हर बात में दिमाग लगाने वाले लोग क्यों नहीं समझ पाते ईश्वर की लीला? हनुमान चालीसा की इस चौपाई में है जवाब
हनुमान चालीसा की एक प्रभावशाली चौपाई का अर्थ बताया गया है, जो हनुमान जी की अपार महिमा दर्शाती है। यह चौपाई अहंकार त्यागने, विनम्रता अपनाने और बुद्धि से अधिक समर्पण के महत्व पर प्रकाश डालती है।
-1795841457348_m.webp)
क्या आपकी बुद्धि भी ईश्वर को समझने में फेल है? (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
हनुमान चालीसा की शक्तिशाली चौपाई का अर्थ।
अहंकार त्यागकर विनम्रता अपनाने की सीख।
बुद्धि से बढ़कर समर्पण का महत्व।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। हनुमान चालीसा का पाठ बेहद फलदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसका पाठ करने से जीवन में आने वाले सभी संकट दूर हो जाते हैं। हनुमान जी की कृपा से जीवन में सुख-शांति बनी रहती है और रुके हुए काम भी पूरे होते हैं।
हनुमान चालीसा (Hanuman Chalisa) की सभी चौपाइयों को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। इन्हीं में से एक अत्यंत प्रभावशाली चौपाई है "जम कुबेर दिगपाल जहां ते। कबि कोबिद कहि सके कहां ते।।" इस चौपाई में बजरंगबली के यश, पराक्रम और महिमा का वर्णन किया गया है। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में विस्तार से जानते हैं हनुमान चालीसा की इस अद्भुत चौपाई का अर्थ और इससे मिलने वाली सीख के बारे में।
"जम कुबेर दिगपाल जहां ते।
कबि कोबिद कहि सके कहां ते।।"
अर्थ हे बजरंगबली! आपकी महिमा, बल और यश इतना अपार है कि यमराज, कुबेर और दसों दिशाओं की रक्षा करने वाले दिगपाल भी आपकी कीर्ति का पूरा बखान नहीं कर सकते। जब स्वयं ये महान देवता ही आपके यश की सीमा को नहीं माप सकते, तो फिर इस संसार के सामान्य कवि और प्रकांड विद्वान भला आपकी महिमा का वर्णन कहां तक कर पाएंगे।
क्या सीख मिलती है?
अहंकार का त्याग और विनम्रता- जब यमराज, कुबेर और दिगपाल भी हनुमान जी की महिमा का वर्णन नहीं कर पाते, तो इससे हमें यह खास सीख मिलती है कि व्यक्ति के पास चाहे कितना भी धन और ज्ञान क्यों न हो, उसे इन चीजों का कभी भी अभिमान नहीं करना चाहिए।
बुद्धि की सीमा और समर्पण का भाव- 'कबि कोबिद' ज्ञान और तर्क के प्रतीक हैं। हनुमान चालीसा की यह चौपाई सिखाती है कि प्रभु की कृपा को केवल किताबी ज्ञान से नहीं समझा जा सकता। जहां बुद्धि की सीमा समाप्त होती है, वहीं सच्ची श्रद्धा और समर्पण रास्ता दिखाते हैं।
किस दिन करें हनुमान चालीसा का पाठ?
वैसे तो हनुमान चालीसा का पाठ रोजाना सुबह या शाम करना शुभ माना जाता है, लेकिन मंगलवार और शनिवार के दिन इसका पाठ करना सबसे अधिक शुभ और फलदायी होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन दोनों दिनों में हनुमान चालीसा का पाठ करने से बजरंगबली की असीम कृपा प्राप्त होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।