Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab Mausam: पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट; AQI में भी सुधार

    पंजाब के जालंधर में शुक्रवार देर शाम हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद से शनिवार को बादल छाए रहे। सुबह 11 बजे के करीब फिर से बूंदाबांदी हुई। दो घंटे तक रुक-रुक कर होती रही वर्षा की वजह से मौसम जहां सुहावना हुआ वहीं हवाएं चलने से एक बार फिर से ठंडक बढ़ गई। काफी लोगों को फिर से गर्म कपड़े पहने देखा गया। AQI में भी सुधार देखा गया है।

    By Ankit Sharma Edited By: Suprabha Saxena Updated: Sun, 16 Mar 2025 08:19 AM (IST)
    Hero Image
    पंजाब में बूंदाबांदी के बाद मौसम में सुधार हुआ

    जागरण संवाददाता, जालंधर। शहर में शुक्रवार देर शाम हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद से शनिवार को अलसुबह से बादल छाए रहे। सुबह 11 बजे के करीब बूंदाबांदी भी हुई।

    दो घंटे तक रुक-रुक कर होती रही वर्षा की वजह से मौसम जहां सुहावना हुआ, वहीं हवाएं चलने से एक बार फिर से ठंडक बढ़ गई। इस कारण काफी लोगों को फिर से गर्म कपड़े पहने देखा गया।

    देर शाम तक आसमान में बादल छाए रहे और ठंडक भी बरकरार रही। शनिवार को अधिकतम तापमान में 6.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से तापमान 21.8 और न्यूनतम में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से 14.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। पूर्वानुमान सही साबित हुआ तो थंडर शावर व वर्षा होने की वजह से तापमान में और गिरावट आ सकती है।

    हवा की गुणवत्ता सुधरी, छह दिनों में सबसे साफ

    वहीं बूंदाबांदी से हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। शुक्रवार को शाम छह बजे के बाद से शनिवार रात आठ बजे तक एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) में भी सुधार देखा गया। 26 घंटों में शुद्ध हवा चलती रही। इस कारण अधिकतम 44, न्यूनतम 11 और औसत 25 एक्यूआइ दर्ज किया गया। 10 मार्च से अब तक यह सबसे साफ हवा रही है।

    गेहूं के लिए वर्षा फायदेमंद, तेज हवाएं नुकसानदायक

    वर्षा से तापमान में गिरावट गेहूं के लिए फायदेमंद है। इससे किसानों के चेहरे पर रौनक आ गई है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को पानी फायदेमंद साबित होगा। कृषि विभाग के मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. ठाकुर रणधीर ने कहा कि गेहूं ठंड की फसल है। वर्षा की इस समय जरूरत है।

    इससे धरती से निकलने वाले पानी की बचत होगी। वहीं गेहूं के लिए टानिक का काम करेगी। सिटा मजबूत होगा और दाना मोटा होगा। इससे गेहूं का झाड़ और गुणवत्ता बढ़ेगी। इसका सीधा फायदा किसानों को होगा। हालांकि अगर तेज हवाएं चलती हैं और अधिक वर्षा हुई तो फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। वही सब्जियों के लिए अभी बूंदाबांदी फायदेमंद साबित होगी।

    यह भी पढ़ें- गजब: बाइक खड़ी थी जलालाबाद में, दो बार चालान कट गया चंडीगढ़ में; बेहद चौंकाने वाला मामला

    मौसम में बदलाव से बुजुर्गों और बच्चों को एहतियात बरतने की जरूरत

    मौसम निरंतर बदल रहा है और तापमान में उतार-चढ़ाव बच्चों के साथ-साथ बुजुर्गों को नुकसान पहुंचा सकता है। ग्लोबल अस्पताल के डायरेक्टर डा. धीरज भाटिया का कहना है कि मौसम में ठंडक और बर्फीली हवाएं स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती हैं। नजला जुकाम और छाती रोग हो सकते हैं। अभी बच्चों और बुजुर्गों को हल्के गर्म कपड़े पहने रखने की जरूरत है।

    अमृतसर होली स्पेशल समेत कई रेल गाड़ियां रहीं लेट

    रेल गाड़ियों की लेटलतीफी की वजह से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी, क्योंकि अमृतसर होली स्पेशल (04601) सवा पांच घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस (15707) साढ़े चार घंटे, हीराकुंड सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20807) साढ़े तीन घंटे, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) तीन घंटे, जम्मूतवी एक्सप्रेस (18309), मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12919) डेढ़ घंटा, शालीमार मलानी एक्सप्रेस (14661) सवा एक घंटा, लुधियाना छेहर्टा एमईएमयू (64551), अंडमान एक्सप्रेस (16031), अमृतसर फेस्टीवल स्पेशल (05049) पौना घंटा, अमृतसर एक्सप्रेस (11057), सरयु यमना एक्सप्रेस (14649), अंबाला कैंट-जालंधर सिटी (74645), जम्मू मेल (20433) आधा घंटा देरी से पहुंची। इससे यात्रियों को स्टेशन पर रेल गाड़ियों का इंतजार करना पड़ा।

    एक्यूआइ की स्थिति

    अधिकतम - 44

    न्यूनतम - 11

    औसत - 25

    10 से 15 मार्च तक का एक्यूआइ

    15 मार्च- 44

    13 मार्च- 73

    12 मार्च - 90

    11 मार्च - 121

    10 मार्च - 101

    यह भी पढ़ें- पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी, बिहार से बब्बर खालसा के तीन आतंकी गिरफ्तार; नेपाल भागने की फिराक में थे