बिना स्वार्थ के काम करने वालों के पीछे कैसे भागता है यश- सम्मान? हनुमान चालीसा की इस चौपाई में छिपा है रहस्य
हनुमान चालीसा की "सनकादिक ब्रह्मादि मुनीसा..." चौपाई हनुमान जी की निस्वार्थ सेवा और विनम्रता को दर्शाती है। यह सिखाती है कि अहंकार त्यागकर दूसरों के गुणों की प्रशंसा करने और निःस्वार्थ भाव से कर्म करने से यश व सम्मान प्राप्त होता है।

ब्रह्मा, मुनि, नारद, सरस्वती और शेषनाग जी ने किया था हनुमान जी का गुणगान (Picture Credit: AI Generated)
HighLights
हनुमान चालीसा की चौपाई का अर्थ और महत्व जानें।
निस्वार्थ सेवा और विनम्रता से मिलता है यश और सम्मान।
हनुमान चालीसा पाठ के दौरान इन गलतियों से बचें।
धर्म डेस्क, नई दिल्ली। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सच्चे मन से हनुमान चालीसा का पाठ करने से साधक को भय, संकट और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति मिलती है। साथ ही हनुमान जी की कृपा से बिगड़े काम भी बनने लगते हैं। हनुमान चालीसा की हर एक चौपाई अपने आप में एक महामंत्र है।
इन्हीं में एक प्रमुख चौपाई है- "सनकादिक ब्रह्मादि मुनीसा। नारद, सारद सहित अहीसा॥" तुलसीदास जी ने इस चौपाई में हनुमान जी की अलौकिक शक्ति और ज्ञान का वर्णन किया है। ऐसा माना जाता है कि इस चौपाई का पाठ करने से व्यक्ति में भक्ति और विवेक की भावना जागृत होती है। ऐसे में आइए इस आर्टिकल में विस्तार से जानते हैं इस चौपाई का हिंदी अर्थ और इससे मिलने वाली जीवन की सीख।
"सनकादिक ब्रह्मादि मुनीसा।
नारद, सारद सहित अहीसा॥"
हनुमान चालीसा की इस चौपाई में गोस्वामी तुलसीदास जी कहते हैं कि हे बजरंगबली! ब्रह्मा जी के चारों मानस पुत्र (सनक, सनंदन, सनातन और सनत्कुमार), स्वयं ब्रह्मा जी, बड़े-बड़े ऋषि-मुनि, देवर्षि नारद जी, मां सरस्वती और शेषनाग जी, ये सभी निरंतर आपका गुणगान करते हैं।
मुख्य भाव
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हनुमान चालीसा की इस चौपाई का मुख्य भाव यह है कि जिस भक्त के हृदय में भगवान श्रीराम बसते हैं, उसका मान-सम्मान इतना बढ़ जाता है कि स्वयं देवता और ऋषि-मुनि भी उसकी प्रशंसा किए बिना नहीं रह पाते।
क्या सीख मिलती है?
इस चौपाई में वर्णन किया गया है कि जब स्वयं ब्रह्मा जी, देवी मां सरस्वती और बड़े-बड़े ऋषि-मुनि हनुमान जी का गुणगान करते हैं, तो इससे यह सीख मिलती है कि पद या ज्ञान कितना भी बड़ा क्यों न हो, व्यक्ति को कभी अहंकार नहीं करना चाहिए और दूसरों के गुणों की प्रशंसा करनी चाहिए।
निस्वार्थ सेवा और भक्ति की शक्ति
हनुमान जी ने कभी भी अपने पद और शक्ति का अहंकार नहीं किया। हनुमान चालीसा की यह चौपाई दर्शाती है कि हनुमान जी ने केवल निस्वार्थ भाव से प्रभु श्रीराम की सेवा की। जो व्यक्ति बिना किसी स्वार्थ के सेवा करता है, उसे जीवन में सम्मान और यश की प्राप्ति होती है।
पाठ के दौरान न करें ये गलतियां
- हनुमान चालीसा के पाठ के दौरान मन में किसी के प्रति गलत विचार न लाएं।
- पूजा या पाठ के समय काले रंग के कपड़े धारण न करें।
- इस दिन तामसिक भोजन का सेवन भूलकर भी न करें।
- जमीन पर सीधे बैठने के बजाय हमेशा आसन बिछाकर ही पाठ करें।
- हनुमान चालीसा का पाठ कभी भी बीच में अधूरा नहीं छोड़ना चाहिए।
यह भी पढ़ें- श्रीराम जी से सीखें लीडरशिप का सबसे बड़ा फॉर्मूला! हनुमान चालीसा की यह चौपाई सिखाती है जिंदगी का सबसे गहरा सबक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।