पंजाब में आप की लहर में बचाया किला, कांग्रेस के इन 4 दिग्गजों ने लगाई जीत की हैट्रिक
Punjab Election 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दोनों सीटों से हार गए। पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू सहित कई दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि चार कांग्रेस नेता ऐसे हैं जिन्होंने आप की सूनामी में भी जीत की हैट्रिक लगाई है।
आनलाइन डेस्क, जालंधर। पंजाब विधानसभा चुनाव में आप की प्रचंड जीत हुई है। पार्टी ने विधानसभा की कुल 117 सीटों में से 92 पर कब्जा करके ऐतिहासिक जीत हासिल की है। सत्ता में लगातार दूसरी बार आने की उम्मीद लगाए बैठी कांग्रेस को बड़ी हार का सामने करना पड़ा है। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, नवजोत सिंह सिद्धू सहित कई दिग्गज कांग्रेस नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। पिछले चुनाव में 77 सीटें जीतने वाली कांग्रेस इस बार बमुश्किल 18 सीटें ही जीत पाई है।
इसमें 4 नेता ऐसे रहे जो आप की लहर में भी मतदाताओं के विश्वास पर खरे उतरे और उन्होंने जीत की हैट्रिक लगाने में सफलता पाई। इन नेताओं ने दिखा दिया कि यदि लोगों का विश्वास जीता जाए तो कठिन परिस्थितियों में भी जीत प्राप्त की जा सकती है।
1. सुखजिंदर सिंह रंधावा, डेरा बाबा नानक
चन्नी सरकार मे उप-मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा भी उन नेताओं में शामिल हैं, जो आप की लहर में भी अपना किला बचाने में सफल रहे। हालांकि उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के रविकरण सिंह काहलों को मामूली अंतर से ही हराया। रंधावा को 52555 मत मिले। काहलों को 52089 मतों से संतोष करना पड़ा। आप के गुरदीप सिंह 31742 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
2. परगट सिंह, जालंधर कैंट
चन्नी सरकार में शिक्षा एवं खेल मंत्री परगट सिंह ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद अंत में अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ कर तीसरी बार जीत हासिल की। उनकी जीत में उन 12 गांवों के मतदाताओं की बड़ी भूमिका रही, जिन्हें परगट ने विधायक रहते हुए जालंधर नगर निगम में शामिल करवाया था। परगट ने निकटतम विरोधी आप के ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढी को साढ़े चार हजार से ज्यादा मतों से हराया। परगट को 40816 और सुरिंदर सोढी को 35008 मत मिले।
2. अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, गिद्दड़बाहा
चन्नी सरकार में परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी गिद्दड़बाहा से तीसरी बार जीतने में सफल रहे। हालांकि उनकी जीत का अंतर मामूली रहा। उन्हें 50998 मत मिले, जबकि अकाली दल बादल के हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों को 49649 मत मिले। आप के नेता प्रितपाल शर्मा 38881 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे।
3. अरुणा चौधरी, दीनानगर विधानसभा क्षेत्र
चन्नी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं कांग्रेस नेत्री अरुणा चौधरी भी दीनानगर से तीसरी बार जीने में सफल रही हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के शमशेर गिल को मामूली अंतर से हराया। अरुणा चौधरी को 51133 मत मिले जबकि शमशेर सिंह को 50002 मत मिले।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।