।

यह रस्म दूल्हा या दुल्हन के मामा के बिना अधूरी मानी जाती है। जब घर में शहनाइयां बज रही होती हैं, तो सभी रिश्तेदारों को मामा के भात का इंतजार रहता है। यह एक महत्वपूर्ण रस्म है, जो भाई और बहन के प्रेम, सम्मान और सुरक्षा के वचन का प्रतीक है।

शादी के दौरान निभाई जाने वाली यह खास परंपरा प्राचीन समय से चली आ रही है और आज भी इस रस्म को अधिक महत्व दिया जाता है। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में विस्तार से जानते हैं कि भात की परंपरा क्यों निभाई जाती है और इसका क्या महत्व है।

क्यों निभाई जाती है भात की परंपरा?

हिंदू विवाह में भात की परंपरा को विशेष महत्व दिया गया है। यह खास परंपरा बहन के प्रति भाई के अटूट प्रेम, सम्मान और सुरक्षा के वचन को दर्शाने के लिए विवाह के दौरान निभाई जाती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इस परंपरा के पीछे 'नरसी का भात' की पौराणिक कथा जुड़ी हुई है। इस कथा में भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं भाई बनकर भक्त नरसी का भात भरा था। इसी परंपरा को आज के समय में भी निभाया जाता है। इस रस्म के माध्यम से ससुराल में बहन का मान-सम्मान बढ़ता है और दोनों परिवारों के रिश्ते में मजबूती आती है।

भात में क्या दिया जाता है?

भात में मामा अपनी बहन, भांजे या भांजी और उनके ससुराल वालों के लिए उपहार में कपड़े लाते हैं। इसके अलावा दूल्हा या दुल्हन और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए आभूषण भी लाए जाते हैं। शगुन के तौर पर मिठाई, सूखे मेवे और नारियल आदि भी शामिल होते हैं। साथ ही भात की रस्म के दौरान मामा द्वारा बहन को चुनरी ओढ़ाई जाती है। यह पल हर किसी को भावुक कर देने वाला होता है। इस दौरान घर की महिलाएं भात के पारंपरिक लोकगीत भी गाती हैं।

कैसे दिया जाता है भात?

भात की रस्म के लिए मामा और उनके परिवार के सदस्य बहन के घर पहुंचते हैं। इस दौरान उनके स्वागत में ढोल-बैंड बजाया जाता है। सबसे पहले बहन मुख्य द्वार की दहलीज पर भाई समेत सभी मेहमानों का तिलक कर स्वागत करती है। इसके बाद मामा बहन को चुनरी ओढ़ाते हैं और परिवार के सभी सदस्यों के सामने शगुन की राशि, वस्त्र, आभूषण व मिठाइयां भेंट करते हैं।

अलग-अलग राज्यों में भात के नाम

राजस्थान में भात को 'मायरा' या 'मायरा भरना' कहा जाता है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में इस रस्म को 'भात' कहा जाता है। वहीं, गुजरात में भात को 'मामेरू' या 'मोसालू' के नाम से जाना जाता है।

यह भी पढ़ें- सिर्फ एक रिवाज नहीं, पंचतत्वों का आह्वान है 'मटकोर'; बिहार-पूर्वांचल की शादियों में क्यों खास है यह रस्म?

यह भी पढ़ें- विवाह में क्यों गुनगुनाया जाता है 'आज मिथिला नगरिया निहाल सखिया'? हर पंक्ति में छिपा है श्रीराम का अनूठा वर्णन 

अस्वीकरण: इस लेख में बताए गए उपाय/लाभ/सलाह और कथन केवल सामान्य सूचना के लिए हैं। दैनिक जागरण यहां इस लेख फीचर में लिखी गई बातों का समर्थन नहीं करता है। इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों/ज्योतिषियों/पंचांग/प्रवचनों/मान्यताओं/धर्मग्रंथों/दंतकथाओं से संग्रहित की गई हैं। पाठकों से अनुरोध है कि लेख को अंतिम सत्य अथवा दावा न मानें एवं अपने विवेक का उपयोग करें। दैनिक जागरण अंधविश्वास के खिलाफ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।