विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जानिए काैन है राजा वड़िंग, जिन्हें कांग्रेस ने सिद्धू की जगह बनाया पंजाब प्रधान; बादल परिवार की बसें जब्त करने के बाद चर्चा में आए

By Vipin KumarEdited By:
Published: Sun, 10 Apr 2022 10:09 AM (IST)Updated: Sun, 10 Apr 2022 04:20 PM (IST)

Punjab Politics कांग्रेस हाईकमान ने राजा वड़िंग काे प्रधान बनाकर बड़ा दाव खेला है। राजा वड़िंग पंजाब की राजनीति में ...और पढ़ें

राजा वडिंग और नवजाेत सिंह सिद्धू। (फाइल फाेटाे)
राजा वडिंग और नवजाेत सिंह सिद्धू। (फाइल फाेटाे)

सुभाष चंद्र, श्री मुक्तसर साहिब। ट्रांसपाेर्ट मंत्री रहते हुए बादल परिवार की बसाें काे जब्त करने के बाद चर्चा में आए गिद्दड़बाहा के विधायक राजा वड़िंग (Raja Warring) काे कांग्रेस (Congress) ने पंजाब का प्रधान बनाया है। नवजाेत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) के इस्तीफे के बाद वड़िंग काे कमान साैंपी गई है। राजा वडिंग के साथ सबसे बड़ी चुनाैती सबकाे साथ लेकर चलने की है। पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress) में गुटबाजी चरम पर है। इसके चलते विधानसभा चुनाव में पार्टी काे करारी हार का सामना करना पड़ा और मात्र 18 सीटाें पर ही जीत हासिल हाे सकी।

रात में भी बसाें की करते थे चेकिंग

कैप्टन अमरिंदर के इस्तीफे के बाद जब अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग काे ट्रांसपाेर्ट मंत्री बनाया गया ताे वह रात में भी बसाें की चेकिंग करने निकल जाते थे। जीरकपुर और बठिंडा सहित कई जिलाें में राजा वड़िंग ने बिना परमिट चल रही बसाें काे जब्त कर कराेड़ाें का जुर्माना वसूला। सबसे खास बात यह रही कि वड़िंग ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के परिवार की बस कंपनी आर्बिट ट्रांसपाेर्ट की कई बसें जब्त कर ली। इसकाे लेकर काफी हंगामा भी हुआ पर उन्हाेंने कार्रवाई जारी रखी। राजा वड़िंग की नेताओं के साथ-साथ लाेग भी तारीफ करते थे। चन्नी सरकार के आखिरी कार्यकाल में परिवहन विभाग ने कराेड़ाें का मुनाफा भी कमाया।

राजा वड़िंग अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के रह चुके हैं प्रधान

पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपनी सियासत की शुरूआत कांग्रेस के पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़ की अगुआई में शुरू की थी। 44 वर्षीय राजा वड़िंग वर्ष 2000 में श्री मुक्तसर साहिब के ब्लाक यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। बताया जाता कि जगमीत सिंह बराड़ ने ही वड़िंग काे ब्लाक यूथ कांग्रेस का प्रधान बनवाया था। लेकिन उसके बाद राजा वड़िंग ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपनी काबलियत के दम पर लगातार आगे ही बढ़ते रहे। 2005 में वह यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता बने।

आप की आंधी में भी बचाया किला

2008 में वड़िंग काे पंजाब यूथ कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया। 2009 में यूथ कांग्रेस का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। जबकि उसके बाद वर्ष 2014 में वह यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। श्री मुक्तसर साहिब निवासी राजा वड़िंग वर्ष 2012 के चुनाव में पहली गिद्दड़बाहा विधानसभा हलके से चुनाव मैदान में उतरे थे और पीपीपी प्रत्याशी मनप्रीत सिंह बादल को हराकर विधायक बने थे। वर्ष 2017 और अब 2022 के चुनावों में उन्होंने शिअद प्रत्याशी हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों को हराया।

पंजाब में आप (AAP) की आंधी के बावजूद 2022 के विधानसभा चुनाव में वड़िंग तीसरी बार विधायक बनने में कामयाब रहे। राजा वड़िंग कैप्टन सरकार में उनके राजनीतिक सलाहकार रहे जबकि चन्नी सरकार में वह ट्रांसपोर्ट मंत्री रहे हैं।

यह भी पढ़ें-अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग बने पंजाब कांग्रेस के प्रधान, प्रताप सिंह बाजवा होंगे विधायक दल के नेता

यह भी पढ़ें-Punjab Congress: भारत भूषण आशु काे कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर कांग्रेस ने खेला बड़ा दांव, गांधी परिवार से नजदीकी का मिला फायदा