Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बीच नए साल का आगाज, 13 जिलों में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी; नारनौल सबसे ठंडा

    Updated: Wed, 01 Jan 2025 08:12 AM (IST)

    हरियाणा में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में कोल्ड डे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यानी अब रात के साथ दिन भी ठंड की चपेट में होंगे। बर्फीली हवा से तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। रात के तापमान में और भी ज्यादा गिरावट देखी जा सकती है। इस बार नए साल पर धुंध नहीं होगी।

    Hero Image
    मौसम विभाग ने हरियाणा के 13 जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है।

    जागरण संवाददाता, पानीपत। नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के बीच होगी। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में कोल्ड डे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यानी अब रात के साथ दिन भी ठंड की चपेट में होंगे। बर्फीली हवा से तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रात के तापमान में और भी ज्यादा गिरावट देखी जा सकती है। अच्छी बात यह है कि इस बार नए साल पर धुंध नहीं होगी। कुछ क्षेत्र में बदलाव जरूर देखने को मिल सकती है।

    नारनौल में रही प्रदेश की सबसे ठंडी रात

    बीती रात प्रदेश में सबसे ठंडी रात नारनौल जिले में रही। यहां पर न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, हिसार, भिवानी व सिरसा में भी तापमान सामान्य व उससे नीचे बना हुआ है।

    लेकिन करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, जींद और कैथल में रात का तापमान अब भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में रात का तापमान भी सामान्य से नीचे आ सकता है।

    यह भी पढ़ें- हिमाचल में चटक धूप ने किया नए साल का स्वागत, स्नोफॉल की उम्मीद नहीं; 24 घंटे साफ रहेगा मौसम

    इन जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट

    मौसम विभाग ने कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात व पलवल में अगले 24 घंटे के लिए कोल्ड डे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

    किसे कहते हैं कोल्ड डे?

    जब न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस से कम हो और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.4 डिग्री सेल्सियस कम हो, तब ठंडा दिन यानी कोल्ड डे होता है। वहीं, गंभीर ठंडा दिन या शीत दिवस तब माना जाता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री नीचे होता है।

    आज प्रदेश के कई हिस्सों में दिन का अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री से कम होने की संभावना है। वहीं, न्यूनतम तापमान पहले ही 10.0 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा चुका है।

    शुष्क पश्चिमी हवाएं पहाड़ों से होकर मैदानों में उतरी

    बीते कुछ दिनों से ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं पहाड़ों से होकर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में उतर आई हैं, जिससे हरियाणा, दिल्ली और एनसीआर प्रभावित हुआ है। वहीं, एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर पहुंच चुका है। अगले दो दिनों में मौसम की गतिविधियों का दायरा बढ़ेगा।

    इसके तुरंत बाद चार से छह जनवरी 2025 के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इस मौसमी प्रणाली से उत्तरी मैदानी क्षेत्रों में भी हल्की गतिविधियां देखी जा सकती हैं।

    पश्चिमी विक्षोभ गुजरने के बाद फिर बढ़ेगा न्यूनतम तापमान

    मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान बढ़ने के आसार हैं। यहां तक कि दिन का तापमान भी बढ़ सकता है।

    वहीं, इन दोनों पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से मैदानी इलाकों में सप्ताहांत के आसपास मौसम गतिविधियों, वर्षा, धुंध व ठंडी हवा के रूप में देखने को मिल सकते हैं। 5 व 6 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा दर्ज की जा सकती है।

    यह भी पढ़ें- Delhi Weather: दिल्ली-NCR में नए साल के पहले दिन कैसा रहेगा मौसम? पड़ेगी कड़ाके की ठंड या मिलेगी राहत, यहां जानिए