यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ludhiana Burning Car: अचानक लपटों से घिरी सड़क पर चलती कार, बची दंपती और बच्चे की जान
जसवीर सिंह निवासी गांव खंबे (मोगा) इंडिका कार में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ जगराओं दवाई लेने के लिए ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, जगराओं। मोगा साइड जीटी रोड पर इंडसइंड बैंक की ब्रांच के नजदीक चलती कार को अचानक आग लग गई। इससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बाद में दमकल विभाग की गाड़ी ने पहुंचकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक बहुत ज्यादा नुकसान हो चुका था। कार बुरी तरह जल गई थी।
जानकारी अनुसार जसवीर सिंह निवासी गांव खंबे (मोगा) इंडिका कार में अपनी पत्नी और बच्चे के साथ जगराओं दवाई लेने के लिए आए थे। जब वापस मोगा जा रहा थे तो अचानक इंडसइंड बैंक के नजदीक उनकी गाड़ी के बोनट से धुआं निकलने लगा। उन्होंने गाड़ी से नीचे उतर कर बोनट खोलकर जांच करनी चाही तो इतने में कार को आग की लपटों ने घेर लिया। उन्होंने तुरंत गाड़ी में बैठी पत्नी और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। देखते ही देखते गाड़ी धू धू कर जलने लगी। जब तक दमकल कर्मी आग पर काबू पाते तब तक गाड़ी बुरी तरह जल गई थी।
बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर भी जली कार
चलती कार में आग लगने की यह पंजाब में सोमवार को दूसरी घटना है। सुबह बठिंडा-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जा रही कार अचानक लपटों में घिर गई। सवारों ने अनहोनी की आशंका देख पहले ही वाहन से बाहर का रुख कर लिया था। करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार जलकर नष्ट हो गई थी। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी के अनुसार दमकल गाड़ी जाम में फंसने के कारण उन्हें मौके पर पहुंचने में देरी हुई।
बता दें कि दो दिन पहले ही जीरकपुर (मोहाली) की एक कार में शिमला जाते समय कालका में आग लग गई थी। यह कार भी बुरी तरह जल गई थी। इस मामले में अभी तक चालक का पता नहीं लग पाया है।
