Jalandhar News: MVI कलेर का चहेता था एजेंट सुरजीत, दोनों ने लगाया करोड़ों का चूना; विजिलेंस ने किया गिरफ्तार
Jalandhar News पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने एमवीआई नरेश कलेर के चहेते एजेंट सुरजीत सिंह को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सुरजीत पिछले तीन महीने से फरार चल रहा था। दोनों ने मिलकर सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है।

जागरण संवाददाता, जालंधर। विजिलेंस ब्यूरो पंजाब ने पिछले दिनों मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर जालंधर कार्यालय में औचक निरीक्षण कर भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया था। भ्रष्टाचार के दोषी एमवीआई नरेश कलेर, रामपाल उर्फ राधे (प्राइवेट एजेंट), मोहन लाल ( प्राइवेट एजेंट) और परमजीत सिंह बेदी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं एजेंट सुरजीत सिंह पिछले तीन महीने से फरार चल रहा था। अब विजिलेंस के हाथ सफलता लगी है। विजिलेंस ने सुरजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
विजिलेंस सुरजीत से यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि एमवीआई कलेर को अब तक कितनी रिश्वत दे चुके हैं। विजिलेंस सुरजीत के आफिस में जाकर दस्तावेज भी जब्त कर चुकी है। कई राज खुलने अभी बाकी हैं। एमवीआई नरेश भ्रष्टाचार के मामले में जेल में बंद है। सुरजीत एमवीआई जालंधर के साथ मिलीभगत कर कमर्शियल और प्राइवेट गाड़ियों को बिना इंस्पेक्शन करवाए मोटी रमक लेकर रिश्वत का बड़ा हिस्सा नरेश कलेर को देता था। सुरजीत रकम देकर फिटनेस प्रमाण पत्र हासिल कर सरकार को चूना लगा रहा था।
एमवीआई कलेर का खास है सुरजीत
विजिलेंस वक्ता ने बताया कि सुरजीत करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। सुरजीत को ढूंढने के लिए छापामारी की जा रही थी। बताया जा रहा है कि गुप्ता सूचना के आधार पर सुरजीत को गिरफ्तार किया गया। सुरजीत एमवीआई नरेश कलेर का खास एजेंट माना जाता है। सुरजीत ने मामले को लेकर सेशन कोर्ट में जमानत लगा रखी थी। जमानत अर्जी रद होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
अगस्त में विजिलेंस ने की थी रेड
विजिलेंस ने जालंधर के मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर कलेर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों से रिश्वत के 12.50 लाख रुपए बरामद भी किए थे। एमवीआई कलेर को विजिलेंस ने गांव टांडा से गिरफ्तार किया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।