विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajasthan: बेटे के लिए नौकरी मांगने गए बुजुर्ग किसान की पगड़ी को कांग्रेस विधायक ने मारी लात, वायरल हुआ वीडिया

By Jagran NewsEdited By: Abhinav Atrey
Published: Tue, 17 Oct 2023 04:33 PM (IST)

चित्तौड़गढ़ जिले के कांग्रेस नेता और बेगूं से विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी का विवादित वीडियो सामने आया है। वीडियो में ...और पढ़ें

वायरल हो रहे वीडियो से लिया गया फोटो, जिसमें कांग्रेस विधायक किसान की पगड़ी उछालते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल हो रहे वीडियो से लिया गया फोटो, जिसमें कांग्रेस विधायक किसान की पगड़ी उछालते दिखाई दे रहे हैं।

HighLights

  1. दो साल पुराना वीडियो आया सामने
  2. बेटे के लिए नौकरी मांगने गया था किसान
  3. कांग्रेस विधायक राजेंद्र बिधूड़ी ने मारी लात

जागरण न्यूज नेटवर्क, उदयपुर। चित्तौड़गढ़ जिले के कांग्रेस नेता और बेगूं से विधायक राजेंद्र सिंह बिधूड़ी का विवादित वीडियो सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि बेटे की नौकरी की गुहार लेकर बिधुड़ी के पास आए एक बुजुर्ग की पगड़ी को उन्होंने लात मारकर उछाल दिया। यह वीडियो साल 2021 का बताया जा रहा है और अब सामने आया है। इस मामले पर बिधूड़ी का अब तक रिएक्शन नहीं आया है।

इंटरनेट मीडिया पर विधायक से जुड़ा वीडियो सोमवार रात से ही तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो बेगूं विधानसभा क्षेत्र में मेनाल के एक गेस्ट हाउस का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस वीडियो में बुजुर्ग किसान, जिसे गुर्जर समाज का बताया जा रहा है, अपने बेटे की नौकरी की आस में विधायक बिधूड़ी के पास पहुंचा था।

किसान ने जमीन पर बैठकर पगड़ी विधायक के पैरों में रख दी

बुजुर्ग ने विधायक राजेंद्र बिधूड़ी को प्रणाम किया और जमीन पर बैठकर अपनी पगड़ी विधायक के पैरों में रख दी। आग बबूला हुए विधायक ने बुजुर्ग की पगड़ी को लात मारकर उछालकर दूर फेंक दिया। बुजुर्ग को भला-बुरा कहते हुए विधायक गेस्ट हाउस से बाहर निकलते हुए दिखाई दिए। उनके पीछे-पीछे विधायक के समर्थक भी निकल गए। किसान वहीं खड़ा रह कर अपनी पगड़ी को उठाते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो से साफ जाहिर है कि विधायक बिधूड़ी ने बुजुर्ग किसान की पूरी बात भी नहीं सुनी।

मेवाड़ में पगड़ी को मानते हैं इज्जत

बता दें कि मेवाड़ में पगड़ी का बहुत महत्व और सम्मान है। यहां आने वाले मेहमान का स्वागत पगड़ी पहनाकर किया जाता है। यहां तक कि ग्रामीणों में पगड़ी उनकी पहचान, स्वाभिमान और इज्जत से जुड़ी होती है इसीलिए पगड़ी को लेकर कहावतें भी बनी हुई हैं, जिसमें 'पगड़ी उछालना' भी शामिल है।

जनता सिखाएगी असली सबक- सीपी जोशी

अभी तक विधायक राजेंद्र सिंह बिधुडी का वायरल हो रहे वीडियो को लेकर प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी का कहना है कि यदि वीडियो सही है तो अच्छा नहीं है। हालांकि, उन्होंने विधायक के बचाव में कहा कि वह जिम्मेदार नेता हैं। मुझे जहां तक लगता है यह सब एडिटिंग भी हो सकती है। सोशल मीडिया की सच्चाई का क्या सच मानें? जबकि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़गढ़ से सांसद सीपी जोशी का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है। बिधुड़ी का आचरण ऐसा ही है। जनता असली सबक अवश्य सिखाएगी।

विवादित नेता हैं बिधुडी, पहले भी आ चुके हैं ऐसे वीडियो

कांग्रेस नेता तथा बेगूं विधायक का विवादों से पुराना नाता है। इससे पहले भी उनके ऐसे वीडियो वायरल हो चुके हैं, जो विवादों से जुड़े रहे हैं। कुछ महीने पहले उनका एक ऑडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह पारसोली के तत्कालीन थानाधिकारी संजय गुर्जर से गाली-गलौज से बातचीत कर रहे थे। इसको लेकर थानाधिकारी ने शिकायत भी दर्ज कराई थी।

ये भी पढ़ें: Rajasthan: पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा को कोर्ट से जमानत, संपत्ति मामले में फिर बिहार पुलिस को सौंपा