Dengue Cases in Jalandhar: डेंगू का डंक नहीं पड़ रहा ठंडा, 13 नए मरीज आए सामने; 359 तक पहुंचा आंकड़ा
Dengue Cases in Jalandhar सर्दियाें की दस्तक के साथ ही जालंधर में बीमारियाें का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है। इस दौरान सबसे ज्यादा प्रकाेप डेंगू बुखार का ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, जालंधर। शहर में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सेहत विभाग और नगर निगम के तमाम प्रयासों के बावजूद डेंगू का डंक ठंडा नहीं पड़ रहा है। वहीं डेंगू का लार्वा मिलने के बावजूद नगर निगम चालान करने से कन्नी कतरा रहा है। टीमें अब डेंगू के खात्मे के लिए तापमान में गिरावट का इंतजार करने लगी है।
देहात इलाके से दो घरों में मिला डेंगू का लार्वा
सेहत विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को सिविल अस्पताल की लैब में डेंगू के 36 संदिग्ध मरीजों के सैंपलों की जांच की गई। इस दौरान 13 लोगों को डेंगू होने की पुष्टि हुई है। इनमें आठ जिले से संबंधित हैं। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या 359 तक पहुंच गई है। इनमें 212 शहरी और 147 देहात इलाके से संबंधित है। विभाग की टीमों ने 11197 घरों में दस्तक दी और केवल देहात इलाके से दो घरों में डेंगू का लार्वा मिला।
11 लोगों को प्री चालान नोटिस जारी
जिले में डेंगू का लार्वा मिलने के मामले 1883 तक पहुंच चुके हैं। वहीं वीरवार को नगर निगम की तरफ से कोई भी चालान नहीं काटा गया है। जिले में अब तक निगम ने 27 लोगों के चालान किए हैं। इसके अलावा 11 लोगों को प्री चालान नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं दूसरी तरफ फागिंग न होने से लोग परेशान हैं।
तापमान में गिरावट आने से मिलेगी राहत
सिविल सर्जन डा. रमन शर्मा ने बताया कि जिले में हाई रिस्क इलाकों में निगम की टीमों के साथ संयुक्त मुहिम चलाई जा रही है। लोगों को जागरूक करने के अलावा फागिंग भी करवाई जा रही है। मरीजों व उनके आसपास घरों में सर्वे कर कीटनाशक दवा का छिड़काव करवाया जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आने से राहत मिलने की संभावना है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।