Punjab Weather: पंजाब में कंपा देने वाली ठंड, फरीदकोट में शून्य पर पहुंचा पारा; मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
पंजाब (Punjab Weather Update) में कड़ाके की ठंड जारी है। मंगलवार को फरीदकोट में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। फाजिल्का में तापमान 0.9 डिग्री और पठानकोट में 1.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को कई जिलों में शीतलहर से अतिशीतलहर की स्थिति रहने की चेतावनी दी है।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। बर्फीली हवाओं से पंजाब ठिठुरने लगा है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में कड़ाके की ठंड रही। इसमें फरीदकोट में न्यूनतम तापमान गिरकर शून्य पर आ गया। सीजन में पहली बार किसी जिले में न्यूनतम तापमान इतना नीचे आ गया है।
वहीं, फाजिल्का में तापमान 0.9 डिग्री व पठानकोट में 1.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अमृतसर, फिरोजपुर, मोगा में तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा। लुधियाना, पटियाला, बरनाला और रूपनगर में तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी तरफ दिन का तापमान ज्यादातर जिलों में 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
माइनस में भी आ सकता है तापमान
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर से अतिशीतलहर की स्थिति रह सकती है। इससे कुछ जगहों पर न्यूनतम तापमान माइनस में आ सकता है। विभाग के अनुसार 23 दिसंबर तक पंजाब में शीतलहर जारी रहेगी। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया हैं। विभाग के अनुसार 20 दिसंबर से दिन के तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती हैं।
यह भी पढ़ें- Haryana Weather: हरियाणा में शीतलहर जारी, लोगों को सुबह-शाम ठिठुरा रही ठंड; 7 शहरों की वायु गुणवत्ता खराब
बढ़ती जा रही सूखी ठंड से जनजीवन प्रभावित
रूपनगर जिले के शिवालिक रेंज में दुर्गम पहाड़ों की गोद में स्थित नंगल शहर में इन दिनों ठंड बढ़ती जा रही है। दिन के समय कुछ देर के लिए धूप निकलने के बाद सुबह-शाम ठंड अपना असर दिखाते हुए इस तरह से जनजीवन प्रभावित कर रही है कि शाम ढलते ही रात 8:30 बजे के बाद बाजार सुनसान नजर आने शुरू हो जाते हैं। मंगलवार को भी वादियों का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक बना रहा, वहीं अधिकतम तापमान का ग्राफ 22 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं उठ पाया है।
सर्दी की वजह से फैलने वाली बीमारियों तथा अन्य तरह के जरूरी बचाव के मद्देनजर समीपवर्ती हिमाचल प्रशासन ने घने कोहरे और शीतलहर के दृष्टिगत जनहित में एडवाइजरी जारी की है। इसके जरिए प्रशासन ने बढ़ती ठंड और घने कोहरे के मद्देनजर लोगों से स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर कुछ आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया है।
घने कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाने की अपील
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि तापमान में लगातार गिरावट के चलते आगामी दिनों में शीतलहर और धुंध का असर और बढ़ सकता है। यातायात के लिए जरूरी सावधानियों के मद्देनजर सभी वाहन चालकों से गति नियंत्रित रखने की अपील की गई है।
घने कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाएं ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही लाइट का सही उपयोग करें। गाड़ी की लाइट को लो बीम पर रखें। यदि दृश्यता बहुत कम हो, तो फोग लाइट का प्रयोग करें। वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी रखें ताकि, अचानक रुकने की स्थिति में दुर्घटना न हो। सड़क पर पेंट की गई लाइन का उपयोग एक गाइड के रूप में करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और तेज आवाज में संगीत न सुनें।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।