Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab Weather Update: पंजाब में शीत लहर से ठिठुरन बढ़ी, कोल्ड वेव को लेकर मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

    Updated: Wed, 01 Jan 2025 10:12 AM (IST)

    पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में शीत लहर चल रही है। पंजाब के जालंधर समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही शीत लहर का कहर जारी है। सुबह के समय हल्का कोहरा भी नजर आया। दिन में हल्की धूप निकली लेकिन शीत लहर के कारण धूप का असर नहीं दिखा। मौसम विभाग ने नए साल पर शीत लहर की चेतावनी जारी की है।

    Hero Image
    पंजाब में शीत लहर का प्रकोप जारी है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, जालंधर। पहाड़ों में हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में शीत लहर चल रही है। जालंधर समेत पंजाब के कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही शीत लहर चली।

    सुबह के समय हल्का कोहरा भी नजर आया। दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन शीत लहर के कारण इसका असर नहीं दिखा। यही कारण है कि लोग दिनभर शीत लहर से कांपते दिखे।

    मौसम विभाग ने जारी किया शीत लहर का अलर्ट

    इस दौरान जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते दिखे। शहर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में महज 3.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया है, जिस वजह से पूरा दिन ठिठुरन रही।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह भी पढ़ें- कश्मीर में चिल्ले कलां का प्रकोप जारी, घाटी में कड़ाके की ठंड से ठिठुरन बढ़ी; गुलमर्ग का तापमान पहुंचा -11.5 डिग्री

    जैसे-जैसे दिन ढलता गया, सर्द हवाओं की वजह से ठंडक भी बढ़ती गई। बीते वर्ष 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 10.1 और अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग की तरफ से बुधवार और वीरवार को भी धुंध के साथ-साथ शीत लहर चलने संबंधी अलर्ट जारी किया है। वहीं दिन निकलने के बाद मौसम साफ होने की भी संभावनाएं हैं।

    अलाव जलाकर बैठे लोग।

    वर्षा के बाद धुंद ने दी दस्तक

    वहीं, होशियारपुर में शुष्क सर्दी के बाद हुई वर्षा ने चाहे लोगों को राहत दी है, लेकिन तापमान का पारा नीचे गिरने से ठिठुरन बढ़ गई है। लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हैं। कड़ाके की ठंड ने दुकानदारों ने चेहरे खिला दिए हैं। वर्षा के बाद पिछले चार दिनों से सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी चार से पांच दिन और सूर्य देव दर्शन नहीं देंगे।

    मंगलवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री व न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, वर्षा के बाद एक बार फिर धुंध ने दस्तक दे दी है। इससे पहले सर्दी की शुरुआत में दो-तीन दिन धुंध देखने को मिली थी। इसके कारण सुबह विजिबिलिटी मात्र 50 मीटर से 70 मीटर तक रह रही है। सड़कों पर वाहन रेंगते दिख रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिन में वर्षा के आसार हैं।

    फसलों व सब्जियों के लिए लाभदायक

    चाहे सर्दी से लोग परेशान हैं, लेकिन दूसरी तरफ यह फसलों व सब्जियों के लिए काफी लाभदायक है। कृषि विशेषज्ञ जिला कृषि अधिकारी दपिंदर सिंह ने बताया कि अब सिंचाई की जरूरत कम है। फसल की देखभाल पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है।

    चूंकि वर्षा के कारण खेतों में आई नमी फसलों के लिए खाद का काम करेगी। यह मौसम खास तौर पर गेहूं की फसल के लिए लाभदायक है, क्योंकि जितनी ठंड रहेगी गेहूं की फसल उतनी ही अच्छी तरह से पलेगी और झाड़ काफी अच्छा होगा।

    यह भी पढ़ें- हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बीच नए साल का आगाज, 13 जिलों में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी; नारनौल सबसे ठंडा