Punjab Farmers Protest: जालंधर डीसी दफ्तर में किसानों का धरना जारी, रात को ट्रालियों में ही सोएंगे
Punjab Farmers Protest पंजाब में किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को भी किसान जालंधर डीसी दफ्तर के बाहर डटे हुए हैं। किसानों ने अपनी मांगे पूरी न होने पर संघर्ष तेज करने की चेतावनी दे है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। Punjab Farmers Protest: अपनी मांगों को लेकर किसानों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। पिछले दो दिनों में जिला व पुलिस प्रशासन किसानों की समस्या का समाधान करने व परिसर खाली करवाने में विफल रहा है। सोमवार को सरकारी छुट्टी के चलते आफिस बंद रहे। मगर मंगलवार को आफिस खुलने के बाद लोगों व स्टाफ के लिए परेशानियां शुरू हो जाएंगी।
किसानों द्वारा पार्किंग स्थल पर धरना लगाने से सभी को वाहन खड़े करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। वहीं किसानों की संख्या भी बढ़ने लगी है। अगर समय रहते प्रशासन ने स्थिति पर काबू न पाया तो आने वाले दिनों में धरना लोगों के लिए विकराल समस्या का कारण बनने वाला है। वहीं किसानों ने मांगे पूरी न होने पर संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी है। शनिवार को किसान पुलिस व जिला प्रशासन की नीतियों को ठेंगा दिखाते हुए जिला प्रशासनिक कांपलेक्स में ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर घुस गए और धरना शुरू कर दिया था।
धरनास्थल पर लंगर ग्रहण करते हुए किसान।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब के प्रदेश संगठन सचिव सुखविंदर सिंह सभरा व जिला प्रधान सलविंदर सिंह जाणिया ने कहा कि सरकार ने मांगे न मानी तो एक दिसंबर को महिला संगठन भी बड़े स्तर पर संघर्ष में जुड़ेंगी। इससे पहले 30 तक रोजाना संघर्ष तेज होगा। धरने में किसान, मजदूर, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग शामिल हैं। किसान रात को ट्रालियों में ही बिस्तर लगाकर सोएंगे। पुलिस के साथ किसान भी रात को पहरा देंगे।
इस अवसर पर अन्यों के अलावा जिला प्रेस सचिव हरप्रीत सिंह कोटली गाजरां, जिला खजांची जगदीश पाल सिंह चक्क बाहमणिया, बलजिंदर सिंह राजेवाल, गुरपाल सिंह ईदां, सतनाम सिंह राइवाल, प्रेस सचिव सरबजीत सिंह ढंडोवाल, किशनदेव मियाणी, निर्मल सिंह ढंडोवाल, लवप्रीत सिंह कोटली, दलबीर सिंह मियाणी, रंजीत सिंह बल नौ, जगतार सिंह चक्क बाहमणिया, पाल सिंह, बलविंदर सिंह, बलदेव सिंह कुहाड़, वीरू जगतपुरा, कुलदीप राय तलवंडी संघेड़ा, जगतार सिंह चक्क वडाला, वस्सन सिंह कोठा, सुखदेव सिंह मल्ली, सोनू खानपुर, जोगिंदर सिंह मंडाला छन्ना मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।